Monday, June 15, 2026
HomeVideosजेवर एयरपोर्ट से शुरू हुई पहली उड़ान, 172 किसान पहुंचे लखनऊ; CM...

जेवर एयरपोर्ट से शुरू हुई पहली उड़ान, 172 किसान पहुंचे लखनऊ; CM योगी से करेंगे मुलाकात

Anmol Sandesh News Desk,नोएडा/लखनऊ

उत्तर प्रदेश और देश के लिए सोमवार का दिन ऐतिहासिक बन गया, जब नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट (जेवर एयरपोर्ट) से पहली कमर्शियल उड़ान का संचालन शुरू हुआ। लखनऊ के चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट से इंडिगो की पहली निर्धारित उड़ान 6E-2278 जेवर एयरपोर्ट पर सफलतापूर्वक उतरी, जिसके साथ ही एयरपोर्ट का व्यावसायिक संचालन शुरू हो गया।इस खास मौके पर जेवर एयरपोर्ट से लखनऊ के लिए पहली उड़ान में 172 किसानों को यात्रा कराई गई। ये सभी किसान लखनऊ पहुंचकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात करेंगे और एयरपोर्ट परियोजना के सफल संचालन पर उनका आभार व्यक्त करेंगे।

केंद्रीय मंत्री ने किया उद्घाटन

नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के उद्घाटन अवसर पर केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू किंजरापु मौजूद रहे। उन्होंने पहली कमर्शियल उड़ान को हरी झंडी दिखाने से पहले केक काटकर इस ऐतिहासिक पल का जश्न मनाया और यात्रियों को विशेष स्मृति टिकट भी प्रदान किए।इस अवसर पर उन्होंने कहा, “आज बेहद खुशी का दिन है। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से पहली उड़ान शुरू हो रही है। किसानों के लिए विशेष व्यवस्था की गई है और 172 किसान यहां से लखनऊ जा रहे हैं। बेंगलुरु समेत चार गंतव्यों के लिए आज उड़ानों का संचालन किया जाएगा। आने वाले समय में यह एयरपोर्ट देश के शीर्ष पांच हवाई अड्डों में शामिल होगा।”

किसानों को पहली उड़ान में क्यों मिला मौका?

सरकार ने एयरपोर्ट की पहली उड़ान में किसानों को यात्रा कराने का विशेष निर्णय लिया। दरअसल, जेवर एयरपोर्ट के निर्माण के लिए स्थानीय किसानों ने अपनी जमीन उपलब्ध कराई थी। उनकी भागीदारी और योगदान को सम्मान देने के उद्देश्य से पहली उड़ान में उन्हें शामिल किया गया।लखनऊ पहुंचने के बाद किसान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात करेंगे और एयरपोर्ट निर्माण एवं क्षेत्र के विकास के लिए सरकार का धन्यवाद करेंगे।

जेवर विधायक धीरेंद्र सिंह भी रहे साथ

जेवर विधायक धीरेंद्र सिंह किसानों के साथ इस विशेष उड़ान में शामिल हुए। उन्होंने कहा कि यह केवल एयरपोर्ट का उद्घाटन नहीं, बल्कि क्षेत्र के लोगों के सपनों के साकार होने का दिन है।उन्होंने कहा, “जब किसानों से इस बड़े प्रोजेक्ट के लिए जमीन मांगी गई थी, तब हमने उनसे वादा किया था कि एक दिन वे इसी एयरपोर्ट से उड़ान भरेंगे। आज वह सपना सच हो गया है। यह पूरे क्षेत्र के लिए गर्व का क्षण है।”धीरेंद्र सिंह ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके सहयोग से किसानों को इस ऐतिहासिक अवसर का हिस्सा बनने का मौका मिला।

क्षेत्रीय विकास को मिलेगी नई रफ्तार

नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट को देश की सबसे महत्वाकांक्षी बुनियादी ढांचा परियोजनाओं में से एक माना जा रहा है। इसके शुरू होने से पश्चिमी उत्तर प्रदेश, एनसीआर और आसपास के क्षेत्रों में निवेश, रोजगार और पर्यटन को नई गति मिलने की उम्मीद है।विशेषज्ञों का मानना है कि जेवर एयरपोर्ट आने वाले वर्षों में देश के सबसे व्यस्त और आधुनिक हवाई अड्डों में शामिल हो सकता है।

Kanchan Sharma
Kanchan Sharma
कंचन शर्मा वर्तमान में दैनिक समाचार पत्र "अनमोल संदेश" में कार्यरत। इलेक्ट्रॉनिक मीडिया,प्रिंट, न्यूज एजेंसी और डिजिटल पत्रकारिता में उनका लंबा अनुभव है, जिसमें उन्होंने रिपोर्टर और डेस्क पर विभिन्न भूमिकाओं में काम किया है।
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular