Friday, May 29, 2026
Homeटॉप न्यूज़बिहार में भारी बारिश से दिन में छाया अंधेरा, यूपी में 100kmph...

बिहार में भारी बारिश से दिन में छाया अंधेरा, यूपी में 100kmph की रफ्तार से तूफान; एमपी में शाम को ओले गिरने के आसार

नई दिल्ली (अनमोल संदेश डिजिटल).:

देशभर में नौतपा के बीच मौसम ने अचानक करवट ले ली है। बिहार, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, राजस्थान, पंजाब और छत्तीसगढ़ समेत कई राज्यों में तेज आंधी, बारिश और ओलावृष्टि का दौर जारी है। कई जगह दिन में ही अंधेरा छा गया, जबकि तूफानी हवाओं ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया।

बिहार में दिन में अंधेरा, 20 जिलों में बारिश का अलर्ट:

बिहार में शुक्रवार सुबह मौसम अचानक बदल गया। पटना, खगड़िया, रोहतास, औरंगाबाद, कैमूर, छपरा समेत करीब 20 जिलों में काले बादल छा गए और तेज बारिश शुरू हो गई। कई इलाकों में दिन में ही अंधेरा जैसा माहौल बन गया। लोग वाहनों की हेडलाइट जलाकर सफर करते नजर आए।मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों तक राज्य में आंधी और बारिश का सिलसिला जारी रहने का अनुमान जताया है। बारिश और बिजली गिरने से जुड़ी घटनाओं में अब तक 5 लोगों की मौत हो चुकी है।

यूपी में 100kmph की रफ्तार से तूफान

उत्तर प्रदेश में शुक्रवार सुबह तेज आंधी और बारिश ने तबाही मचा दी। लखनऊ, प्रयागराज, झांसी और चंदौली में तेज हवाओं के साथ बारिश हुई। कई जगहों पर हवाओं की रफ्तार 100 किलोमीटर प्रतिघंटा तक पहुंच गई।हमीरपुर में तेज तूफान के चलते निर्माणाधीन पुल गिर गया, जिसमें 6 लोगों की मौत हो गई। वहीं लखनऊ रेलवे स्टेशन पर टिन शेड गिरने से 2 लोग घायल हो गए।सहारनपुर में ओलावृष्टि हुई, जबकि झांसी में तेज हवाओं के कारण भारी विज्ञापन पोल उखड़ गया। मौसम विभाग ने प्रदेश के सभी 75 जिलों में तूफान और बारिश का अलर्ट जारी किया है।

मध्य प्रदेश में दिन में लू, शाम को ओले:

मध्य प्रदेश में मौसम दोहरे रूप में नजर आ रहा है। दिन में भीषण गर्मी और लू का असर रहेगा, जबकि शाम होते-होते बारिश और ओलावृष्टि की संभावना है।ग्वालियर, मुरैना, श्योपुर, निवाड़ी, टीकमगढ़ और छतरपुर जिलों में हीटवेव का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। भोपाल और जबलपुर समेत 27 जिलों में यलो अलर्ट है। कई शहरों में तापमान 43 डिग्री सेल्सियस से ऊपर बना हुआ है।

राजस्थान में गर्मी से राहत के संकेत:

राजस्थान में भी मौसम बदलने लगा है। मौसम विभाग ने 12 जिलों में आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया है। उत्तर-पूर्वी हिस्सों में ऑरेंज अलर्ट लागू किया गया है।हालांकि गुरुवार को जयपुर सीजन का सबसे गर्म शहर रहा, जहां तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया। मौसम विभाग के अनुसार 1 जून तक राज्य में प्री-मानसून गतिविधियां जारी रह सकती हैं।

पंजाब-चंडीगढ़ में रेड अलर्ट:

पंजाब और चंडीगढ़ में शुक्रवार को तेज आंधी, बारिश और बिजली गिरने का रेड अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के मुताबिक 70 से 90 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। कई इलाकों में ओले गिरने की भी आशंका है।

प्री-मानसून बारिश से बदला मौसम:

देश के करीब 10 राज्यों में प्री-मानसून गतिविधियां तेज हो गई हैं। यूरोपियन सेंटर फॉर मीडियम-रेंज वेदर फोरकास्ट्स के अनुसार अगले 8 दिनों में केरल, तमिलनाडु, दिल्ली, पंजाब, यूपी, बिहार, राजस्थान और मध्य प्रदेश में अच्छी बारिश के संकेत हैं।

केरल में मानसून की एंट्री फिर टली:

मौसम विभाग का अनुमान फिलहाल गलत साबित हुआ है। मानसून पिछले 5 दिनों से केरल तट के पास ही रुका हुआ है और आगे बढ़ने में देरी हो रही है।पहले अनुमान था कि मानसून 26 मई तक केरल पहुंच जाएगा, लेकिन अब निजी मौसम एजेंसी स्काईमेट के अनुसार इसकी एंट्री 3 से 4 जून के बीच हो सकती है।

अगले दो दिनों का मौसम अपडेट:

30 मई

  • पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, यूपी और मध्य प्रदेश में तापमान में गिरावट के आसार।
  • उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर में गरज-चमक और ओलावृष्टि की संभावना।
  • गुजरात और तमिलनाडु में गर्म और उमस भरा मौसम बना रहेगा।

31 मई

  • राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और पश्चिमी यूपी में आंधी-बारिश जारी रह सकती है।
  • हिमाचल, जम्मू-कश्मीर और उत्तराखंड में बारिश के साथ ऊंचाई वाले इलाकों में ओले गिर सकते हैं।
  • ओडिशा और तटीय राज्यों में उमस भरा मौसम जारी रहेगा।
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular