Wednesday, July 22, 2026
Homeअन्य राज्यCM योगी ने मां पाटेश्वरी के दरबार में टेका माथा, उत्तर प्रदेश...

CM योगी ने मां पाटेश्वरी के दरबार में टेका माथा, उत्तर प्रदेश की सुख-समृद्धि के लिए की प्रार्थना, बच्चों को बांटी चॉकलेट !

Anmol Sandesh News Desk,बलरामपुर

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री एवं गोरक्षपीठाधीश्वर योगी आदित्यनाथ ने गुप्त नवरात्र के पावन अवसर पर बुधवार को बलरामपुर के तुलसीपुर स्थित मां पाटेश्वरी शक्तिपीठ में विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। उन्होंने प्रदेश की सुख-समृद्धि, शांति और जनकल्याण की कामना करते हुए मां के चरणों में शीश नवाया।

मां पाटेश्वरी के दरबार में की विशेष पूजा

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंदिर पहुंचकर पूरे विधि-विधान से पूजा-अर्चना की, मां की आरती उतारी और स्वस्थ, सुरक्षित एवं समृद्ध उत्तर प्रदेश के लिए प्रार्थना की। दर्शन के बाद उन्होंने मंदिर परिसर का निरीक्षण भी किया और श्रद्धालुओं की सुरक्षा, स्वच्छता तथा सुविधाओं को लेकर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

बच्चों से मिले, बांटी चॉकलेट

मंदिर परिसर में मौजूद बच्चों से मुख्यमंत्री ने आत्मीयता से मुलाकात की। उन्होंने बच्चों से बातचीत की और उन्हें चॉकलेट भेंट कर स्नेह जताया। मुख्यमंत्री का यह सहज और अपनापन श्रद्धालुओं के बीच चर्चा का विषय बना रहा।

गोशाला पहुंचकर की गोसेवा

गोरक्षपीठाधीश्वर के रूप में मुख्यमंत्री योगी मंदिर परिसर स्थित गोशाला भी पहुंचे। यहां उन्होंने गायों को अपने हाथों से गुड़ और हरा चारा खिलाया और गोसेवा के महत्व का संदेश दिया।

संत-महात्माओं से भी की मुलाकात

पूजा-अर्चना के बाद मुख्यमंत्री ने स्थानीय जनप्रतिनिधियों, श्रद्धालुओं और संत-महात्माओं से मुलाकात की। इस दौरान महंत मिथिलेश नाथ योगी, महंत रविंद्र दास सहित कई संत उपस्थित रहे।

विकास कार्यक्रमों के बाद पहुंचे थे बलरामपुर

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंगलवार को बहराइच और श्रावस्ती में विभिन्न विकास परियोजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास कार्यक्रमों में शामिल होने के बाद बलरामपुर पहुंचे थे। उन्होंने देवीपाटन मंदिर परिसर में रात्रि विश्राम किया और बुधवार सुबह मां पाटेश्वरी के दर्शन-पूजन के बाद गोरखपुर के लिए रवाना हो गए।गुप्त नवरात्र के अवसर पर मुख्यमंत्री का यह धार्मिक दौरा श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। मंदिर परिसर में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे और बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचे।

 

Kanchan Sharma
Kanchan Sharma
कंचन शर्मा वर्तमान में दैनिक समाचार पत्र "अनमोल संदेश" में कार्यरत। इलेक्ट्रॉनिक मीडिया,प्रिंट, न्यूज एजेंसी और डिजिटल पत्रकारिता में उनका लंबा अनुभव है, जिसमें उन्होंने रिपोर्टर और डेस्क पर विभिन्न भूमिकाओं में काम किया है।
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular