Anmol Sandesh News Desk, जमुई,बिहार
Jamui Viral Video Case: बिहार के जमुई में नाबालिग छात्र-छात्रा से कथित बदसलूकी, मारपीट और छेड़छाड़ का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। पुलिस ने अब तक तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है और मामले की जांच के लिए SIT का गठन किया गया है। पुलिस के मुताबिक, वीडियो के आधार पर करीब सात लोगों की पहचान की गई है और बाकी संदिग्धों की तलाश जारी है।
19 सितंबर की शाम हुई थी घटना
पुलिस के अनुसार, घटना 19 सितंबर की शाम करीब 7 बजे जमुई थाना क्षेत्र में हुई। दोनों नाबालिग कोचिंग से लौटने के बाद एक इलाके में गए थे। इसी दौरान एक समूह ने उन्हें रोक लिया। वायरल वीडियो में दोनों को घेरकर उनके साथ कथित तौर पर अभद्र व्यवहार और मारपीट करते हुए देखा गया। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने पीड़ित दोनों नाबालिगों की पहचान कर उनके बयान दर्ज किए। पुलिस ने मामले की जांच के दौरान वीडियो और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान शुरू की।
POCSO एक्ट के तहत FIR, SIT कर रही जांच
ADG लॉ एंड ऑर्डर के मुताबिक मामले में POCSO एक्ट की धाराओं 8 और 12 समेत संबंधित कानूनी धाराओं के तहत FIR दर्ज की गई है। मामले की जांच के लिए SIT गठित की गई है, जिसकी निगरानी जमुई SDPO कर रही हैं। पुलिस बाकी आरोपियों की तलाश में छापेमारी कर रही है।
32 सोशल मीडिया अकाउंट्स पर कार्रवाई
पुलिस ने वायरल वीडियो के प्रसार को रोकने के लिए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर भी कार्रवाई शुरू की है। अब तक 13 फेसबुक, 12 इंस्टाग्राम और 7 X अकाउंट्स, यानी कुल 32 अकाउंट्स के खिलाफ टेकडाउन कार्रवाई की गई है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि नाबालिगों की पहचान उजागर करने वाला वीडियो डाउनलोड या शेयर न करें।
राष्ट्रीय महिला आयोग ने भी लिया संज्ञान
मामले पर राष्ट्रीय महिला आयोग (NCW) ने स्वतः संज्ञान लिया है। आयोग की अध्यक्ष विजया रहाटकर ने बिहार के DGP से आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी, समयबद्ध एवं निष्पक्ष जांच तथा पीड़ितों की सुरक्षा और निजता सुनिश्चित करने को कहा है। आयोग ने मामले में कार्रवाई रिपोर्ट भी मांगी है। पुलिस का कहना है कि जांच जारी है और वीडियो में नजर आ रहे अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। साथ ही अधिकारियों ने सोशल मीडिया पर नाबालिगों से संबंधित आपत्तिजनक वीडियो को आगे प्रसारित नहीं करने की अपील की है।
