Saturday, September 12, 2026
Homeअन्य राज्यदेशभर में बारिश-बाढ़ से बिगड़े हालात: उत्तराखंड में 170 फीट लंबा ब्रिज...

देशभर में बारिश-बाढ़ से बिगड़े हालात: उत्तराखंड में 170 फीट लंबा ब्रिज बहा, छत्तीसगढ़ में 3 छात्र नदी में लापता; MP-राजस्थान में भारी बारिश का अलर्ट

Anmol Sandesh News Desk, नई दिल्ली

देश के कई राज्यों में मानसून एक बार फिर सक्रिय होने से बारिश और बाढ़ के हालात गंभीर होते जा रहे हैं। उत्तराखंड, बिहार, उत्तर प्रदेश और छत्तीसगढ़ में बारिश और नदियों के उफान ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। वहीं मध्य प्रदेश, राजस्थान, हरियाणा और दिल्ली में भी बारिश का दौर जारी है। कई इलाकों में जलभराव और तेज बहाव के कारण जनजीवन प्रभावित हुआ है।

उत्तराखंड में 170 फीट लंबा बैली ब्रिज बहा

उत्तराखंड के पिथौरागढ़ जिले में भारी बारिश के बीच कुलागाड़ नाले पर बना करीब 170 फीट लंबा बैली ब्रिज तेज बहाव में बह गया। ब्रिज बहने से चीन सीमा से लगे व्यास, दारमा और चौदांस घाटियों का संपर्क प्रभावित हो गया है। बताया गया कि यह ब्रिज हाल ही में 27 अगस्त को बनाया गया था। इससे पहले 18 अगस्त को चट्टान गिरने से पुराना पुल क्षतिग्रस्त हो गया था। राज्य के कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी के बीच प्रशासन को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। दूसरी ओर, केदारनाथ पैदल यात्रा मार्ग को शुक्रवार को यात्रियों के लिए खोल दिया गया, हालांकि चीरबासा क्षेत्र में बादल फटने के बाद क्षतिग्रस्त मार्ग पर फिलहाल घोड़े-खच्चरों की आवाजाही बंद रखी गई है।

छत्तीसगढ़ में हसदेव नदी में हादसा, 3 छात्र लापता

छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में हसदेव नदी के तेज बहाव में तीन कॉलेज छात्र बह गए। ये छात्र बिलासपुर के चौकसे कॉलेज के आठ छात्र-छात्राओं के साथ पिकनिक मनाने देवरी गांव पहुंचे थे। बताया गया कि नदी किनारे सेल्फी लेने के दौरान एक छात्र का पैर फिसल गया। उसे बचाने के लिए दो अन्य छात्र भी नदी में कूदे, लेकिन तेज बहाव में तीनों बह गए। शनिवार को एक छात्र का शव बरामद किया गया, जबकि अन्य की तलाश के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है।

बिहार में लाखों लोग बाढ़ से प्रभावित

बिहार में बाढ़ की स्थिति लगातार गंभीर बनी हुई है। प्रदेश के कई जिलों में नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं। बड़ी संख्या में गांव बाढ़ की चपेट में हैं और लाखों लोग प्रभावित बताए जा रहे हैं। राहत एवं बचाव कार्य के तहत हजारों लोगों को राहत शिविरों में पहुंचाया गया है। मौसम विभाग ने दक्षिण-पूर्व बिहार और सीमांचल के कई जिलों में बारिश को लेकर यलो अलर्ट जारी किया है। गंगा समेत कई नदियों के जलस्तर पर प्रशासन लगातार नजर बनाए हुए है।

उत्तर प्रदेश में 60 जिलों में बारिश का अलर्ट

उत्तर प्रदेश में भी मानसून के दोबारा सक्रिय होने से बारिश का दौर तेज हुआ है। मौसम विभाग ने करीब 60 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। कई शहरों में तेज बारिश से जलभराव की स्थिति बनी। गंगा-यमुना समेत कई नदियों के जलस्तर में बढ़ोतरी से 26 जिलों में बाढ़ का असर बताया जा रहा है। कुछ स्थानों पर सड़क और पुलों पर पानी आने से आवागमन प्रभावित हुआ है।

MP में फिर बदला मौसम, 15 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट

मध्य प्रदेश में कुछ दिनों के ब्रेक के बाद मानसून फिर सक्रिय हो गया है। भोपाल, दमोह, टीकमगढ़ और विदिशा समेत कई जिलों में बारिश दर्ज की गई। भोपाल में तेज आंधी और बारिश के दौरान विजिबिलिटी काफी कम हो गई, जिससे सड़कों पर वाहनों की रफ्तार प्रभावित हुई। दमोह के निचले इलाकों में पानी भरने की स्थिति बनी। मौसम विभाग ने शनिवार को प्रदेश के 15 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। मानसूनी सिस्टम के अगले कुछ दिनों तक सक्रिय रहने की संभावना जताई गई है।

राजस्थान में 29 जिलों में बारिश की संभावना

राजस्थान में करीब एक सप्ताह की सुस्ती के बाद मानसून फिर सक्रिय हुआ है। मौसम विभाग ने शनिवार को 29 जिलों में बारिश का यलो अलर्ट जारी किया। शुक्रवार को भरतपुर और जयपुर संभाग के कई इलाकों में बारिश हुई और कुछ स्थानों पर तेज हवाएं भी चलीं।हालांकि पश्चिमी राजस्थान में बारिश के बावजूद गर्मी का असर कायम है। कई इलाकों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार दर्ज किया गया।

हरियाणा और दिल्ली में भी बारिश का दौर

हरियाणा में आज 16 जिलों में हल्की बारिश की संभावना जताई गई है। आने वाले दिनों में कुछ क्षेत्रों में तेज बारिश का अनुमान है। वहीं पश्चिमी जिलों में गर्मी का असर अभी भी बना हुआ है। दिल्ली में शुक्रवार को कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हुई। मौसम विभाग ने अगले कुछ घंटों में कई क्षेत्रों में मध्यम से तेज बारिश की संभावना जताई है। राजधानी में बारिश का दौर अगले दो दिनों तक जारी रहने का अनुमान है।

 

Kanchan Sharma
Kanchan Sharma
कंचन शर्मा वर्तमान में दैनिक समाचार पत्र "अनमोल संदेश" में कार्यरत। इलेक्ट्रॉनिक मीडिया,प्रिंट, न्यूज एजेंसी और डिजिटल पत्रकारिता में उनका लंबा अनुभव है, जिसमें उन्होंने रिपोर्टर और डेस्क पर विभिन्न भूमिकाओं में काम किया है।
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular