Anmol Sandesh News Desk, शिमला।
Kangana Ranaut FIR: बॉलीवुड अभिनेत्री और बीजेपी सांसद कंगना रनौत की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी और गांधी परिवार को लेकर सोशल मीडिया पर की गई कथित आपत्तिजनक पोस्ट के मामले में हिमाचल प्रदेश की शिमला पुलिस ने कंगना रनौत के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। यह कार्रवाई रिटायर्ड कैप्टन अतुल शर्मा की शिकायत के आधार पर की गई है।
मिली जानकारी के अनुसार, कंगना रनौत ने 10 नवंबर को सोशल मीडिया पर एक पोस्ट साझा की थी। इस पोस्ट को लेकर रिटायर्ड कैप्टन अतुल शर्मा ने हिमाचल प्रदेश के पुलिस महानिदेशक (DGP) से शिकायत की थी। शिकायत में पोस्ट की भाषा और उसमें लगाए गए कथित आरोपों पर आपत्ति जताई गई थी।
शिकायत में क्या आरोप लगाए गए?
शिकायतकर्ता अतुल शर्मा का आरोप है कि कंगना रनौत की ओर से सोशल मीडिया पर की गई पोस्ट भड़काऊ और भ्रामक है। उनका कहना है कि पोस्ट में किए गए दावों की कोई ठोस सच्चाई नहीं है और इस तरह की सामग्री समाज में गलत संदेश देने के साथ माहौल खराब कर सकती है।
अतुल शर्मा ने पुलिस से मामले की जांच कर उचित कार्रवाई करने की मांग की थी। शिकायत के बाद पुलिस मुख्यालय स्तर पर मामले को संज्ञान में लिया गया और केस दर्ज करने के निर्देश दिए गए।
बालूगंज थाने में दर्ज हुई FIR
शिकायत के आधार पर शिमला के बालूगंज थाने में कंगना रनौत के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। जानकारी के मुताबिक, 13 नवंबर की देर रात पुलिस ने यह मामला दर्ज किया। अब पुलिस सोशल मीडिया पोस्ट और शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच करेगी।
राजनीतिक और सोशल मीडिया हलकों में चर्चा तेज
कंगना रनौत के खिलाफ एफआईआर दर्ज होने की खबर सामने आने के बाद राजनीतिक और सोशल मीडिया हलकों में चर्चा तेज हो गई है। कंगना रनौत अपने बेबाक बयानों और सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर अक्सर सुर्खियों में रहती हैं। फिलहाल इस मामले में पुलिस की जांच और आगे की कानूनी कार्रवाई पर सबकी नजरें टिकी हैं।
