Anmol Sandesh News Desk, भुवनेश्वर/पारादीप
मिडिल ईस्ट में जारी तनाव के बीच भारत के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। इराक से करीब 20 लाख बैरल कच्चा तेल लेकर आ रहा टैंकर MT Sanmar Herald सुरक्षित रूप से ओडिशा के पारादीप बंदरगाह पहुंच गया है। यह वही जहाज है, जिसे हॉर्मुज जलडमरूमध्य के पास गोलीबारी की स्थिति का सामना करना पड़ा था।

हॉर्मुज स्ट्रेट में हुआ था हमला
जानकारी के अनुसार, टैंकर जब ईरान के पास स्थित हॉर्मुज जलडमरूमध्य से गुजर रहा था, तभी क्षेत्र में तनाव के दौरान उसके आसपास गोलीबारी हुई। इस घटना में जहाज के ब्रिज हिस्से पर छर्रे लगने से हल्का नुकसान भी हुआ।हालांकि कप्तान और चालक दल ने स्थिति को संभालते हुए तुरंत मार्ग बदल दिया और जहाज को सुरक्षित दिशा में आगे बढ़ाया, जिससे एक बड़ी दुर्घटना टल गई।
पारादीप पोर्ट पर सुरक्षित पहुंचा टैंकर
कई दिनों की यात्रा के बाद टैंकर भारत के पारादीप बंदरगाह पहुंचा, जहां इसे तट से कुछ दूरी पर स्थित सिंगल प्वाइंट मूरिंग (SPM) प्रणाली से जोड़ा गया। यहां कच्चे तेल की अनलोडिंग प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
सभी 22 क्रू मेंबर सुरक्षित
अधिकारियों के अनुसार, जहाज पर मौजूद सभी 22 चालक दल के सदस्य पूरी तरह सुरक्षित हैं और किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। बंदरगाह प्रशासन ने चालक दल के साहस और सूझबूझ की सराहना की है।
ऊर्जा सुरक्षा के लिहाज से अहम घटना
हॉर्मुज जलडमरूमध्य दुनिया के सबसे संवेदनशील समुद्री मार्गों में से एक माना जाता है, जहां से वैश्विक तेल आपूर्ति का बड़ा हिस्सा गुजरता है। ऐसे में इस टैंकर का सुरक्षित भारत पहुंचना देश की ऊर्जा आपूर्ति सुरक्षा के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है।अधिकारियों ने कहा कि कठिन परिस्थितियों के बावजूद यह सफल ऑपरेशन भारत की समुद्री सुरक्षा और लॉजिस्टिक क्षमता को दर्शाता है।
