Monday, September 21, 2026
Homeअन्य राज्यजमुई कांड में 3 आरोपी गिरफ्तार, 32 सोशल मीडिया अकाउंट्स पर टेकडाउन...

जमुई कांड में 3 आरोपी गिरफ्तार, 32 सोशल मीडिया अकाउंट्स पर टेकडाउन एक्शन; SIT ने संभाली जांच

Anmol Sandesh News Desk, जमुई,बिहार

Jamui Viral Video Case: बिहार के जमुई में नाबालिग छात्र-छात्रा से कथित बदसलूकी, मारपीट और छेड़छाड़ का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। पुलिस ने अब तक तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है और मामले की जांच के लिए SIT का गठन किया गया है। पुलिस के मुताबिक, वीडियो के आधार पर करीब सात लोगों की पहचान की गई है और बाकी संदिग्धों की तलाश जारी है।

19 सितंबर की शाम हुई थी घटना

पुलिस के अनुसार, घटना 19 सितंबर की शाम करीब 7 बजे जमुई थाना क्षेत्र में हुई। दोनों नाबालिग कोचिंग से लौटने के बाद एक इलाके में गए थे। इसी दौरान एक समूह ने उन्हें रोक लिया। वायरल वीडियो में दोनों को घेरकर उनके साथ कथित तौर पर अभद्र व्यवहार और मारपीट करते हुए देखा गया। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने पीड़ित दोनों नाबालिगों की पहचान कर उनके बयान दर्ज किए। पुलिस ने मामले की जांच के दौरान वीडियो और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान शुरू की।

POCSO एक्ट के तहत FIR, SIT कर रही जांच

ADG लॉ एंड ऑर्डर के मुताबिक मामले में POCSO एक्ट की धाराओं 8 और 12 समेत संबंधित कानूनी धाराओं के तहत FIR दर्ज की गई है। मामले की जांच के लिए SIT गठित की गई है, जिसकी निगरानी जमुई SDPO कर रही हैं। पुलिस बाकी आरोपियों की तलाश में छापेमारी कर रही है।

32 सोशल मीडिया अकाउंट्स पर कार्रवाई

पुलिस ने वायरल वीडियो के प्रसार को रोकने के लिए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर भी कार्रवाई शुरू की है। अब तक 13 फेसबुक, 12 इंस्टाग्राम और 7 X अकाउंट्स, यानी कुल 32 अकाउंट्स के खिलाफ टेकडाउन कार्रवाई की गई है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि नाबालिगों की पहचान उजागर करने वाला वीडियो डाउनलोड या शेयर न करें।

राष्ट्रीय महिला आयोग ने भी लिया संज्ञान

मामले पर राष्ट्रीय महिला आयोग (NCW) ने स्वतः संज्ञान लिया है। आयोग की अध्यक्ष विजया रहाटकर ने बिहार के DGP से आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी, समयबद्ध एवं निष्पक्ष जांच तथा पीड़ितों की सुरक्षा और निजता सुनिश्चित करने को कहा है। आयोग ने मामले में कार्रवाई रिपोर्ट भी मांगी है।  पुलिस का कहना है कि जांच जारी है और वीडियो में नजर आ रहे अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। साथ ही अधिकारियों ने सोशल मीडिया पर नाबालिगों से संबंधित आपत्तिजनक वीडियो को आगे प्रसारित नहीं करने की अपील की है।

 

Kanchan Sharma
Kanchan Sharma
कंचन शर्मा वर्तमान में दैनिक समाचार पत्र "अनमोल संदेश" में कार्यरत। इलेक्ट्रॉनिक मीडिया,प्रिंट, न्यूज एजेंसी और डिजिटल पत्रकारिता में उनका लंबा अनुभव है, जिसमें उन्होंने रिपोर्टर और डेस्क पर विभिन्न भूमिकाओं में काम किया है।
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular