Anmol Sandesh News Desk, दतिया
दतिया विधानसभा उपचुनाव के लिए चुनाव प्रचार मंगलवार शाम 6 बजे थम गया। अब सभी की नजरें 30 जुलाई को होने वाले मतदान पर हैं। सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक जिले के 291 मतदान केंद्रों पर वोट डाले जाएंगे। इस उपचुनाव में 2.20 लाख से अधिक मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर विधायक चुनेंगे।निर्वाचन आयोग ने शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी मतदान के लिए व्यापक सुरक्षा और प्रशासनिक इंतजाम किए हैं। पूरे विधानसभा क्षेत्र को सुरक्षा के लिहाज से हाई अलर्ट पर रखा गया है।

सुरक्षा के कड़े इंतजाम
- कुल 291 मतदान केंद्रों में से 233 को क्रिटिकल और 28 को वल्नरेबल घोषित किया गया है।
- इन संवेदनशील केंद्रों पर 215 माइक्रो ऑब्जर्वर तैनात रहेंगे।
- प्रत्येक मतदान केंद्र पर कम से कम 4 CRPF जवान, मध्यप्रदेश पुलिस और SAF के जवान सुरक्षा संभालेंगे।
- सभी मतदान केंद्रों और 12 प्रमुख चेक पोस्टों पर वेबकास्टिंग और CCTV कैमरों से लाइव निगरानी होगी।
- सेक्टर अधिकारियों के वाहनों में GPS ट्रैकिंग सिस्टम लगाया गया है।
- किसी तकनीकी समस्या की स्थिति में रिजर्व EVM भी उपलब्ध रहेंगी।
320 मतदान दल संभालेंगे जिम्मेदारी
मतदान प्रक्रिया को सफल बनाने के लिए 320 मतदान दल और 1280 मतदानकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए किसी भी कर्मचारी की तैनाती उसके गृह विधानसभा क्षेत्र में नहीं की गई है।
सुबह 5 बजे से मिलेगा चुनावी सामान
29 जुलाई की सुबह 5 बजे से मतदान दलों को मतदान सामग्री वितरित की जाएगी। वहीं, 30 जुलाई को मतदान समाप्त होने के बाद शाम से EVM और अन्य चुनावी सामग्री वापस जमा कराने की प्रक्रिया शुरू होगी।
गुरु पूर्णिमा पर विशेष व्यवस्था
गुरु पूर्णिमा के अवसर पर मां पीतांबरा पीठ आने वाले श्रद्धालु दर्शन और पूजन कर सकेंगे, लेकिन आदर्श आचार संहिता लागू होने के कारण उन्हें मंदिर परिसर या शहर में रुकने की अनुमति नहीं होगी। प्रशासन दर्शन के बाद श्रद्धालुओं को सीधे राष्ट्रीय राजमार्ग के रास्ते उनके गंतव्य तक रवाना करेगा।
बाहरी लोगों पर रहेगी नजर
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि चुनाव अवधि के दौरान बिना आवश्यक कारण किसी भी बाहरी व्यक्ति को विधानसभा क्षेत्र में रुकने की अनुमति नहीं होगी। पुलिस और प्रशासन पूरे क्षेत्र में लगातार निगरानी रखेंगे ताकि मतदान शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।
एक नजर में
- मतदान: 30 जुलाई
- समय: सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक
- मतदाता: 2.20 लाख+
- मतदान केंद्र: 291
- क्रिटिकल केंद्र: 233
- वल्नरेबल केंद्र: 28
- माइक्रो ऑब्जर्वर: 215
- मतदान दल: 320
- मतदानकर्मी: 1280
