Friday, August 21, 2026
Homeअन्य राज्यइमरान खान को अस्पताल से फिर जेल भेजा गया,6 डॉक्टरों ने किया...

इमरान खान को अस्पताल से फिर जेल भेजा गया,6 डॉक्टरों ने किया चेकअप, बोले- जेल में रखना सुरक्षित; सेहत पर बढ़ी चिंता !

Anmol Sandesh News Desk, इस्लामाबाद

पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान को मेडिकल जांच के बाद शुक्रवार को इस्लामाबाद के शिफा इंटरनेशनल हॉस्पिटल से वापस रावलपिंडी की अडियाला जेल भेज दिया गया। गुरुवार देर रात उन्हें जेल से अस्पताल लाया गया था, जिसके बाद उनकी सुरक्षा बेहद कड़ी कर दी गई।

6 डॉक्टरों की टीम ने किया मेडिकल चेकअप

अस्पताल पहुंचने के बाद इमरान खान की जांच के लिए 6 डॉक्टरों की टीम लगाई गई। जांच के बाद डॉक्टरों ने माना कि उन्हें अस्पताल में भर्ती रखने की तत्काल जरूरत नहीं है और उनकी निगरानी जेल में भी की जा सकती है।इसके बाद उन्हें कड़ी सुरक्षा के बीच वापस अडियाला जेल ले जाया गया।अस्पताल में इमरान के पहुंचते ही सुरक्षा व्यवस्था इतनी सख्त कर दी गई कि लाइटें बंद कर दी गईं, स्टाफ के मोबाइल फोन जमा करा लिए गए और मीडिया को अस्पताल के बाहर से हटा दिया गया।

मेडिकल रिपोर्ट में सेहत को लेकर चिंता

इमरान खान की स्वास्थ्य स्थिति को लेकर पहले से ही चिंता जताई जा रही है। अदालत में पेश मेडिकल रिपोर्ट में उनके ब्लड प्रेशर में उतार-चढ़ाव, दिल की धड़कन और मानसिक तनाव जैसी समस्याओं का उल्लेख किया गया था।रिपोर्ट के अनुसार उनका हालिया BP 140/80 दर्ज किया गया, जबकि फरवरी में यह 120/80 था। सुप्रीम कोर्ट ने उनकी विस्तृत जांच के लिए मेडिकल बोर्ड गठित करने का निर्देश दिया है। इसमें उनकी बहन डॉ. उजमा खान और निजी डॉक्टर को भी शामिल किया जाना है।

सरकार बनाम इमरान की कानूनी लड़ाई जारी

इमरान के इलाज को लेकर पाकिस्तान सरकार और उनकी कानूनी टीम के बीच टकराव भी सामने आया है।सरकार ने सुप्रीम कोर्ट में दोबारा रिव्यू पिटीशन दाखिल कर निजी अस्पताल में इलाज से जुड़े आदेश में बदलाव की मांग की है।वहीं इमरान के वकील खालिद यूसुफ चौधरी का आरोप है कि जेल प्रशासन ने उन्हें इमरान से मिलने की अनुमति नहीं दी। उनका कहना है कि उन्हें सुप्रीम कोर्ट में प्रस्तावित अवमानना याचिका और अन्य कानूनी दस्तावेजों पर इमरान के हस्ताक्षर कराने थे।

अगस्त 2023 से जेल में हैं इमरान

73 वर्षीय इमरान खान अगस्त 2023 से जेल में हैं। उनके खिलाफ तोशाखाना, अल-कादिर ट्रस्ट समेत कई मामलों में कानूनी कार्रवाई हुई है।इमरान और उनकी पार्टी PTI लगातार आरोप लगाती रही है कि उनके खिलाफ मामले राजनीतिक दबाव के तहत चलाए जा रहे हैं। दूसरी ओर पाकिस्तान सरकार और जांच एजेंसियां इन आरोपों को खारिज करती हैं और मामलों को कानूनी प्रक्रिया का हिस्सा बताती हैं।

अडियाला जेल क्यों है इतनी हाई-सिक्योरिटी?

रावलपिंडी की अडियाला जेल पाकिस्तान की प्रमुख हाई-सिक्योरिटी जेलों में शामिल है। इमरान खान के यहां बंद होने के बाद जेल और आसपास के इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी की गई है।यह जेल हाई-प्रोफाइल और संवेदनशील कैदियों के कारण लगातार सुरक्षा एजेंसियों के फोकस में रहती है।

 

Kanchan Sharma
Kanchan Sharma
कंचन शर्मा वर्तमान में दैनिक समाचार पत्र "अनमोल संदेश" में कार्यरत। इलेक्ट्रॉनिक मीडिया,प्रिंट, न्यूज एजेंसी और डिजिटल पत्रकारिता में उनका लंबा अनुभव है, जिसमें उन्होंने रिपोर्टर और डेस्क पर विभिन्न भूमिकाओं में काम किया है।
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular