Anmol Sandesh News Desk,पुणे
महाराष्ट्र के चर्चित केतन अग्रवाल हत्याकांड की जांच में लगातार नए खुलासे हो रहे हैं। पुलिस जांच में अब एक तीसरे शख्स की भूमिका भी सामने आई है। सूत्रों के मुताबिक, पुलिस ने बीड जिले से एक युवक को हिरासत में लिया है, जिसे कथित तौर पर हत्या की साजिश की पहले से जानकारी थी। हालांकि, पुलिस ने अभी तक इस युवक की आधिकारिक पहचान सार्वजनिक नहीं की है।

तीसरे शख्स को पहले से थी प्लानिंग की जानकारी
जांच से जुड़े सूत्रों का दावा है कि हिरासत में लिया गया युवक सिया गोयल या चेतन चौधरी में से किसी एक का करीबी दोस्त है। आरोप है कि दोनों ने हत्या की योजना उससे पहले ही साझा की थी। पुलिस फिलहाल उससे पूछताछ कर रही है और जरूरत पड़ने पर उसे मामले में गवाह भी बनाया जा सकता है।
‘क्राइम पेट्रोल’ देखकर बनाई हत्या की रणनीति
पुलिस सूत्रों के अनुसार, जांच में यह भी सामने आया है कि मुख्य आरोपी सिया गोयल और चेतन चौधरी ने वारदात से पहले टीवी शो ‘क्राइम पेट्रोल‘ के कई एपिसोड देखे थे। आरोप है कि दोनों यह समझने की कोशिश कर रहे थे कि हत्या के बाद जांच एजेंसियों से कैसे बचा जा सकता है और शक से कैसे दूर रहा जाए।

क्या है पूरा मामला?
25 वर्षीय केतन अग्रवाल की 18 जून को पुणे के प्रसिद्ध लोहगढ़ किले से गिरने के बाद मौत हो गई थी। शुरुआत में इसे हादसा माना गया, लेकिन पुलिस जांच में मामला हत्या का निकला।पुलिस का आरोप है कि केतन, सिया और चेतन के रिश्ते में बाधा बन रहा था। इसी वजह से दोनों ने मिलकर उसकी हत्या की साजिश रची।
सिया के घर से मिले अहम सबूत
गुरुवार को पुणे पुलिस ने सिया गोयल के घर की तलाशी ली। इस दौरान घटना वाले दिन पहने गए कपड़े और कई डिजिटल सबूत बरामद किए गए। इसके बाद पुलिस सिया को पुणे के लुल्लानगर इलाके की उस पहाड़ी पर भी लेकर गई, जहां कथित तौर पर केतन को धक्का देने की पहले रिहर्सल की गई थी। पुलिस ने मौके का पंचनामा भी तैयार किया।

31 मई से 18 जून तक ऐसे रची गई हत्या की साजिश
31 मई: हत्या का पहला प्लान
पुलिस के मुताबिक, सगाई के बाद केतन अक्सर सिया को घूमाने और ट्रैकिंग पर ले जाता था। लोहगढ़ किले की एक यात्रा के दौरान ही सिया के मन में हत्या की योजना आई।
5 जून: पहली कोशिश नाकाम
सिया ने दोबारा किले पर जाने की जिद की, लेकिन केतन तैयार नहीं हुआ। इसी दौरान बाली ट्रिप को रोकने के लिए सिया ने कथित तौर पर केतन का पासपोर्ट भी छिपा दिया।
14 जून: पहली हत्या की कोशिश
पुलिस का दावा है कि 14 जून को सिया ने लोहगढ़ किले पर केतन को धक्का देने की कोशिश की, लेकिन वह पेड़ का सहारा मिलने से बच गया। पूछने पर सिया ने कहा कि उसने उसे सांप से बचाने के लिए धक्का दिया था। केतन ने घर लौटकर इस घटना का जिक्र भी किया था।
18 जून: तीसरी कोशिश में हुई हत्या
पुलिस के अनुसार, 19 जून को सिया का जन्मदिन मनाने के लिए महाबलेश्वर जाने से पहले उसने प्री-वेडिंग फोटोशूट का बहाना बनाकर केतन को एक बार फिर लोहगढ़ किले पर बुलाया। इस बार चेतन भी पीछे-पीछे पहुंचा। आरोप है कि जैसे ही केतन पहाड़ियों की ओर देख रहा था, सिया और चेतन ने पीछे से धक्का देकर उसे गहरी खाई में गिरा दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।
जांच जारी
पुलिस मामले में डिजिटल सबूत, कॉल रिकॉर्ड, लोकेशन डेटा और अन्य फॉरेंसिक साक्ष्यों की जांच कर रही है। तीसरे शख्स से पूछताछ के बाद मामले में और बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।
