Anmol Sandesh News Desk,कबीरधाम/छत्तीसगढ़ ।
जिले में सिंचाई सुविधाओं के विस्तार और जल संसाधन संरचनाओं को मजबूत करने के लिए छत्तीसगढ़ शासन के जल संसाधन विभाग ने 15 करोड़ 86 लाख 8 हजार रुपये की राशि स्वीकृत की है। इस राशि से विभिन्न जलाशयों, नहरों और डायवर्सन से जुड़े निर्माण, मरम्मत, जीर्णोद्धार और लाइनिंग के कार्य कराए जाएंगे। योजनाओं के पूरा होने के बाद जिले में कुल 375 हेक्टेयर क्षेत्र को अतिरिक्त/बेहतर सिंचाई सुविधा मिलने की जानकारी दी गई है।
नरसिंहपुर जलाशय के लिए ₹1.71 करोड़
नरसिंहपुर जलाशय के शीर्ष कार्य और नहरों की मरम्मत के लिए 1 करोड़ 71 लाख 47 हजार रुपये स्वीकृत किए गए हैं। कार्य पूर्ण होने के बाद करीब 45 हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई सुविधा उपलब्ध होगी।
कामठी जलाशय की नहरों की होगी लाइनिंग
पंडरिया विकासखंड के कामठी जलाशय की नहरों में लाइनिंग कार्य के लिए 4 करोड़ 82 लाख 98 हजार रुपये मंजूर किए गए हैं। इससे नहरों के माध्यम से पानी के बेहतर प्रबंधन में मदद मिलेगी और करीब 112 हेक्टेयर क्षेत्र को सिंचाई सुविधा का लाभ मिलेगा।
मोहपार जलाशय पर ₹4.99 करोड़ खर्च
पंडरिया विकासखंड के मोहपार जलाशय के शीर्ष कार्य, नहरों के जीर्णोद्धार और लाइनिंग के लिए 4 करोड़ 99 लाख 15 हजार रुपये स्वीकृत हुए हैं। योजना पूरी होने पर करीब 95 हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई सुविधा मिलेगी।
दमऊनाला व्यपवर्तन के लिए ₹3.76 करोड़
सहसपुर लोहारा विकासखंड में दमऊनाला व्यपवर्तन की नहर लाइनिंग के लिए 3 करोड़ 76 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। कार्य पूरा होने के बाद करीब 75 हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई सुविधा उपलब्ध होगी।
छिरहा डायवर्सन के गेट होंगे अपग्रेड
छिरहा डायवर्सन के गेट उन्नयन, नहर लाइनिंग और पक्के संरचनाओं के निर्माण के लिए 1 करोड़ 31 लाख 72 हजार रुपये मंजूर किए गए हैं। योजना के पूर्ण होने पर करीब 48 हेक्टेयर क्षेत्र को सिंचाई सुविधा का लाभ मिलेगा।
किस योजना में कितनी राशि?
- नरसिंहपुर जलाशय: ₹1.71 करोड़ — 45 हेक्टेयर
- कामठी जलाशय: ₹4.82 करोड़ — 112 हेक्टेयर
- मोहपार जलाशय: ₹4.99 करोड़ — 95 हेक्टेयर
- दमऊनाला व्यपवर्तन: ₹3.76 करोड़ — 75 हेक्टेयर
- छिरहा डायवर्सन: ₹1.31 करोड़ — 48 हेक्टेयर
इन कार्यों से जल संरचनाओं की क्षमता और नहरों की स्थिति में सुधार के साथ कृषि क्षेत्रों तक सिंचाई पानी की उपलब्धता बेहतर होने की उम्मीद है।
