Wednesday, November 18, 2026
Homeअन्य राज्यभारत और ASEAN की तरक्की एक-दूसरे से जुड़ी: मनीला में बोले PM...

भारत और ASEAN की तरक्की एक-दूसरे से जुड़ी: मनीला में बोले PM मोदी, बोले- साझेदारी को नई ऊंचाइयों पर ले जाने का समय

Anmol Sandesh News Desk, मनीला।

भारत और दक्षिण-पूर्व एशियाई देशों के संगठन ASEAN के बीच रणनीतिक रिश्तों को और मजबूत करने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जोर दिया है। फिलीपींस की राजधानी मनीला में आयोजित 23वें ASEAN-भारत शिखर सम्मेलन में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत का विकास और ASEAN की समृद्धि एक-दूसरे से गहराई से जुड़े हुए हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि विकसित भारत-2047 और ASEAN कम्युनिटी विजन-2045 दोनों क्षेत्रों की साझा आकांक्षाओं को पूरा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

प्रधानमंत्री ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में भारत और ASEAN के संबंधों को नई गति और गहराई मिली है। भारत की ‘एक्ट ईस्ट पॉलिसी’ ने इस साझेदारी को मजबूत बनाने में अहम भूमिका निभाई है। अब दोनों पक्षों के रिश्ते केवल साझा संस्कृति और विरासत तक सीमित नहीं हैं, बल्कि डिजिटल तकनीक, रक्षा, अंतरिक्ष और अन्य आधुनिक क्षेत्रों तक भी विस्तार कर रहे हैं।

2014 से अब तक 100 से ज्यादा पहल, 250 क्विक इम्पैक्ट प्रोजेक्ट्स

प्रधानमंत्री मोदी ने भारत और ASEAN के बीच बढ़ते आपसी सहयोग का उल्लेख करते हुए बताया कि वर्ष 2014 से अब तक लोगों के बीच संपर्क और रिश्तों को मजबूत करने के लिए 100 से अधिक पहल की गई हैं। इसके अलावा लगभग 250 क्विक इम्पैक्ट प्रोजेक्ट्स शुरू किए गए और कौशल विकास के लिए 10 हजार से अधिक स्कॉलरशिप दी गई हैं।

उन्होंने कहा कि भारत और ASEAN के नौ देशों के बीच सीधी उड़ानें और पर्यटन में बढ़ोतरी दोनों पक्षों की नजदीकी को दर्शाती है। प्रधानमंत्री के मुताबिक, लोगों के बीच मजबूत संपर्क किसी भी रणनीतिक साझेदारी को टिकाऊ बनाने में अहम भूमिका निभाता है।

वैश्विक संकटों के बीच शांति और स्थिरता पर जोर

दुनिया के मौजूदा हालात का जिक्र करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में विश्व ने एक के बाद एक कई संकटों का सामना किया है। ऐसे समय में दुनिया को सबसे ज्यादा शांति, स्थिरता और भरोसेमंद माहौल की जरूरत है।

उन्होंने ASEAN शिखर सम्मेलन की इस वर्ष की थीम ‘Navigating Our Future, Together’ यानी ‘मिलकर अपने भविष्य की दिशा तय करना’ को महत्वपूर्ण बताया। प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत और ASEAN मिलकर सहयोग के रास्ते पर आगे बढ़ें, क्योंकि क्षेत्र का भविष्य प्रतिस्पर्धा के बजाय आपसी सहयोग से बेहतर बनाया जा सकता है।

मोदी ने यह भी रेखांकित किया कि भारत और ASEAN मिलकर दुनिया की लगभग एक-चौथाई आबादी का प्रतिनिधित्व करते हैं। ऐसे में दोनों पक्षों की जिम्मेदारी है कि हिंद-प्रशांत क्षेत्र को शांति और स्थिरता का केंद्र बनाने के लिए मिलकर काम करें।

