Anmol Sandesh News Desk,पुणे
पुणे के चर्चित केतन अग्रवाल हत्याकांड में हर दिन नए खुलासे हो रहे हैं। सोशल मीडिया पर परफेक्ट लव स्टोरी की तरह दिखने वाला रिश्ता अब एक खौफनाक मर्डर मिस्ट्री में बदल चुका है। पुलिस जांच में सामने आया है कि 20 वर्षीय सिया गोयल ने अपने प्रेमी चेतन चौधरी के साथ मिलकर मंगेतर केतन अग्रवाल की हत्या की साजिश रची थी।सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि हत्या से कुछ दिन पहले तक सिया सोशल मीडिया पर केतन के साथ रोमांटिक तस्वीरें और वीडियो शेयर कर रही थी। दोनों की शादी नवंबर 2026 में होने वाली थी और तैयारियां भी जोर-शोर से चल रही थीं।
सोशल मीडिया पर दिखती थी ‘परफेक्ट लव स्टोरी’
सिया गोयल के इंस्टाग्राम अकाउंट पर केतन के साथ कई रोमांटिक पोस्ट मौजूद थीं। कभी प्रपोजल की तस्वीरें, कभी फूलों के साथ सरप्राइज, तो कभी डांस और कपल वीडियो।फरवरी में सगाई के बाद सिया ने केतन के साथ केक की तस्वीर पोस्ट करते हुए लिखा था कि उसके दिल को उसका घर मिले एक महीना पूरा हो गया है। दोनों की शादी को लेकर भी कई पोस्ट सोशल मीडिया पर साझा की गई थीं।19 जून को सिया का जन्मदिन था। केतन ने एक महीने पहले से ही उसके लिए सरप्राइज प्लान करने शुरू कर दिए थे। वह रोजाना किसी न किसी तरीके से सिया को स्पेशल फील कराता था। एक वीडियो में वह फूलों से सजी कार गिफ्ट करता दिखाई देता है। सिया ने इस वीडियो को पोस्ट करते हुए लिखा था कि उसने मेरी पसंद को बहुत गंभीरता से ले लिया।
हत्या के अगले दिन किया भावुक पोस्ट
पुलिस जांच के अनुसार हत्या 18 जून को हुई थी। वहीं 19 जून को सिया ने सोशल मीडिया पर एक भावुक पोस्ट शेयर करते हुए लिखा कि “केतन, तुम मुझे मेरे जन्मदिन पर अकेला छोड़ गए, वापस आ जाओ।”अब पुलिस का मानना है कि यह पोस्ट लोगों और जांच एजेंसियों को गुमराह करने की कोशिश थी।

लोहगढ़ किले पर रची गई मौत की साजिश
पुलिस के मुताबिक सिया और चेतन पिछले करीब एक साल से रिलेशनशिप में थे। लेकिन परिवार ने सिया की शादी केतन अग्रवाल से तय कर दी थी।जांच में सामने आया कि सिया इस शादी से खुश नहीं थी और उसे लगता था कि केतन उसके और चेतन के रिश्ते के बीच सबसे बड़ी बाधा है। इसी वजह से दोनों ने केतन को रास्ते से हटाने की साजिश रची।18 जून को सिया ट्रैकिंग के बहाने केतन को पुणे के प्रसिद्ध लोहगढ़ किले पर लेकर गई। वहां पहले से मौजूद चेतन चौधरी भी उनके पीछे-पीछे पहुंचा। आरोप है कि दोनों ने मिलकर केतन को लगभग 400 फीट गहरी खाई में धक्का दे दिया।
33 डिग्री तापमान में पहनी हुडी ने खोला राज
शुरुआत में पुलिस ने इस घटना को हादसा मानकर मामला दर्ज किया था। लेकिन जांच के दौरान CCTV फुटेज में एक युवक संदिग्ध अवस्था में नजर आया।फुटेज में केतन और सिया के पीछे लगभग 20 फीट की दूरी पर एक युवक चलता दिखाई दिया। उसने शॉर्ट्स और हुडी पहन रखी थी तथा चेहरा पूरी तरह ढका हुआ था।पुलिस ने जब उस दिन का तापमान चेक किया तो पता चला कि उस समय लगभग 33 डिग्री सेल्सियस तापमान था। इतनी गर्मी में हुडी पहनना संदेहास्पद लगा और यहीं से जांच की दिशा बदल गई।

CCTV से लेकर कॉल रिकॉर्ड तक जुड़ती गई कड़ियां
पुलिस ने सिया के कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) की जांच की। इसमें सामने आया कि 1 जनवरी से 18 जून के बीच सिया और चेतन के बीच 2004 कॉल्स हुई थीं। दोनों ने लगभग 238 घंटे बातचीत की थी।जब चेतन की तस्वीरों और सोशल मीडिया प्रोफाइल को CCTV फुटेज से मिलाया गया तो संदेह यकीन में बदल गया। इसके बाद पुलिस ने चेतन को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की।
पहले भी हो चुकी थी हत्या की कोशिश
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि सिया इससे पहले भी कई बार केतन को लोहगढ़ किले ले जाने की कोशिश कर चुकी थी।31 मई को वह केतन को वहां लेकर गई थी। इसके बाद 4 जून को भी उसने जाने की जिद की, लेकिन परिवार ने मना कर दिया। फिर 14 जून को दोनों वहां पहुंचे, जहां कथित तौर पर सिया ने उसे धक्का देने की कोशिश की थी।बताया जा रहा है कि उस समय केतन झाड़ियों को पकड़कर बच गया था। बाद में सिया ने सांप दिखने का बहाना बनाकर पूरी घटना को हादसा बता दिया।

शादी की तैयारियां थीं जोरों पर
केतन अग्रवाल पुणे के जाने-माने रियल एस्टेट कारोबारी विशाल अग्रवाल के बेटे थे। वे पारिवारिक कंपनी में डायरेक्टर और चीफ मार्केटिंग ऑफिसर (CMO) के पद पर कार्यरत थे।उन्होंने सिंबायोसिस यूनिवर्सिटी से BBA और अमेरिका के बैब्सन बिजनेस स्कूल से मास्टर डिग्री हासिल की थी।नवंबर में होने वाली शादी के लिए राजस्थान में करीब 17 करोड़ रुपये का एक भव्य पैलेस बुक किया गया था। मेहमानों के लिए दो चार्टर्ड विमान तक रिजर्व किए गए थे।लेकिन शादी के सपनों से सजी यह कहानी लोहगढ़ किले की खाई में खत्म हो गई और अब यह मामला देश के सबसे चर्चित मर्डर केसों में शामिल हो चुका है।
पुलिस की कार्रवाई जारी
पुलिस ने सिया गोयल और चेतन चौधरी दोनों को हत्या और आपराधिक साजिश के आरोप में गिरफ्तार कर लिया है। मामले की आगे की जांच जारी है और पुलिस डिजिटल साक्ष्यों, सोशल मीडिया गतिविधियों तथा अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।
