Anmol Sandesh News Desk,सानो, जापान
भारत ने बारिश से प्रभावित बेहद रोमांचक टी20 इंटरनेशनल मुकाबले में जापान को सिर्फ 2 रन से हरा दिया। सानो इंटरनेशनल क्रिकेट ग्राउंड पर खेले गए इस मुकाबले को बारिश के कारण 5-5 ओवर का कर दिया गया था। पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने 5 ओवर में 4 विकेट खोकर सिर्फ 32 रन बनाए। जवाब में जापान की टीम 5 ओवर में 3 विकेट पर 30 रन ही बना सकी। भारत की ओर से कप्तान श्रेयस अय्यर ने 16 रन बनाकर पारी को संभाला। अभिषेक शर्मा बिना खाता खोले आउट हुए, जबकि संजू सैमसन ने 9 और ईशान किशन ने 3 रन बनाए। जापानी गेंदबाजों ने भारतीय बल्लेबाजों को खुलकर खेलने का मौका नहीं दिया और छोटे स्कोर पर रोक दिया।
आखिरी ओवर में पलटा मैच
33 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए जापान ने शानदार संघर्ष किया। आखिरी ओवर में उसे जीत के लिए 8 रन चाहिए थे और मुकाबला पूरी तरह जापान की पकड़ में नजर आ रहा था। भारत की ओर से गेंदबाजी करने आए अक्षर पटेल ने दबाव के बीच शानदार गेंदबाजी की और जापान को जरूरी रन नहीं बनाने दिए। आखिरकार जापान 30/3 तक ही पहुंच सका और भारत ने 2 रन से मुकाबला अपने नाम कर लिया।

भारत की 200वीं टी20 इंटरनेशनल जीत
जापान के खिलाफ यह जीत भारत के लिए ऐतिहासिक भी रही। भारत पुरुषों के टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में 200 जीत दर्ज करने वाली पहली टीम बन गया है। यह उपलब्धि सुपर ओवर से मिली जीतों को शामिल करते हुए दर्ज की गई है।
75 साल के राजनयिक संबंधों के बीच ऐतिहासिक मुकाबला
भारत और जापान के बीच यह पहला पुरुष टी20 इंटरनेशनल मुकाबला था। मैच दोनों देशों के बीच राजनयिक संबंधों के 75 वर्ष पूरे होने के अवसर पर आयोजित किया गया। साथ ही यह मुकाबला आगामी एशियन गेम्स 2026 से पहले दोनों टीमों के लिए तैयारी का हिस्सा था। बारिश के कारण मुकाबला करीब ढाई घंटे की देरी से शुरू हुआ और ओवरों में कटौती करनी पड़ी। महज 5-5 ओवर के इस मुकाबले में भारत ने कम स्कोर के बावजूद गेंदबाजों के दम पर जीत हासिल की। जापान ने मजबूत चुनौती देकर मुकाबले को आखिरी गेंदों तक रोमांचक बनाए रखा।
