Anmol Sandesh News Desk, भोपाल
Ram Raja Nagari Orchha: बुंदेलखंड की ऐतिहासिक और धार्मिक नगरी ओरछा में आज से भारतीय जनता पार्टी मध्यप्रदेश की दो दिवसीय प्रदेश कार्यसमिति बैठक शुरू होने जा रही है। रामराजा सरकार की पावन नगरी में आयोजित इस बैठक में पार्टी के राष्ट्रीय और प्रदेश नेतृत्व के साथ वरिष्ठ पदाधिकारी, कार्यसमिति सदस्य, जिला अध्यक्ष और संगठन से जुड़े प्रमुख नेता शामिल होंगे। बैठक का आयोजन होटल राजमहल/राज विलास में किया जा रहा है। इस दौरान संगठन को और मजबूत बनाने, बूथ स्तर पर पार्टी की पकड़ बढ़ाने और आगामी राजनीतिक कार्यक्रमों की रणनीति तैयार करने समेत कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा होगी।
संगठन की मजबूती से लेकर बूथ सशक्तिकरण तक मंथन
प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में पार्टी के संगठनात्मक ढांचे को मजबूत करने पर विशेष जोर रहेगा। इसमें बूथ सशक्तिकरण, संगठन विस्तार, कार्यकर्ता प्रशिक्षण और आगामी कार्यक्रमों की तैयारियों पर विस्तृत चर्चा होगी। इसके अलावा प्रदेश में पार्टी के मौजूदा राजनीतिक परिदृश्य और भविष्य की रणनीति को लेकर भी वरिष्ठ नेताओं के बीच मंथन होगा। पार्टी कार्यकर्ताओं को संगठन के जमीनी नेटवर्क को और प्रभावी बनाने की दिशा में मार्गदर्शन दिए जाने की संभावना है।
‘समरसता का संकल्प’ और ‘विकसित भारत 2047’ पर भी चर्चा
बैठक में ‘समरसता का संकल्प’ और ‘विकसित भारत 2047’ जैसे महत्वपूर्ण विषय भी एजेंडे में शामिल हैं। इन विषयों के जरिए सामाजिक समरसता, राष्ट्र निर्माण और दीर्घकालिक विकास के विजन पर पार्टी का फोकस सामने आएगा।बैठक में राजनीतिक प्रस्ताव भी रखा जाएगा, जिस पर कार्यसमिति के सदस्यों के बीच चर्चा होगी।
ऐसा रहेगा कार्यक्रम
कार्यक्रम की शुरुआत सुबह करीब 9 बजे अल्पाहार और रजिस्ट्रेशन से होगी। इसके बाद ध्वजारोहण और प्रदर्शनी का उद्घाटन किया जाएगा। पार्टी कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ का श्रवण भी करेंगे। इसके बाद सुबह 11:30 बजे उद्घाटन सत्र आयोजित होगा। उद्घाटन सत्र के बाद राजनीतिक प्रस्ताव और संगठनात्मक विषयों पर चर्चा का सिलसिला चलेगा। शाम को सांस्कृतिक कार्यक्रम के साथ श्री रामराजा मंदिर के दर्शन का कार्यक्रम भी निर्धारित है। धार्मिक नगरी ओरछा में होने वाली यह बैठक पार्टी के लिए संगठनात्मक और राजनीतिक दोनों लिहाज से महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
बैठक में BJP के कई दिग्गज नेता होंगे शामिल
प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में पार्टी के राष्ट्रीय और प्रदेश स्तर के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहेंगे। इनमें राष्ट्रीय सह-संगठन महामंत्री शिवप्रकाश, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक हेमंत खंडेलवाल, प्रदेश प्रभारी डॉ. महेंद्र सिंह और क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल प्रमुख रूप से शामिल हैं। इसके अलावा केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान, केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, केंद्रीय कार्यालय प्रभारी एवं सांसद तरुण चुघ, उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा और राजेंद्र शुक्ला समेत कई वरिष्ठ नेता बैठक में शामिल होंगे। बैठक में राष्ट्रीय उपाध्यक्ष लालसिंह आर्य, राष्ट्रीय महासचिव एवं सांसद गजेंद्र पटेल, केंद्रीय मंत्री वीरेंद्र कुमार, दुर्गादास उईके, सावित्री ठाकुर, राष्ट्रीय प्रकोष्ठ संयोजक एवं सांसद विष्णुदत्त शर्मा और राष्ट्रीय मंत्री एवं सांसद कविता पाटीदार सहित अन्य प्रमुख पदाधिकारी भी मौजूद रहेंगे। इसके साथ ही प्रदेश सरकार के मंत्री, प्रदेश पदाधिकारी, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य, जिला अध्यक्ष, जिला प्रभारी, संभाग प्रभारी और विभिन्न मोर्चों के अध्यक्ष भी बैठक में भाग लेंगे।
BJP के लिए क्यों अहम है ओरछा की बैठक?
ओरछा में हो रही यह बैठक केवल संगठनात्मक समीक्षा तक सीमित नहीं रहेगी। इसमें आने वाले कार्यक्रमों, संगठन के विस्तार, बूथ स्तर की मजबूती और पार्टी की राजनीतिक रणनीति पर भी चर्चा होगी। रामराजा सरकार की नगरी में होने वाली बैठक में पार्टी नेतृत्व कार्यकर्ताओं को आगामी चुनौतियों के लिए तैयार करने और संगठन को जमीनी स्तर पर और मजबूत करने का रोडमैप तैयार कर सकता है।
