Anmol Sandesh News Desk,आरा/भोजपुर
बिहार के चर्चित भरत तिवारी कथित एनकाउंटर मामले में एक बार फिर बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। भरत तिवारी की मां आशा देवी ने भोजपुर के पुलिस अधीक्षक (SP) पर गंभीर आरोप लगाते हुए दावा किया है कि उन्होंने घर आकर परिवार को मीडिया से बात न करने की धमकी दी। हालांकि, भोजपुर पुलिस अधीक्षक ने इन सभी आरोपों को पूरी तरह बेबुनियाद बताते हुए खारिज कर दिया है।

मां का आरोप- “मामला यहीं खत्म कर दीजिए”
आशा देवी ने मीडिया से बातचीत में दावा किया कि घटना के करीब 8 दिन बाद भोजपुर के एसपी उनके घर पहुंचे थे। उनके मुताबिक, उस समय एसपी के साथ कोई महिला पुलिसकर्मी नहीं थी।
आशा देवी का आरोप है कि एसपी ने परिवार से कहा—
- इस मामले को यहीं खत्म कर दीजिए।
- मीडिया में ज्यादा बयानबाजी मत कीजिए।
- अगर ऐसा नहीं किया तो “भरत जैसा हाल कर देंगे।”
छोटे बेटे को भी दी धमकी, मां का दावा
आशा देवी ने यह भी आरोप लगाया कि एसपी ने उनके छोटे बेटे को अलग ले जाकर कहा कि भरत अपराधी था, इसलिए उसका एनकाउंटर हुआ। यदि वह भी इसी तरह बोलता रहा तो उसका भी भरत जैसा हाल किया जाएगा।उन्होंने राज्य सरकार से मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की है। परिवार का कहना है कि यदि न्याय नहीं मिला तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
SP ने आरोपों को बताया पूरी तरह बेबुनियाद
भोजपुर के पुलिस अधीक्षक ने आशा देवी के आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि—
- सभी आरोप निराधार और बेबुनियाद हैं।
- मामले की न्यायिक जांच चल रही है।
- पुलिस जांच में पूरा सहयोग कर रही है ताकि तथ्यों के आधार पर निष्पक्ष निष्कर्ष सामने आ सके।
एनकाउंटर में शामिल पुलिसकर्मियों पर दर्ज हुई FIR
इस मामले में पहले ही जगदीशपुर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (SDPO), शाहपुर थाना प्रभारी सहित कथित एनकाउंटर में शामिल अन्य पुलिसकर्मियों के खिलाफ शाहपुर थाने में एफआईआर दर्ज की जा चुकी है।अब भरत तिवारी की मां के नए आरोपों के बाद मामला एक बार फिर चर्चा में आ गया है और जांच पर सभी की नजरें टिकी हैं।
