Wednesday, August 12, 2026
Homeटॉप न्यूज़इंदौर का अद्वैत ट्रेकिंग के दौरान लापता, पहाड़ी पर मिला मोबाइल और...

इंदौर का अद्वैत ट्रेकिंग के दौरान लापता, पहाड़ी पर मिला मोबाइल और ड्रोन, सर्च ऑपरेशन जारी !

Anmol Sandesh News Desk, इंदौर/बेंगलुरु

बेंगलुरु की शिवगंगे पहाड़ियों में ट्रेकिंग के लिए निकले इंदौर के 32 वर्षीय टेक्नोलॉजी प्रोफेशनल अद्वैत उपाध्याय का कई दिनों बाद भी कोई सुराग नहीं मिल पाया है। अद्वैत के लापता होने के बाद पुलिस, SDRF और फायर एंड इमरजेंसी सर्विस की टीमें लगातार पहाड़ी इलाके में सर्च ऑपरेशन चला रही हैं।सबसे अहम सुराग के तौर पर पुलिस को शांतला ड्राप इलाके में अद्वैत का मोबाइल फोन और ड्रोन कैमरा मिला है। मोबाइल कुछ समय के लिए चालू हुआ और फिर बंद हो गया। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि मोबाइल वहां कैसे पहुंचा और अद्वैत आखिरी बार किस जगह पर थे।

पहाड़ी पर मिला मोबाइल और ड्रोन 

अद्वैत बेंगलुरु के मैत्री लेआउट, कडुगोडी में रहते थे। शुक्रवार को वह ट्रेकिंग के लिए शिवगंगे पहाड़ियों की तरफ निकले थे। इसके बाद उनका मोबाइल बंद हो गया और उनसे संपर्क नहीं हो सका।अद्वैत की मंगेतर प्राप्ति चौहान ने कडुगोडी थाने में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई।पुलिस को शांतला ड्राप के पास उनका मोबाइल और ड्रोन मिला। यही वजह है कि सर्च ऑपरेशन अब पहाड़ी के इसी इलाके के आसपास केंद्रित किया गया है।

लैपटॉप की सर्च हिस्ट्री ने बढ़ाई पुलिस की चिंता

जांच के दौरान पुलिस को अद्वैत के घर से मिले लैपटॉप की सर्च हिस्ट्री में कुछ ऐसी चीजें मिलीं, जिनसे जांच का एंगल बदल गया।पुलिस के मुताबिक, लैपटॉप में शिवगंगे की ऊंचाई, शांतला ड्राप तक पहुंचने का रास्ता और पहाड़ी से गिरने के बाद व्यक्ति कितनी देर तक जीवित रह सकता है जैसी चीजें सर्च की गई थीं।इन सर्च के आधार पर पुलिस आत्महत्या के एंगल को भी जांच में शामिल कर रही है। हालांकि, अभी तक इसे लेकर कोई अंतिम निष्कर्ष सामने नहीं आया है।

शादी की तैयारी के बीच लापता हुआ अद्वैत

जांच में अद्वैत की निजी जिंदगी से जुड़े पहलुओं को भी खंगाला जा रहा है। पुलिस ने उनके कॉल डिटेल रिकॉर्ड और संपर्कों की जांच शुरू की है।रिपोर्ट के मुताबिक, अद्वैत की सगाई हो चुकी थी और परिवार शादी की तैयारियों में जुटा था। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि क्या निजी जिंदगी या शादी से जुड़ा कोई तनाव उनके लापता होने से संबंधित था।हालांकि, इन पहलुओं की जांच अभी जारी है और किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी।

साइबर सिक्योरिटी और पैसों से जुड़े एंगल की भी जांच

टेक्नोलॉजी क्षेत्र में काम करने वाले अद्वैत की हैकिंग और साइबर सिक्योरिटी से जुड़ी गतिविधियों की भी जांच की जा रही है।इसके अलावा पुलिस उनके बैंक ट्रांजेक्शन, ट्रेडिंग और अन्य वित्तीय गतिविधियों की जानकारी भी खंगाल रही है, ताकि लापता होने की पूरी वजह का पता लगाया जा सके।

SDRF और ड्रोन से पहाड़ी पर सर्च

अद्वैत की तलाश में कडुगोडी और नेलमंगला पुलिस के साथ SDRF और फायर एंड इमरजेंसी सर्विस की टीमें जुटी हुई हैं।शिवगंगे की दुर्गम पहाड़ियों और शांतला ड्राप के खतरनाक हिस्सों को ड्रोन की मदद से स्कैन किया जा रहा है। पुलिस को एक अन्य पर्यटक द्वारा खींची गई अद्वैत की फोटो भी मिली है, जिसे जांच में अहम सुराग माना जा रहा है।

सबसे बड़ा सवाल—आखिर अद्वैत कहां हैं ?

मोबाइल और ड्रोन का पहाड़ी इलाके में मिलना, लैपटॉप की संदिग्ध सर्च हिस्ट्री और आखिरी लोकेशन जैसे सुरागों ने मामले को बेहद गंभीर बना दिया है।फिलहाल पुलिस हर संभावित एंगल—दुर्घटना, आत्महत्या या किसी अन्य परिस्थिति—से जांच कर रही है। अद्वैत की तलाश के लिए सर्च ऑपरेशन लगातार जारी है।परिवार और करीबियों को अब भी उनके सुरक्षित मिलने की उम्मीद है। 

 

Kanchan Sharma
Kanchan Sharma
कंचन शर्मा वर्तमान में दैनिक समाचार पत्र "अनमोल संदेश" में कार्यरत। इलेक्ट्रॉनिक मीडिया,प्रिंट, न्यूज एजेंसी और डिजिटल पत्रकारिता में उनका लंबा अनुभव है, जिसमें उन्होंने रिपोर्टर और डेस्क पर विभिन्न भूमिकाओं में काम किया है।
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular