Thursday, September 10, 2026
Homeअन्य राज्यउज्जैन में ‘खड़े हनुमान’ के दर्शन को उमड़ा सैलाब,4 दिन में 8...

उज्जैन में ‘खड़े हनुमान’ के दर्शन को उमड़ा सैलाब,4 दिन में 8 हजार श्रद्धालु पहुंचे; रील्स वायरल होने से बढ़ी भीड़

Anmol Sandesh News Desk, उज्जैन।

उज्जैन के सती गेट के पास स्थित खड़े हनुमान मंदिर इन दिनों श्रद्धालुओं के साथ-साथ सोशल मीडिया पर भी चर्चा का केंद्र बना हुआ है। प्रतिमा को हटाने और स्थानांतरित किए जाने से जुड़े वीडियो व रील्स वायरल होने के बाद यहां भक्तों की भीड़ लगातार बढ़ रही है। पिछले चार दिनों में करीब 8 हजार श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंच चुके हैं। मध्य प्रदेश के अलावा गुजरात, महाराष्ट्र और राजस्थान से भी लोग उज्जैन पहुंच रहे हैं। मंदिर के आसपास करीब एक सप्ताह से निर्माण हटाने की कार्रवाई चल रही है और क्षेत्र के बड़े हिस्से को तोड़ा जा चुका है। फिलहाल हनुमानजी की प्रतिमा टेंट में विराजमान है। बढ़ती भीड़ को देखते हुए मंदिर के आसपास बैरिकेडिंग की गई है और पुलिस बल तैनात किया गया है।

सोशल मीडिया की रील्स बनीं श्रद्धालुओं के पहुंचने की वजह

खड़े हनुमान मंदिर से जुड़े वीडियो और प्रतिमा को लेकर चल रही चर्चाओं ने सोशल मीडिया पर तेजी से लोगों का ध्यान खींचा है। नासिक से आए अनिल ने बताया कि उन्होंने इंस्टाग्राम पर मंदिर की रील देखी थी। इसके बाद दर्शन के लिए उज्जैन आने का फैसला किया। नागपुर के महेश टिचकुले ने बताया कि वे दो दिन से सोशल मीडिया और न्यूज चैनलों पर खड़े हनुमान से जुड़ी खबरें देख रहे थे। इसी के बाद उन्होंने उज्जैन आने का निर्णय लिया। अजमेर के सुशील खंडेलवाल महाकाल दर्शन के लिए आए थे, लेकिन सोशल मीडिया पर मंदिर की जानकारी मिलने के बाद वे यहां भी दर्शन करने पहुंच गए।

IIT इंदौर की टीम फिर करेगी तकनीकी जांच

प्रतिमा को लेकर चल रही चर्चाओं के बीच IIT इंदौर की टीम सोमवार को मंदिर पहुंची थी और मौके की जांच की थी। अब टीम गुरुवार को दोबारा मंदिर पहुंचकर स्थिति का परीक्षण करेगी। प्रशासन की ओर से प्रतिमा की सुरक्षा और तकनीकी स्थिति को लेकर सावधानी बरती जा रही है।

प्रशासन ने कहा- प्रतिमा हटाने का कोई प्रयास नहीं हुआ

सोशल मीडिया पर प्रतिमा को हटाने के कथित प्रयासों की खबरें सामने आने के बाद जिला प्रशासन ने बुधवार को प्रेस नोट जारी किया। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि अब तक हनुमानजी की प्रतिमा को हटाने या विस्थापित करने का एक भी प्रयास नहीं किया गया है। प्रशासन ने कहा कि यह विषय श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़ा है। प्रतिमा की सुरक्षा, श्रद्धालुओं की भावनाओं और उज्जैन की धार्मिक-सांस्कृतिक विरासत को प्राथमिकता दी जा रही है। प्रशासन ने सोशल मीडिया पर प्रतिमा को हटाने के कई प्रयास किए जाने संबंधी दावों को भ्रामक बताया है।

भक्तों का दावा- हमारे पास मौजूद हैं वीडियो

प्रशासन के बयान के बाद कुछ भक्तों ने आपत्ति जताई है। मंदिर से जुड़े शैलू यादव का कहना है कि प्रतिमा को हटाने के प्रयास से संबंधित वीडियो उनके पास हैं और जरूरत पड़ने पर वे अधिकारियों को उपलब्ध करा सकते हैं। उनका दावा है कि नगर निगम अधिकारी हिमांशु तिवारी की मौजूदगी में गड्ढा खोदा गया था। इसके बाद पुरातत्व विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची और रात में कटर मशीन लाए जाने की बात भी उन्होंने कही। हालांकि इन दावों पर प्रशासन की ओर से जारी बयान में प्रतिमा हटाने के किसी प्रयास से इनकार किया गया है।

संतों और कांग्रेस नेताओं ने किया हनुमान चालीसा का पाठ

बुधवार को कई संत भी मंदिर पहुंचे। कांग्रेस विधायक महेश परमार और विधायक दिनेश जैन बोस सहित कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने मंदिर में पहुंचकर हनुमान चालीसा का पाठ किया। नेताओं और श्रद्धालुओं ने प्रतिमा को लेकर चल रही कार्रवाई का विरोध जताया।

दिशा बदलने को लेकर भी श्रद्धालुओं में चिंता

श्रद्धालुओं के बीच प्रतिमा की दिशा को लेकर भी चर्चा है। वर्तमान में खड़े हनुमानजी की प्रतिमा का मुख दक्षिण दिशा की ओर बताया जा रहा है। प्रशासन की ओर से टंकी चौराहे पर मंदिर के लिए स्थान तय किए जाने की बात सामने आई है। श्रद्धालुओं का कहना है कि नए स्थान पर प्रतिमा स्थापित होने पर उनका मुख उत्तर दिशा की ओर हो सकता है। इसी को लेकर भक्तों का मानना है कि प्रतिमा का स्थान और दिशा बदलना धार्मिक मान्यताओं से जुड़ा विषय है। प्रतिमा को स्थानांतरित करने की कथित कोशिशों के सफल नहीं होने को कई श्रद्धालु भगवान की इच्छा से जोड़ रहे हैं और मौजूदा स्थान पर ही मंदिर बनाए रखने की मांग कर रहे हैं।

 

Kanchan Sharma
Kanchan Sharma
कंचन शर्मा वर्तमान में दैनिक समाचार पत्र "अनमोल संदेश" में कार्यरत। इलेक्ट्रॉनिक मीडिया,प्रिंट, न्यूज एजेंसी और डिजिटल पत्रकारिता में उनका लंबा अनुभव है, जिसमें उन्होंने रिपोर्टर और डेस्क पर विभिन्न भूमिकाओं में काम किया है।
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular