Anmol Sandesh News Desk,रायपुर
छत्तीसगढ़ में दक्षिण-पश्चिम मानसून के आगमन का इंतजार जल्द खत्म हो सकता है। मौसम विभाग (IMD) के रायपुर केंद्र के अनुसार प्रदेश में मानसून की एंट्री के लिए परिस्थितियां तेजी से अनुकूल बन रही हैं। अगले दो से तीन दिनों में मानसून छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों में दस्तक दे सकता है, जबकि 11 जून से बारिश की गतिविधियों में उल्लेखनीय बढ़ोतरी होने की संभावना है।मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार आने वाले पांच दिनों तक प्रदेश के कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक, वज्रपात और तेज हवाएं चलने के आसार हैं।

11 जून से सक्रिय होगा मौसम
मौसम विभाग के अनुसार 8 से 10 जून के बीच प्रदेश के एक-दो स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और कुछ इलाकों में बिजली गिरने की संभावना है।वहीं 11 और 12 जून से मौसम और अधिक सक्रिय हो सकता है। इन दिनों प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश की तीव्रता बढ़ने के साथ 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
लोगों को सतर्क रहने की सलाह
मौसम विभाग ने खराब मौसम के दौरान लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। विशेष रूप से गरज-चमक और वज्रपात की स्थिति में खुले मैदानों, पेड़ों के नीचे और बिजली के खंभों के आसपास खड़े होने से बचने की अपील की गई है।
रायपुर में सबसे अधिक तापमान दर्ज
पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के कुछ इलाकों में हल्की बारिश दर्ज की गई। हालांकि गर्मी का असर अभी भी बना हुआ है।मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार रायपुर के माना एयरपोर्ट में अधिकतम तापमान 42.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो प्रदेश में सबसे अधिक रहा।

अंबिकापुर रहा सबसे ठंडा
वहीं प्रदेश में सबसे कम न्यूनतम तापमान अंबिकापुर में 24.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि अगले पांच दिनों में तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है, लेकिन बादलों की आवाजाही और बारिश की गतिविधियों के कारण लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है।
किसानों और आम लोगों को राहत की उम्मीद
मानसून की संभावित एंट्री और बढ़ती बारिश की गतिविधियां किसानों के लिए राहतभरी खबर मानी जा रही हैं। कृषि कार्यों की तैयारी कर रहे किसानों को बारिश का इंतजार है, जबकि आम लोगों को भी भीषण गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है।मौसम विभाग लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है और लोगों से मौसम संबंधी अपडेट पर ध्यान देने की अपील कर रहा है।
