Friday, June 26, 2026
HomeVideosदेशभर में मौसम का डबल अटैक,जयपुर-कोलकाता बारिश से बेहाल, MP में टूरिस्ट...

देशभर में मौसम का डबल अटैक,जयपुर-कोलकाता बारिश से बेहाल, MP में टूरिस्ट स्पॉट बंद, UP-बिहार में हीटवेव का कहर !

Anmol Sandesh News Desk,नई दिल्ली/भोपाल/जयपुर/लखनऊ/

देशभर में मौसम के अलग-अलग रंग देखने को मिल रहे हैं। कहीं मूसलाधार बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है तो कहीं भीषण गर्मी और हीटवेव लोगों की परेशानी बढ़ा रही है। राजस्थान की राजधानी जयपुर और पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता में गुरुवार को हुई तेज बारिश से सड़कें जलमग्न हो गईं। वहीं मध्य प्रदेश में लगातार बारिश और हादसों की आशंका को देखते हुए इंदौर के 15 प्रमुख पर्यटन स्थलों को 22 अगस्त तक बंद कर दिया गया है। दूसरी ओर उत्तर प्रदेश और बिहार के कई जिलों में हीटवेव का असर जारी है।

जयपुर में आधे घंटे की बारिश से शहर पानी-पानी

राजस्थान में मानसून की दस्तक से पहले गुरुवार को जयपुर में करीब 30 मिनट में 50 मिमी बारिश दर्ज की गई। तेज बारिश के चलते कई प्रमुख सड़कें आधा से एक फीट तक पानी में डूब गईं। कई वाहन बीच सड़क पर बंद हो गए, जबकि दुकानों और मकानों में भी पानी घुस गया। अजमेर, कोटा, भरतपुर, बीकानेर, नागौर, भीलवाड़ा और जोधपुर में भी अच्छी बारिश दर्ज की गई।

कोलकाता में अस्पताल तक पहुंचा बारिश का पानी

कोलकाता में करीब एक घंटे की बारिश ने शहर की रफ्तार थाम दी। कई प्रमुख मार्गों पर एक फीट तक पानी भर गया। शहर के प्रसिद्ध SSKM अस्पताल के अंदर तक पानी घुसने से मरीजों और उनके परिजनों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

मध्य प्रदेश: इंदौर के 15 पर्यटन स्थल 22 अगस्त तक बंद

बारिश के दौरान हादसों की आशंका को देखते हुए प्रशासन ने इंदौर के 15 पर्यटन स्थलों पर पर्यटकों की एंट्री 22 अगस्त तक प्रतिबंधित कर दी है। वहीं शाजापुर जिले में आकाशीय बिजली गिरने से एक बुजुर्ग की मौत हो गई। मौसम विभाग के अनुसार अगले 2 से 4 दिनों में मानसून पूरे मध्य प्रदेश को कवर कर सकता है। आज राज्य के 45 जिलों में आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया गया है, जबकि भोपाल और उज्जैन संभाग में अगले दो दिनों में मानसून पहुंचने की संभावना है।

उत्तर प्रदेश: मानसून लेट, हीटवेव बरकरार

उत्तर प्रदेश में मानसून सामान्य से 8 दिन देरी से पहुंच रहा है। मौसम विभाग के मुताबिक 28 जून तक मानसून की एंट्री संभव है। फिलहाल राज्य के कई हिस्सों में प्री-मानसून बारिश हो रही है, लेकिन 8 जिलों में हीटवेव की स्थिति बनी हुई है। प्रयागराज 43°C तापमान के साथ गुरुवार को देश का सबसे गर्म शहर रहा।

बिहार: बारिश का इंतजार, गर्मी का सितम

बिहार में मानसून की एंट्री हो चुकी है, लेकिन कई इलाकों में तेज धूप और गर्म हवाएं चल रही हैं। मौसम विभाग ने 18 जिलों में बारिश और 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी का अलर्ट जारी किया है। अनुमान है कि 27 जून के बाद पूरे बिहार में अच्छी बारिश होगी, जिससे तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है।

उत्तराखंड और हरियाणा का हाल

उत्तराखंड के पहाड़ी जिलों में आज बारिश और 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। राज्य में 28 से 30 जून के बीच मानसून पहुंच सकता है।हरियाणा में पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर और कुरुक्षेत्र में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। हालांकि राज्य में गर्मी का असर भी बना हुआ है और रोहतक सहित कई शहरों में तापमान 42°C के आसपास दर्ज किया गया।

अगले 48 घंटे का मौसम अपडेट

27 जून

  • असम, मेघालय, पश्चिम बंगाल और सिक्किम में भारी बारिश की संभावना।
  • गोवा, तेलंगाना, कर्नाटक के तटीय इलाकों में ऑरेंज अलर्ट।
  • आंध्र प्रदेश, झारखंड और ओडिशा में तेज बारिश की चेतावनी।
  • मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश और महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों में हीटवेव का अलर्ट।

28 जून

  • छत्तीसगढ़, तेलंगाना, ओडिशा, केरल, गोवा, तमिलनाडु, अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, पश्चिम बंगाल और सिक्किम में भारी बारिश की संभावना।
  • बिहार में 50 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी चल सकती है।
  • मध्य प्रदेश, ओडिशा, पूर्वी राजस्थान और तमिलनाडु में तेज हवाएं चलने का अनुमान।
  • पूर्वी उत्तर प्रदेश में हीटवेव जारी रहने की संभावना।

फिलहाल देशभर में मौसम का मिजाज पूरी तरह बदला हुआ है। एक तरफ बारिश से जलभराव और बाढ़ जैसे हालात बन रहे हैं, तो दूसरी ओर कई राज्यों में भीषण गर्मी लोगों की मुश्किलें बढ़ा रही है। मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने और स्थानीय प्रशासन की सलाह का पालन करने की अपील की है।

 

Kanchan Sharma
Kanchan Sharma
कंचन शर्मा वर्तमान में दैनिक समाचार पत्र "अनमोल संदेश" में कार्यरत। इलेक्ट्रॉनिक मीडिया,प्रिंट, न्यूज एजेंसी और डिजिटल पत्रकारिता में उनका लंबा अनुभव है, जिसमें उन्होंने रिपोर्टर और डेस्क पर विभिन्न भूमिकाओं में काम किया है।
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular