Saturday, May 30, 2026
Homeटॉप न्यूज़आंधी-बारिश का कहर,यूपी-बिहार में 48 मौतें, कई राज्यों में प्री-मानसून अलर्ट,7 दिनों...

आंधी-बारिश का कहर,यूपी-बिहार में 48 मौतें, कई राज्यों में प्री-मानसून अलर्ट,7 दिनों में केरल पहुंचेगा मानसून,सहारनपुर में 10 गाड़ियां बहीं, बिहार में 4 फ्लाइट डायवर्ट,18 लेट,पंजाब में ओले गिरे

Anmol Sandesh News Desk,नई दिल्ली 

देशभर में भीषण गर्मी के बीच मौसम ने अचानक करवट ली है। उत्तर भारत से लेकर पूर्वी भारत तक आंधी, बारिश और बिजली गिरने की घटनाओं ने जनजीवन को प्रभावित किया है। उत्तर प्रदेश और बिहार में पिछले 24 घंटों के दौरान आंधी-तूफान और बारिश से कुल 48 लोगों की मौत हो गई। मौसम विभाग (IMD) ने 15 से अधिक राज्यों में प्री-मानसून गतिविधियों के चलते बारिश, तेज हवाओं और ओलावृष्टि का अलर्ट जारी किया है।

यूपी में 31 मौतें, सहारनपुर में 10 वाहन बहे:

उत्तर प्रदेश में आंधी-तूफान और भारी बारिश के कारण 31 लोगों की जान चली गई। सहारनपुर में पहाड़ी क्षेत्रों से आए तेज बहाव में इनोवा, ट्रैक्टर समेत करीब 10 वाहन बह गए। मौसम विभाग ने शनिवार को प्रदेश के सभी 75 जिलों में बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है। कई इलाकों में तापमान में 10 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की गई है।

बिहार में 17 मौतें, फ्लाइट सेवाएं प्रभावित:

बिहार में आंधी-बारिश और बिजली गिरने से 17 लोगों की मौत हो गई। राजधानी पटना में खराब मौसम के कारण 4 फ्लाइट डायवर्ट करनी पड़ीं, जबकि 18 उड़ानें देरी से संचालित हुईं। इससे 500 से अधिक यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। राज्य के 25 जिलों में शनिवार को भी बारिश और तेज हवाओं की संभावना जताई गई है।

राजस्थान में ओलावृष्टि, तापमान 10 डिग्री तक गिरा:

राजस्थान में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से मौसम पूरी तरह बदल गया है। चूरू, हनुमानगढ़, बीकानेर, सीकर, जयपुर और अन्य जिलों में बारिश के साथ ओले गिरे। इसके चलते कई शहरों का तापमान 10 डिग्री तक नीचे आ गया। शनिवार को प्रदेश के 30 जिलों में आंधी, बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट जारी किया गया है।

मध्य प्रदेश में 9 जिलों में अलर्ट:

मध्य प्रदेश में भी मौसम राहत देने वाला बना हुआ है। शुक्रवार को कई जिलों में बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग ने ग्वालियर, भिंड, दतिया, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना, नीमच और मंदसौर में ओले और बारिश की चेतावनी जारी की है। राजधानी भोपाल समेत कई शहरों में गर्मी से राहत मिलने की संभावना है।

पंजाब-चंडीगढ़ में बारिश और ओले:

पंजाब के पठानकोट में शनिवार सुबह ओलावृष्टि हुई, जबकि मोहाली में तेज बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग ने चंडीगढ़, मोहाली और पंचकूला समेत पंजाब के 13 जिलों में तेज हवाओं और बारिश का अलर्ट जारी किया है।

झारखंड में 4 मौतें, तापमान में भारी गिरावट:

झारखंड में आंधी-बारिश और बिजली गिरने से 4 लोगों की मौत हो गई। रांची, बोकारो, गढ़वा और धनबाद प्रभावित क्षेत्रों में शामिल हैं। राज्य में पिछले 24 घंटे के दौरान तापमान में 8.6 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की गई है।

छत्तीसगढ़ को मिलेगी गर्मी से राहत:

छत्तीसगढ़ में भीषण गर्मी और हीटवेव से राहत मिलने के संकेत हैं। मौसम विभाग के अनुसार अगले तीन दिनों तक प्रदेश के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं।

उत्तराखंड में बारिश और ओलों का अलर्ट:

उत्तराखंड के पर्वतीय क्षेत्रों में लगातार मौसम खराब बना हुआ है। मुक्तेश्वर में सबसे अधिक 28.5 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। राज्य में अगले दो दिनों तक बारिश, ओलावृष्टि और तेज हवाओं का अनुमान है। तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है।

1 जून को बिहार में तेज आंधी की चेतावनी:

मौसम विभाग ने 1 जून को बिहार में 80 से 90 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चलने और ओले गिरने की संभावना जताई है। वहीं तमिलनाडु में भी तेज हवाओं और बारिश का अनुमान लगाया गया है।

7 दिनों में केरल पहुंचेगा मानसून:

भारतीय मौसम विभाग के अनुसार दक्षिण-पश्चिम मानसून अगले 7 दिनों के भीतर केरल तट पर पहुंच सकता है। हालांकि इस वर्ष मानसून सामान्य से कमजोर रहने का अनुमान व्यक्त किया गया है।IMD के मुताबिक जून से सितंबर के बीच देश में औसतन 78 सेंटीमीटर बारिश होने की संभावना है, जबकि सामान्य मानसूनी वर्षा का औसत 87 सेंटीमीटर माना जाता है। बिहार और उत्तर प्रदेश में सामान्य बारिश हो सकती है, लेकिन देश के कई अन्य हिस्सों में सामान्य से कम वर्षा होने की आशंका जताई गई है।फिलहाल देश के कई राज्यों में मौसम का मिजाज बदला हुआ है और अगले कुछ दिनों तक आंधी, बारिश तथा तेज हवाओं का दौर जारी रहने की संभावना है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular