Anmol Sandesh News Desk,वॉशिंगटन
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप साल 2027 की शुरुआत में भारत दौरे पर आ सकते हैं। यह जानकारी अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने हैदराबाद में मीडिया से बातचीत के दौरान दी। यदि यह दौरा तय होता है, तो राष्ट्रपति बनने के बाद यह ट्रंप का दूसरा भारत दौरा होगा। इससे पहले वे फरवरी 2020 में अहमदाबाद आए थे, जहां तत्कालीन ‘नमस्ते ट्रंप’ कार्यक्रम ने दुनिया भर में सुर्खियां बटोरी थीं।
रुबियो बोले- PM मोदी के काम के बड़े प्रशंसक हैं
भारत की वैश्विक भूमिका और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व पर पूछे गए सवाल के जवाब में अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने कहा-“हम प्रधानमंत्री मोदी और उनके द्वारा किए गए कार्यों के बहुत बड़े प्रशंसक हैं।”रुबियो के इस बयान को भारत-अमेरिका के मजबूत होते रणनीतिक रिश्तों का संकेत माना जा रहा है।
ट्रेड डील और रणनीतिक साझेदारी पर हो सकती है अहम बातचीत
ट्रंप के संभावित भारत दौरे के दौरान दोनों देशों के बीच व्यापार समझौते (Trade Deal), रक्षा सहयोग, निवेश, सेमीकंडक्टर, तकनीक, ऊर्जा, इंडो-पैसिफिक रणनीति और वैश्विक सुरक्षा जैसे अहम मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है। दोनों देशों के बीच लंबे समय से लंबित व्यापार समझौते को भी इस दौरे में गति मिल सकती है।

G7 समिट में फिर दिखी मोदी-ट्रंप की केमिस्ट्री
फ्रांस के एवियन में आयोजित 52वें G7 शिखर सम्मेलन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की द्विपक्षीय मुलाकात भी चर्चा में रही।
बैठक के दौरान ट्रंप ने कहा—
- “जब तक मैं राष्ट्रपति हूं, व्हाइट हाउस में मोदी का हमेशा एक अच्छा दोस्त रहेगा।”
- “अगर भारत या मोदी पर कोई हमला होता है और मोदी नेतृत्व में होंगे, तो हम उनकी मदद करेंगे।”
- “मोदी शांत, मजबूत और शानदार नेता हैं। उनके नेतृत्व में भारत हर क्षेत्र में बड़ी भूमिका निभाएगा।”
मोदी ने उठाया भारतीय नाविकों की सुरक्षा का मुद्दा
द्विपक्षीय वार्ता के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने समुद्री सुरक्षा और भारतीय नागरिकों की सुरक्षा का मुद्दा भी उठाया।
उन्होंने कहा कि—
- समुद्र में काम कर रहे भारतीय नाविकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है।
- ईरान से जुड़े किसी भी समझौते में भारतीय नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित की जानी चाहिए।
- होर्मुज जलडमरूमध्य (Strait of Hormuz) का खुला रहना वैश्विक व्यापार और ऊर्जा आपूर्ति के लिए बेहद जरूरी है।
- पश्चिम एशिया में शांति स्थापित करने के प्रयासों में ट्रंप की भूमिका की भी उन्होंने सराहना की।
2020 का ‘नमस्ते ट्रंप‘ दौरा बना था ऐतिहासिक
राष्ट्रपति ट्रंप ने फरवरी 2020 में भारत का पहला आधिकारिक दौरा किया था। अहमदाबाद के मोटेरा स्टेडियम (अब नरेंद्र मोदी स्टेडियम) में आयोजित ‘नमस्ते ट्रंप’ कार्यक्रम में लाखों लोगों की मौजूदगी ने इसे भारत-अमेरिका संबंधों का ऐतिहासिक क्षण बना दिया था।अब यदि 2027 की शुरुआत में ट्रंप का प्रस्तावित दौरा होता है, तो यह दोनों देशों के बीच रणनीतिक, आर्थिक और कूटनीतिक रिश्तों को नई मजबूती देने वाला अहम अवसर माना जा रहा है।