समुद्री सुरक्षा से लेकर साइबर और अंतरिक्ष तक सहयोग का प्रस्ताव

शिखर सम्मेलन में प्रधानमंत्री मोदी ने भारत-ASEAN साझेदारी को और मजबूत करने के लिए कई अहम प्रस्ताव भी रखे। इनमें समुद्री संपर्क, वैज्ञानिक अनुसंधान, आपदा प्रबंधन, तटरक्षक बलों के बीच सहयोग और समुद्री सुरक्षा को मजबूत करने के लिए दीर्घकालिक समुद्री सहयोग योजना शामिल है।

इसके अलावा उन्होंने संयुक्त साइबर फॉरेंसिक प्रशिक्षण कार्यक्रम, परमाणु ऊर्जा के क्षेत्र में तकनीकी आदान-प्रदान, ASEAN-India Space Hackathon और महत्वपूर्ण खनिजों के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने का सुझाव दिया।

युवाओं के बीच संपर्क मजबूत करने के लिए यूथ समिट, युवा सांसदों के आदान-प्रदान और स्टार्टअप हैकाथॉन जैसे कार्यक्रमों का भी प्रस्ताव रखा गया। प्रधानमंत्री ने ASEAN देशों के विद्यार्थियों के लिए नालंदा विश्वविद्यालय में स्कॉलरशिप बढ़ाने और ASEAN देशों के पर्यटकों के लिए मुफ्त ई-वीजा देने का सुझाव भी दिया।

2027 में भारत-ASEAN संबंधों के 35 साल होंगे पूरे

प्रधानमंत्री मोदी ने बताया कि वर्ष 2027 भारत और ASEAN के संबंधों के लिहाज से विशेष होगा। इस साल दोनों पक्ष अपने संबंधों के 35 वर्ष और व्यापक रणनीतिक साझेदारी के पांच वर्ष पूरे होने का अवसर मनाएंगे।

उन्होंने ASEAN की एकता और केंद्रीय भूमिका के प्रति भारत की प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि भारत इस साझेदारी को नई ऊंचाइयों तक ले जाने के लिए लगातार प्रयास करता रहेगा। प्रधानमंत्री ने विश्वास जताया कि 23वां ASEAN-भारत शिखर सम्मेलन एक सुरक्षित, समावेशी और समृद्ध हिंद-प्रशांत क्षेत्र के निर्माण में योगदान देगा।

सम्मेलन में आपदा प्रबंधन के क्षेत्र में सहयोग को लेकर भारत और ASEAN नेताओं ने संयुक्त वक्तव्य भी अपनाया।

भारत के लिए ASEAN क्यों अहम?

ASEAN दक्षिण-पूर्व एशिया के 11 देशों का क्षेत्रीय संगठन है। भारत के लिए यह संगठन व्यापार, निवेश, समुद्री सुरक्षा, संपर्क और रणनीतिक सहयोग के लिहाज से महत्वपूर्ण है। भारत की ‘एक्ट ईस्ट पॉलिसी’ में ASEAN की केंद्रीय भूमिका है।

प्रधानमंत्री मोदी का संदेश साफ है कि भारत और ASEAN का भविष्य एक-दूसरे से जुड़ा है। दोनों पक्षों के बीच मजबूत सहयोग न केवल आर्थिक विकास को गति दे सकता है, बल्कि पूरे हिंद-प्रशांत क्षेत्र में शांति, स्थिरता और समृद्धि की संभावनाओं को भी मजबूत कर सकता है।

 

Kanchan Sharma
Kanchan Sharma
कंचन शर्मा वर्तमान में दैनिक समाचार पत्र "अनमोल संदेश" में कार्यरत। इलेक्ट्रॉनिक मीडिया,प्रिंट, न्यूज एजेंसी और डिजिटल पत्रकारिता में उनका लंबा अनुभव है, जिसमें उन्होंने रिपोर्टर और डेस्क पर विभिन्न भूमिकाओं में काम किया है।
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular