Wednesday, July 22, 2026
Homeअन्य राज्यभोपाल में सियासी संग्राम,BJP ने कांग्रेस कार्यालय का किया घेराव, राहुल गांधी...

भोपाल में सियासी संग्राम,BJP ने कांग्रेस कार्यालय का किया घेराव, राहुल गांधी के प्रदर्शन के विरोध में उतरे कार्यकर्ता

Anmol Sandesh News Desk,भोपाल

राजधानी भोपाल में बुधवार को कांग्रेस और बीजेपी के बीच सियासी टकराव देखने को मिला। दिल्ली में प्रधानमंत्री आवास के बाहर हुए कांग्रेस के प्रदर्शन के विरोध में भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने भोपाल में जोरदार विरोध प्रदर्शन किया और बाद में प्रदेश कांग्रेस कार्यालय का घेराव करने की कोशिश की।

रेड क्रॉस चौराहे से शुरू हुआ BJP का प्रदर्शन

बीजेपी कार्यकर्ताओं ने भोपाल के रेड क्रॉस चौराहे से विरोध प्रदर्शन शुरू किया। इस दौरान बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, विधायक रामेश्वर शर्मा, महापौर और विधायक भगवानदास सबनानी समेत बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे।प्रदर्शन में बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ता भी शामिल हुईं, जो हाथों में तख्तियां लेकर कांग्रेस के खिलाफ नारेबाजी करती नजर आईं।

कांग्रेस कार्यालय पहुंचकर घेराव की कोशिश

विरोध मार्च करते हुए बीजेपी नेता और कार्यकर्ता प्रदेश कांग्रेस कार्यालय पहुंचे और कार्यालय का घेराव किया। प्रदर्शन को देखते हुए कांग्रेस कार्यालय के बाहर सुरक्षा बढ़ा दी गई थी।पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित रखने के लिए भारी संख्या में जवानों की तैनाती की। बैरिकेडिंग कर प्रदर्शनकारियों को आगे बढ़ने से रोका गया।

जोकर बनकर पहुंचा युवक, टी-शर्ट बनी चर्चा का विषय

प्रदर्शन के दौरान एक युवक का अंदाज लोगों का ध्यान खींचने वाला रहा। युवक जोकर का रूप बनाकर प्रदर्शन में पहुंचा था।उसकी टी-शर्ट पर लिखा था—देश का अपमान, मेरा काम – राहुल गांधी” यह टी-शर्ट प्रदर्शन के दौरान चर्चा का विषय बन गई।

क्यों आमने-सामने आई BJP और कांग्रेस?

दरअसल, कांग्रेस ने दिल्ली में प्रधानमंत्री आवास के बाहर प्रदर्शन किया था। कांग्रेस नेताओं ने NEET पेपर लीक मामले को लेकर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की थी।

इस प्रदर्शन में:

  • लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी
  • कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे
  • प्रियंका गांधी
  • पवन खेड़ा
  • दीपेंद्र हुड्डा
  • कर्नाटक के मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार

समेत कई विपक्षी नेता शामिल हुए थे।

दिल्ली प्रदर्शन के बाद बढ़ा विवाद

दिल्ली में हुए प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने विपक्षी नेताओं को हिरासत में लिया था। प्रदर्शन में समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव भी शामिल हुए थे।इसी के विरोध में बीजेपी ने भोपाल में प्रदर्शन किया और कांग्रेस कार्यालय का घेराव करने पहुंची।

सुरक्षा के रहे कड़े इंतजाम

भोपाल में कांग्रेस कार्यालय के आसपास पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी थी। प्रदर्शनकारियों को कार्यालय तक पहुंचने से पहले ही रोकने के लिए बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया।राजधानी में इस सियासी प्रदर्शन के बाद एक बार फिर BJP-कांग्रेस के बीच राजनीतिक बयानबाजी तेज होने के संकेत हैं।

 

 

Kanchan Sharma
Kanchan Sharma
कंचन शर्मा वर्तमान में दैनिक समाचार पत्र "अनमोल संदेश" में कार्यरत। इलेक्ट्रॉनिक मीडिया,प्रिंट, न्यूज एजेंसी और डिजिटल पत्रकारिता में उनका लंबा अनुभव है, जिसमें उन्होंने रिपोर्टर और डेस्क पर विभिन्न भूमिकाओं में काम किया है।
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular