Sunday, September 13, 2026
Homeअन्य राज्यएमपी में तेजी से बढ़ रहा स्वाइन फ्लू का संक्रमण, इंदौर में...

एमपी में तेजी से बढ़ रहा स्वाइन फ्लू का संक्रमण, इंदौर में 292 सैंपल की जांच में 172 H1N1 पॉजिटिव

Anmol Sandesh News Desk, भोपाल 

H1N1 Cases: छत्तीसगढ़ के बाद अब मध्य प्रदेश में भी स्वाइन फ्लू यानी H1N1 संक्रमण के बढ़ते मामलों ने चिंता बढ़ा दी है। इंदौर में 1 अगस्त से 10 सितंबर के बीच 292 सैंपल की जांच की गई, जिनमें से 172 सैंपल H1N1 पॉजिटिव पाए गए। आंकड़ों के मुताबिक निजी अस्पतालों से जांच के लिए भेजे गए 199 सैंपल में 153 संक्रमित मिले, जबकि सरकारी अस्पतालों के 93 सैंपल में 19 में H1N1 की पुष्टि हुई।

इंफ्लुएंजा-B के भी मिले मामले

इंदौर में H1N1 के साथ अन्य वायरल संक्रमण भी सामने आ रहे हैं। जांच किए गए सैंपलों में 8 मामलों में इंफ्लुएंजा-B की पुष्टि हुई है। वहीं राजधानी भोपाल में भी स्वाइन फ्लू के मामले बढ़ने की बात सामने आई है। रिपोर्ट्स के मुताबिक वहां जांच किट की उपलब्धता को लेकर भी सवाल उठे हैं। बढ़ते मामलों के बीच स्वास्थ्य विभाग और अस्पतालों के लिए संक्रमित मरीजों की समय पर पहचान, निगरानी और उपचार महत्वपूर्ण चुनौती बनता जा रहा है।

कुछ मरीजों में अलग तरह के लक्षण

स्वाइन फ्लू के मरीजों में आमतौर पर बुखार, खांसी, गले में खराश, सिरदर्द, बदन दर्द और कमजोरी जैसे लक्षण देखे जा सकते हैं। वहीं ग्वालियर में सामने आए कुछ मरीजों में ब्रैडीकार्डिया यानी सामान्य से धीमी हार्टबीट, लगातार चक्कर, अत्यधिक कमजोरी और ऑक्सीजन लेवल में उतार-चढ़ाव जैसे लक्षण बताए गए हैं। इन लक्षणों ने चिकित्सकों का ध्यान बीमारी के गंभीर मामलों में होने वाली संभावित जटिलताओं की ओर खींचा है। खासतौर पर बुजुर्गों और पहले से किसी बीमारी से जूझ रहे मरीजों में सावधानी और समय पर चिकित्सकीय सलाह बेहद जरूरी मानी जा रही है।

शाजापुर की महिला की मौत से चिंता बढ़ी

स्वाइन फ्लू से जुड़ी मौतों के मामलों ने भी चिंता बढ़ाई है। शाजापुर जिले की एक महिला की इंदौर के निजी अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हुई। बताया गया कि उन्हें 28 अगस्त से बुखार, सिरदर्द और सांस लेने में परेशानी थी। हालत बिगड़ने पर उन्हें इंदौर के अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

उज्जैन की 60 वर्षीय महिला ने भी दम तोड़ा

इससे पहले उज्जैन के ऋषि नगर निवासी 60 वर्षीय सरोज नागर की भी इंदौर के कोकिलाबेन अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो चुकी है। गंभीर हालत में उन्हें उज्जैन से इंदौर रेफर किया गया था। अस्पताल में करीब 16 दिनों तक उनका उपचार चला, लेकिन उनकी हालत में सुधार नहीं हो सका।

बढ़ते संक्रमण के बीच सावधानी जरूरी

H1N1 एक प्रकार का इन्फ्लुएंजा वायरस है और इसका संक्रमण श्वसन तंत्र को प्रभावित कर सकता है। बुखार, खांसी, सांस लेने में परेशानी, अत्यधिक कमजोरी या ऑक्सीजन स्तर में गिरावट जैसे लक्षण दिखाई देने पर मरीज को लापरवाही नहीं करनी चाहिए और चिकित्सकीय सलाह लेनी चाहिए।

 

Kanchan Sharma
Kanchan Sharma
कंचन शर्मा वर्तमान में दैनिक समाचार पत्र "अनमोल संदेश" में कार्यरत। इलेक्ट्रॉनिक मीडिया,प्रिंट, न्यूज एजेंसी और डिजिटल पत्रकारिता में उनका लंबा अनुभव है, जिसमें उन्होंने रिपोर्टर और डेस्क पर विभिन्न भूमिकाओं में काम किया है।
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular