Anmol Sandesh News Desk, नागपुर
महाराष्ट्र के नागपुर में एक 24 वर्षीय महिला ने अपने स्कूल के पूर्व सहपाठी और अन्य लोगों पर रेप, ब्लैकमेलिंग, जबरन धर्मांतरण और मानसिक उत्पीड़न के गंभीर आरोप लगाए हैं। मामले में पुलिस ने विभिन्न धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।पीड़िता के अनुसार, मुख्य आरोपी अयाज ताज मदारे ने प्लॉट खरीदने के बहाने उससे संपर्क किया था। महिला का आरोप है कि फरवरी 2025 में उसे एक होटल में बुलाकर नशीला पदार्थ दिया गया, जिसके बाद उसकी आपत्तिजनक फोटो और वीडियो बना लिए गए। बाद में इन्हीं वीडियो के जरिए उसे कथित रूप से ब्लैकमेल किया गया।शिकायत के मुताबिक, आरोपी ने कई बार यौन शोषण किया और उससे लाखों रुपये वसूले। महिला ने यह भी आरोप लगाया कि उस पर धर्म परिवर्तन का दबाव बनाया गया और विभिन्न धार्मिक रस्मों में शामिल होने के लिए मजबूर किया गया।
वीडियो आया सामने
मामले से जुड़ा एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें महिला कथित रूप से विरोध करती और रोती हुई दिखाई दे रही है। वीडियो की सत्यता और परिस्थितियों की जांच पुलिस द्वारा की जा रही है।
जबरन निकाह और धर्मांतरण का आरोप
महिला का दावा है कि 31 मई को उसे नागपुर के पास एक स्थान पर ले जाया गया, जहां अन्य लोगों की मौजूदगी में उससे जबरन धार्मिक रस्में कराई गईं और कथित रूप से निकाह पढ़वाया गया। शिकायत में कहा गया है कि उसकी इच्छा के विरुद्ध यह सब कराया गया।
पति को बताई पूरी घटना
पीड़िता के पति भारतीय वायुसेना में कार्यरत हैं और दूसरे शहर में तैनात हैं। महिला ने आरोप लगाया कि पति के लौटने के बाद उसने पूरी घटना की जानकारी दी, जिसके बाद पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई।
पुलिस जांच जारी
पुलिस ने मामले में रेप, बार-बार यौन शोषण, ब्लैकमेलिंग, जबरन वसूली, जबरन धर्मांतरण और महाराष्ट्र अंधश्रद्धा एवं काला जादू विरोधी कानून की संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज किया है। आरोपियों के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जब्त कर फोरेंसिक जांच कराई जा रही है।पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और जांच पूरी होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
