Anmol Sandesh News Desk, भोपाल
मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल 5 से 8 अगस्त तक BRICS Cultural Summit 2026 की मेजबानी करने जा रही है। चार दिवसीय इस अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में BRICS देशों के साथ कई आमंत्रित देशों के संस्कृति मंत्री, वरिष्ठ अधिकारी, राजनयिक और कलाकार शामिल होंगे। इस आयोजन को लेकर पूरे शहर को Global Investors Summit (GIS) की तर्ज पर भव्य रूप से सजाया जा रहा है।

शहर को मिला नया रंग-रूप
विदेशी मेहमानों के स्वागत के लिए VIP रोड, भोज सेतु, एयरपोर्ट रोड, गांधी नगर, पॉलीटेक्निक चौराहा और पं. कुशाभाऊ ठाकरे कन्वेंशन सेंटर (मिंटो हॉल) तक विशेष रंगरोगन और सौंदर्यीकरण किया जा रहा है।भोज सेतु के दोनों ओर मध्य प्रदेश की संस्कृति, लोककला, विरासत और धार्मिक पहचान को दर्शाती आकर्षक पेंटिंग बनाई जा रही हैं, जबकि डिवाइडरों, सड़कों और प्रमुख चौराहों को भी नया स्वरूप दिया जा रहा है।
‘सर्वे भवन्तु सुखिनः‘ होगी सम्मेलन की थीम
सम्मेलन का मूल विषय ‘सर्वे भवन्तु सुखिनः’ रखा गया है, जो भारतीय सनातन संस्कृति, वैश्विक समरसता और विश्व कल्याण के संदेश को दुनिया तक पहुंचाएगा।
इन देशों के मंत्री और प्रतिनिधि होंगे शामिल
सम्मेलन में ब्राजील, इथियोपिया, इंडोनेशिया, संयुक्त अरब अमीरात (UAE), दक्षिण अफ्रीका, चीन, क्यूबा, थाईलैंड, बेलारूस सहित कई देशों के संस्कृति मंत्री, वरिष्ठ अधिकारी और राजनयिक भाग लेंगे। विभिन्न देशों के प्रतिनिधिमंडल सांस्कृतिक सहयोग और विरासत संरक्षण से जुड़े विषयों पर विचार-विमर्श करेंगे।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से सजेगी शाम
सम्मेलन के दौरान अंतरराष्ट्रीय कलाकार अपनी संस्कृति की झलक पेश करेंगे।
- मिस्र – नेशनल फोक ट्रूप
- इंडोनेशिया – पारंपरिक गायन एवं नृत्य
- रूस – नेशनल एकेडमिक फोक इंस्ट्रूमेंट ऑर्केस्ट्रा एवं लोक संगीत
- दक्षिण अफ्रीका – जमाली ग्रुप की प्रस्तुति
- ब्राजील – सांस्कृतिक कार्यक्रम, मार्शल आर्ट, एक्रोबैटिक्स और संगीत
इन प्रस्तुतियों के जरिए विभिन्न देशों की सांस्कृतिक विरासत का अनूठा संगम देखने को मिलेगा।
भोपाल पर रहेंगी दुनिया की निगाहें
चार दिनों तक चलने वाला यह सम्मेलन न केवल भारत की सांस्कृतिक कूटनीति को नई मजबूती देगा, बल्कि भोपाल को वैश्विक सांस्कृतिक मानचित्र पर भी नई पहचान दिलाएगा। शहर में सुरक्षा, यातायात और आतिथ्य की विशेष तैयारियां भी की गई हैं ताकि विदेशी मेहमानों का भव्य स्वागत किया जा सके।

