Saturday, September 19, 2026
Homeअन्य राज्यMP Weather: मानसून की विदाई से पहले फिर बरसेंगे बादल, 21 सितंबर...

MP Weather: मानसून की विदाई से पहले फिर बरसेंगे बादल, 21 सितंबर तक बारिश का दौर; 40 KM की रफ्तार से चलेंगी हवाएं

Anmol Sandesh News Desk, भोपाल

MP Weather Today: मध्य प्रदेश में दक्षिण-पश्चिम मानसून अब अपने अंतिम चरण में पहुंच चुका है, लेकिन विदाई से पहले प्रदेश में बारिश का एक और दौर देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग के 17 सितंबर को जारी बुलेटिन के मुताबिक 17 से 21 सितंबर तक प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश, गरज-चमक और बौछारें पड़ने की संभावना है। वहीं, करीब 19 सितंबर से पश्चिमी राजस्थान के कुछ हिस्सों से दक्षिण-पश्चिम मानसून की वापसी के लिए परिस्थितियां अनुकूल होने के संकेत हैं।

इन जिलों में बारिश के ज्यादा आसार

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक सिंगरौली, सीधी, रीवा, मऊगंज, अनूपपुर, शहडोल और डिंडोरी में अनेक स्थानों पर बारिश होने की संभावना है। इसके अलावा भोपाल, विदिशा, रायसेन, सीहोर, नर्मदापुरम, गुना, अशोकनगर, शिवपुरी, ग्वालियर, दतिया, भिंड, मुरैना, श्योपुर, सतना, उमरिया, कटनी, जबलपुर, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा, सिवनी, मंडला और बालाघाट समेत कई जिलों में कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है। पन्ना, दमोह, सागर, छतरपुर, टीकमगढ़, निवाड़ी, मैहर और पांढुर्णा में भी बारिश की संभावना जताई गई है।

इंदौर-उज्जैन समेत इन इलाकों में बौछारें

मालवा और निमाड़ क्षेत्र में भी मौसम सक्रिय रह सकता है। राजगढ़, बैतूल, हरदा, बुरहानपुर, खंडवा, खरगोन, बड़वानी, अलीराजपुर, झाबुआ, धार, इंदौर, रतलाम, उज्जैन, देवास, शाजापुर, आगर, मंदसौर और नीमच में कहीं-कहीं बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने का अनुमान है।

30 से 40 KM की रफ्तार से चल सकती हैं हवाएं

बारिश के साथ कई जिलों में गरज-चमक, आकाशीय बिजली और तेज हवाओं का असर देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग ने कुछ इलाकों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने की चेतावनी दी है। आंधी-तूफान के दौरान लोगों को पेड़ों और बिजली के खंभों से दूरी बनाए रखने तथा खुले स्थानों पर जाने से बचने की सलाह दी गई है।

कम दबाव का क्षेत्र बढ़ा सकता है बारिश

मौसम विभाग के अनुसार सौराष्ट्र और उससे लगे उत्तर-पूर्वी अरब सागर के ऊपर कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। इसके अलावा उत्तर थाईलैंड के ऊपर बना चक्रवाती परिसंचरण 18 सितंबर की शाम के आसपास उत्तर अंडमान सागर की ओर पहुंच सकता है। इसके प्रभाव से 19 सितंबर की शाम के आसपास उत्तर अंडमान सागर में कम दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है। यह सिस्टम अगले 3 से 4 दिनों में दक्षिण ओडिशा और उत्तर आंध्र प्रदेश तट की ओर बढ़ सकता है। इससे बारिश की गतिविधियों में बढ़ोतरी की संभावना है।

MP के कई जिलों में पहले ही हुई बारिश

पिछले 24 घंटों के दौरान रीवा संभाग के कई स्थानों, शहडोल और सागर संभाग के कुछ स्थानों तथा भोपाल, इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर, चंबल और जबलपुर संभागों में कहीं-कहीं बारिश दर्ज की गई। इस दौरान हटपिपल्या में 45 मिमी, रहटगढ़ में 29.4 मिमी और सतना में 25.2 मिमी बारिश दर्ज की गई।

मानसून की विदाई करीब, लेकिन बारिश अभी बाकी

मध्य प्रदेश में मानसून की विदाई का समय नजदीक है। इसके बावजूद अगले कुछ दिनों तक प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में बारिश और गरज-चमक की गतिविधियां जारी रह सकती हैं। ऐसे में किसानों और आम लोगों को स्थानीय मौसम चेतावनियों पर नजर रखने की सलाह दी गई है।

Kanchan Sharma
Kanchan Sharma
कंचन शर्मा वर्तमान में दैनिक समाचार पत्र "अनमोल संदेश" में कार्यरत। इलेक्ट्रॉनिक मीडिया,प्रिंट, न्यूज एजेंसी और डिजिटल पत्रकारिता में उनका लंबा अनुभव है, जिसमें उन्होंने रिपोर्टर और डेस्क पर विभिन्न भूमिकाओं में काम किया है।
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular