Anmol Sandesh News Desk, रायपुर
नेपाल में आई भीषण बाढ़ और तबाही के बीच रायपुर से सामने आया एक ऐसा मामला, जिसने पुलिस और प्रशासन को भी चौंका दिया। डीडी नगर इलाके की रहने वाली 24 वर्षीय महिला, जो करीब एक महीने पहले अपने पति का घर छोड़कर एक अन्य युवक के साथ नेपाल चली गई थी, अचानक नेपाल त्रासदी के बाद लापता समझी जाने लगी। महिला से संपर्क नहीं होने पर उसके पति ने नेपाल में लापता लोगों के लिए जारी हेल्पलाइन नंबर पर शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद शासन स्तर से नेपाल प्रशासन से संपर्क किया गया और महिला की तलाश शुरू हुई। राहत की बात यह रही कि तलाश के अगले ही दिन महिला जनकपुर में सुरक्षित मिल गई। डीडी नगर पुलिस ने वीडियो कॉल के जरिए महिला से बातचीत कर उसकी सकुशल होने की पुष्टि की।
Instagram से शुरू हुई थी दोस्ती
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, डीडी नगर क्षेत्र में रहने वाले 25 वर्षीय युवक की दोस्ती धमतरी क्षेत्र की 24 वर्षीय युवती से Instagram के जरिए हुई थी। सोशल मीडिया पर शुरू हुई यह दोस्ती धीरे-धीरे प्रेम में बदल गई। दोनों ने परिवार और सामाजिक परिस्थितियों के बीच दिसंबर 2025 में अंतरजातीय विवाह कर लिया। शादी के बाद कुछ समय तक दोनों साथ रहे और सब कुछ सामान्य बताया जा रहा था। लेकिन कुछ समय बाद महिला अचानक घर से चली गई। उसका मोबाइल फोन भी बंद हो गया, जिससे पति की चिंता बढ़ गई।
25 जुलाई को दर्ज कराई गुमशुदगी
पत्नी के अचानक गायब होने के बाद पति ने 25 जुलाई 2026 को डीडी नगर थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने महिला की तलाश शुरू की, लेकिन काफी समय तक उसका कोई सुराग नहीं मिल सका। इसी बीच पति को जानकारी मिली कि उसकी पत्नी नेपाल में मौजूद है। हालांकि, महिला से संपर्क नहीं हो पा रहा था। इसी दौरान नेपाल में आई भीषण बाढ़ और तबाही ने स्थिति को और गंभीर बना दिया।
नेपाल त्रासदी के बाद पति ने हेल्पलाइन पर दी जानकारी
नेपाल में बाढ़ और भूस्खलन के बाद बड़ी संख्या में लोगों के लापता होने की खबरों के बीच प्रशासन ने प्रभावित लोगों और लापता नागरिकों की जानकारी जुटाने के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी किए थे। पति ने टोल फ्री नंबर 1070 और रायपुर कंट्रोल रूम नंबर 0771-2223471 पर संपर्क कर बताया कि उसकी पत्नी नेपाल में है और उससे संपर्क नहीं हो पा रहा है। इसके बाद शासन स्तर से नेपाल प्रशासन के साथ संपर्क किया गया और महिला की तलाश शुरू कराई गई।
अगले ही दिन जनकपुर में मिली सुरक्षित
प्रशासन और पुलिस की कोशिश रंग लाई। तलाश के दौरान महिला नेपाल के जनकपुर में सुरक्षित मिल गई। गुरुवार रात डीडी नगर पुलिस ने वीडियो कॉल के जरिए महिला से बातचीत की और उसकी सकुशल होने की पुष्टि की। जांच के दौरान पुलिस को यह भी पता चला कि महिला नेपाल में एक अन्य युवक के साथ रह रही थी।
पुलिस ने की महिला की सकुशल होने की पुष्टि
एक मीडिया रिपोर्ट में एसीपी पुरानीबस्ती देवांश राठौर के हवाले से बताया गया कि महिला की गुमशुदगी का मामला डीडी नगर थाने में दर्ज था। नेपाल त्रासदी के बाद हेल्पलाइन पर मिली सूचना के आधार पर उसकी तलाश की गई और महिला सुरक्षित मिल गई। फिलहाल इस पूरे मामले में पुलिस महिला के नेपाल जाने और वहां रहने से जुड़े तथ्यों की जानकारी जुटा रही है।
एक शिकायत ने बदल दी पूरी कहानी
नेपाल में आई प्राकृतिक आपदा के बीच पति ने अपनी पत्नी को लापता समझकर हेल्पलाइन पर सूचना दी थी। पुलिस और प्रशासन की तत्परता से महज कुछ समय में महिला का पता चल गया।
