Saturday, September 19, 2026
Homeअन्य राज्यCG Weather: उमस और गर्मी के बाद फिर बदलेगा मौसम का मिजाज,...

CG Weather: उमस और गर्मी के बाद फिर बदलेगा मौसम का मिजाज, आज से तेज बारिश के आसार; कई इलाकों में अलर्ट

Anmol Sandesh News Desk, रायपुर

CG Weather Today: छत्तीसगढ़ में पिछले कुछ दिनों से कमजोर पड़े मानसून के कारण तेज गर्मी और उमस ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी थी। अब प्रदेश में एक बार फिर मौसम का मिजाज बदलने के संकेत हैं। मौसम विभाग के अनुसार शनिवार से बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं। अगले दो दिनों में प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर तेज बारिश होने की संभावना है।

रायपुर में शाम को बदला मौसम

राजधानी रायपुर में शुक्रवार को दिनभर तेज गर्मी और उमस के बाद शाम के समय अचानक मौसम बदला। घने बादल छाने के बाद गरज-चमक के साथ करीब आधे घंटे तक तेज बारिश हुई। बारिश के बाद तापमान में गिरावट आई और लोगों को उमस से कुछ राहत मिली। सुबह तेज धूप रही, जबकि दोपहर बाद आसमान में बादल छाने लगे। शाम को वातावरण में नमी बढ़ने के साथ बारिश शुरू हो गई।

कम बारिश से बढ़ रहा था तापमान

प्रदेश में बारिश की गतिविधियां कमजोर पड़ने के कारण कई शहरों में दिन का तापमान लगातार बढ़ रहा था। शुक्रवार को राजनांदगांव में अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं रायपुर में पारा 33.1 डिग्री तक पहुंच गया, जो सामान्य से करीब 1.5 डिग्री अधिक रहा। अंबिकापुर और जगदलपुर में भी तापमान सामान्य से करीब 3.4 डिग्री अधिक दर्ज किया गया। बारिश में आई कमी के साथ बढ़ती गर्मी और उमस से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।

अंडमान सागर में बन रहा कम दबाव का क्षेत्र

मौसम में बदलाव की बड़ी वजह उत्तर अंडमान सागर के ऊपर बनने वाला कम दबाव का क्षेत्र माना जा रहा है। मौसम विभाग के अनुसार 19 सितंबर की शाम तक यहां कम दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है। इस सिस्टम के प्रभाव से समुद्र से नमी प्रदेश की ओर आने लगेगी। इसके चलते छत्तीसगढ़ में मानसूनी गतिविधियां फिर सक्रिय हो सकती हैं और आने वाले दिनों में बारिश का दौर बढ़ सकता है।

आज कई इलाकों में बारिश के आसार

मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक शनिवार को प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। वहीं कुछ स्थानों पर तेज बारिश होने की भी संभावना है। अगले दो दिनों के दौरान कुछ इलाकों में भारी बारिश की स्थिति बन सकती है। इसके साथ ही एक-दो स्थानों पर गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की चेतावनी भी जारी की गई है।

इन इलाकों में हुई बारिश

शुक्रवार को भी प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश दर्ज की गई। पथरिया में सबसे ज्यादा 40 मिलीमीटर बारिश हुई। इसके अलावा सूरजपुर और बम्हनीडीह में करीब 30-30 मिलीमीटर, जबकि उसूर, जनकपुर-भरतपुर, बागबहार और करतला में करीब 20-20 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई।

उमस से मिलेगी राहत, लेकिन सावधानी जरूरी

बारिश का दौर शुरू होने से प्रदेश में बढ़ी गर्मी और उमस से राहत मिलने की उम्मीद है। हालांकि तेज बारिश और गरज-चमक के दौरान लोगों को खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों के नीचे खड़े होने से बचने की सलाह दी जाती है।

 

Kanchan Sharma
Kanchan Sharma
कंचन शर्मा वर्तमान में दैनिक समाचार पत्र "अनमोल संदेश" में कार्यरत। इलेक्ट्रॉनिक मीडिया,प्रिंट, न्यूज एजेंसी और डिजिटल पत्रकारिता में उनका लंबा अनुभव है, जिसमें उन्होंने रिपोर्टर और डेस्क पर विभिन्न भूमिकाओं में काम किया है।
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular