Anmol Sandesh News Desk, भोपाल।
मध्य प्रदेश के सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं के लिए बड़ी खुशखबरी है। 16 सितंबर 2026 को 7,500 से अधिक विद्यार्थियों को स्कूटी का तोहफा मिलने जा रहा है। ये स्कूटी उन विद्यार्थियों को दी जाएगी, जिन्होंने सरकारी स्कूल से 12वीं की परीक्षा में शानदार प्रदर्शन किया है। पहले स्कूटी वितरण कार्यक्रम 11 सितंबर को प्रस्तावित था, लेकिन अंतिम समय में कार्यक्रम की तारीख में बदलाव कर इसे 16 सितंबर कर दिया गया।
12वीं में 70% से ज्यादा अंक जरूरी
योजना का लाभ उन्हीं विद्यार्थियों को मिलेगा जिन्होंने 12वीं की परीक्षा में 70 प्रतिशत से अधिक अंक हासिल किए हैं। पात्र विद्यार्थियों को पेट्रोल स्कूटी या ई-स्कूटी में से अपनी पसंद का विकल्प चुनने की सुविधा भी दी जाएगी। मध्य प्रदेश सरकार की ओर से स्कूटी खरीदने के लिए विद्यार्थियों को करीब ₹1 लाख से ₹1.25 लाख तक की सहायता राशि दिए जाने की जानकारी है।
ई-स्कूटी की बढ़ी डिमांड
इस साल विद्यार्थियों के बीच ई-स्कूटी को लेकर खासा क्रेज देखने को मिल रहा है। पेट्रोल की जगह बड़ी संख्या में छात्र इलेक्ट्रिक स्कूटी को प्राथमिकता दे रहे हैं। योजना के नियमों में भी पहले बदलाव किया जा चुका है। पहले सरकारी स्कूलों के 60 प्रतिशत अंक वाले स्कूल टॉपर भी इस योजना के पात्र थे, लेकिन बाद में पात्रता का मानक बढ़ाकर 70 प्रतिशत से अधिक अंक कर दिया गया।
करीब ₹200 करोड़ का बजट
मेधावी विद्यार्थियों को स्कूटी उपलब्ध कराने के लिए विभाग के पास करीब ₹200 करोड़ का बजट बताया गया है। योजना का उद्देश्य पढ़ाई में बेहतर प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करना और उन्हें आगे की पढ़ाई के लिए आवागमन की सुविधा देना है।
पिछले साल 7,832 छात्रों को मिली थी स्कूटी
पिछले साल भी मध्य प्रदेश सरकार ने हजारों मेधावी विद्यार्थियों को स्कूटी का लाभ दिया था। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने 7,832 प्रतिभाशाली छात्र-छात्राओं को स्कूटी की चाबी सौंपी थी। भोपाल के कुशाभाऊ ठाकरे अंतरराष्ट्रीय कन्वेंशन सेंटर में आयोजित कार्यक्रम में विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया था। इस दौरान उन्हें सुरक्षित वाहन चलाने, ड्राइविंग लाइसेंस बनवाने और वाहन पर नंबर प्लेट लगाने जैसी जरूरी सावधानियों के प्रति भी जागरूक किया गया।
16 सितंबर को मिलेगा मेहनत का इनाम
अब एक बार फिर 7,500 से ज्यादा मेधावी विद्यार्थियों को स्कूटी मिलने जा रही है। सरकार की इस योजना से छात्रों को न सिर्फ प्रोत्साहन मिलेगा, बल्कि उच्च शिक्षा के दौरान कॉलेज आने-जाने में भी सुविधा होगी।
