Anmol Sandesh News Desk, भोपाल
केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कृषि मंत्रालय में रिश्वत की शिकायतों पर लगातार कार्रवाई की है। 23 सितंबर को मंत्रालय ने मार्केटिंग अधिकारी नीरज वर्मा और संदीप दीदावत को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। दोनों पर वेयरहाउस संचालकों से सब्सिडी राशि जारी करने के बदले रिश्वत मांगने के आरोप लगे थे।
सीहोर में 50 हजार रुपये मांगने का आरोप
मंत्रालय के अनुसार, मार्केटिंग अधिकारी नीरज वर्मा पर सीहोर जिले के वेयरहाउस संचालकों से सब्सिडी भुगतान जारी करने के एवज में 50 हजार रुपये मांगने का आरोप लगा। शिकायत केंद्रीय कृषि मंत्री तक पहुंचने के बाद मामले को गंभीरता से लिया गया और जांच के निर्देश दिए गए।
रायसेन में 60 हजार रुपये की शिकायत
इसी तरह मार्केटिंग अधिकारी संदीप दीदावत पर रायसेन स्थित प्रकाश वेयरहाउस के संचालक से निरीक्षण के दौरान सब्सिडी जारी करने के बदले 60 हजार रुपये मांगने का आरोप लगाया गया। शिकायत मिलने के बाद विभागीय स्तर पर कार्रवाई करते हुए उन्हें भी निलंबित कर दिया गया।
दो दिन में तीन अधिकारियों पर कार्रवाई
इन दोनों मामलों से पहले 21 सितंबर को मार्केटिंग अधिकारी अनुराग को भी सीहोर जिले में वेयरहाउस सब्सिडी से जुड़ी रिश्वत की शिकायत पर निलंबित किया गया था। मंत्रालय के मुताबिक, उस मामले में दो वेयरहाउस संचालकों से क्रमशः 1 लाख और 60 हजार रुपये मांगने की शिकायत सामने आई थी।
