Monday, June 29, 2026
HomeVideosदेश में 22 राज्यों तक पहुंचा मानसून,लेकिन 5 दिनों से थमी रफ्तार,...

देश में 22 राज्यों तक पहुंचा मानसून,लेकिन 5 दिनों से थमी रफ्तार, कई राज्यों में बारिश, तो कई में हीटवेव का कहर !

Anmol Sandesh News Desk, नई दिल्ली 

देश में मानसून 24 जून तक 22 राज्यों में पहुंच चुका है, लेकिन पिछले पांच दिनों से इसकी रफ्तार धीमी पड़ गई है। इसका असर मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश और गुजरात के कई हिस्सों में देखने को मिल रहा है, जहां मानसून अभी भी आगे नहीं बढ़ पाया है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, अब 5 जुलाई तक मानसून देश के बाकी हिस्सों को कवर कर सकता है।

पूर्वोत्तर में भारी बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग ने असम, मेघालय, पश्चिम बंगाल के निचले इलाकों और सिक्किम में आज भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। वहीं छत्तीसगढ़, तेलंगाना, ओडिशा, केरल, गोवा, तमिलनाडु और अरुणाचल प्रदेश में भी अगले 24 घंटे के दौरान तेज बारिश की संभावना जताई गई है।

6 राज्यों में प्री-मानसून बारिश

मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, हरियाणा, दिल्ली और गुजरात के कई इलाकों में फिलहाल प्री-मानसून बारिश का दौर जारी है। हालांकि इसके बावजूद कई क्षेत्रों में गर्मी का असर बना हुआ है।

7 राज्यों में 40°C के पार तापमान

देश के कई हिस्सों में गर्मी अभी भी लोगों की परेशानी बढ़ा रही है।

  • राजस्थान के फलोदी में सबसे अधिक 43.8°C तापमान दर्ज किया गया।
  • हरियाणा के भिवानी में 42.3°C
  • मध्य प्रदेश के दतिया में 42.2°C
  • दिल्ली में 41.9°C
  • उत्तर प्रदेश के आगरा में 41.3°C
  • गुजरात के अहमदाबाद में 40°C तापमान रिकॉर्ड किया गया।

बारिश से हादसे भी

बारिश कई राज्यों में आफत बनकर भी बरस रही है।

  • मध्य प्रदेश के बड़वानी जिले के सेंधवा में उफनते पुल को पार करते समय ट्रैक्टर बह गया। चालक अब भी लापता है।
  • छत्तीसगढ़ के बेमेतरा में कच्चे मकान की दीवार गिरने से दो मासूम बच्चियों की मौत हो गई।
  • सुकमा में आकाशीय बिजली गिरने से एक युवक की मौत हो गई, जबकि चार लोग घायल हुए हैं।

अगले 48 घंटे का मौसम

30 जून

  • असम, मेघालय, सिक्किम, पश्चिम बंगाल, छत्तीसगढ़, ओडिशा, तेलंगाना, केरल, गोवा, तमिलनाडु और अरुणाचल प्रदेश में भारी बारिश की संभावना।
  • बिहार में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी चल सकती है।
  • राजस्थान, मध्य प्रदेश और पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में तेज हवाओं के साथ बारिश।
  • पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में हीटवेव जारी रहने का अनुमान।

1 जुलाई

  • आंध्र प्रदेश, झारखंड और ओडिशा में भारी बारिश का अलर्ट।
  • असम, मेघालय, पश्चिम बंगाल और सिक्किम में फिर तेज बारिश की संभावना।
  • गोवा, तेलंगाना, कर्नाटक और सिक्किम में ऑरेंज अलर्ट जारी।
  • मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश और महाराष्ट्र के नागपुर-अमरावती क्षेत्र में लगातार पांचवें दिन हीटवेव का अलर्ट।

राज्यों में मौसम का हाल

मध्य प्रदेश

भोपाल, रायसेन समेत 40 जिलों में यलो अलर्ट जारी है, जबकि उज्जैन, देवास, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, मंडला और बालाघाट में 100 मिमी से अधिक बारिश की संभावना के चलते भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।

उत्तर प्रदेश

लखनऊ, अयोध्या समेत कई शहरों में आंधी और बारिश का असर है। 46 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी है। मानसून पिछले 16 दिनों से राज्य की सीमा पर ही रुका हुआ है।

राजस्थान

जयपुर समेत 25 जिलों में आंधी और बारिश की चेतावनी है। 2 जुलाई के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। श्रीगंगानगर में तापमान 44°C तक पहुंच गया।

छत्तीसगढ़

अगले चार दिनों तक तेज बारिश का अलर्ट है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले दो से तीन दिनों में मानसून पूरे राज्य को कवर कर लेगा।

बिहार

राज्य में मानसून समय से पहले पहुंचा था, लेकिन कमजोर पड़ गया। अब तक सामान्य से करीब 50% कम बारिश दर्ज की गई है। आज 25 जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी है।देश इस समय मौसम के दोहरे प्रभाव से गुजर रहा है। एक ओर पूर्वोत्तर और दक्षिण के कई राज्यों में भारी बारिश और बाढ़ जैसे हालात बन रहे हैं, तो दूसरी ओर उत्तर और पश्चिम भारत के कई हिस्से अभी भी भीषण गर्मी और हीटवेव की चपेट में हैं। मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने और स्थानीय प्रशासन की सलाह का पालन करने की अपील की है।

 

Kanchan Sharma
Kanchan Sharma
कंचन शर्मा वर्तमान में दैनिक समाचार पत्र "अनमोल संदेश" में कार्यरत। इलेक्ट्रॉनिक मीडिया,प्रिंट, न्यूज एजेंसी और डिजिटल पत्रकारिता में उनका लंबा अनुभव है, जिसमें उन्होंने रिपोर्टर और डेस्क पर विभिन्न भूमिकाओं में काम किया है।
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular