Anmol Sandesh News Desk,नई दिल्ली/भोपाल/जयपुर
मानसून ने पूरे देश में तबाही मचा दी है। हिमाचल प्रदेश से लेकर गुजरात, मध्य प्रदेश, राजस्थान, उत्तर प्रदेश और बिहार तक भारी बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। कई जगहों पर लैंडस्लाइड, बाढ़ और जलभराव से हालात बेहद गंभीर बने हुए हैं।
हिमाचल में दर्दनाक हादसा, 13 लोगों की मौत
हिमाचल प्रदेश के लाहौल-स्पीति जिले में उदयपुर-किलाड़ रोड पर कडू नाला के पास अचानक लैंडस्लाइड हो गई। पहाड़ से गिरी विशाल चट्टानों की चपेट में टाटा सूमो टैक्सी आ गई।गाड़ी में सवार 15 लोगों में से 13 की मौत हो गई, जबकि अन्य घायल बताए जा रहे हैं। हादसे के बाद राहत और बचाव अभियान जारी है।
गुजरात में बाढ़ का कहर, हेलिकॉप्टर से रेस्क्यू
गुजरात में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने कई जिलों को बाढ़ की चपेट में ले लिया है।
* वलसाड के उमरगाम में सिर्फ 16 घंटे में 43 इंच बारिश रिकॉर्ड की गई।
* नवसारी में बाढ़ में फंसे लोगों को हेलिकॉप्टर से एयरलिफ्ट किया गया।
* अहमदाबाद, सूरत, वाव-थराद समेत कई शहरों में सड़कें और बाजार पानी में डूब गए।
राज्य के 11 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी है।
यूपी-बिहार में भी बिगड़े हालात
उत्तर प्रदेश में लगातार बारिश के चलते गंगा, यमुना समेत 10 नदियां उफान पर हैं। सीतापुर समेत कई इलाकों में सड़कें जलमग्न हैं और ग्रामीण नाव के सहारे आवाजाही कर रहे हैं।वहीं बिहार के 19 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
MP और राजस्थान में भी अलर्ट
मध्य प्रदेश में मानसून फिर सक्रिय हो गया है। श्योपुर, मंदसौर, रतलाम, आलीराजपुर और पन्ना में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है।राजस्थान में बांसवाड़ा और डूंगरपुर के लिए रेड अलर्ट, जबकि 9 जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
अगले 48 घंटे रहेंगे बेहद अहम
मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिनों तक कई राज्यों में भारी बारिश, आकाशीय बिजली और तेज हवाओं का खतरा बना रहेगा।
25 जुलाई:
हिमाचल, मध्य प्रदेश, राजस्थान, पंजाब, उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर, झारखंड और पूर्वोत्तर राज्यों में भारी बारिश की संभावना।
26 जुलाई:
गुजरात, हिमाचल, उत्तराखंड, कर्नाटक, तमिलनाडु, पश्चिम बंगाल समेत कई राज्यों में बारिश जारी रहने का अनुमान।प्रशासन ने लोगों से नदी-नालों और भूस्खलन वाले इलाकों से दूर रहने तथा मौसम विभाग की एडवाइजरी का पालन करने की अपील की है।
