Wednesday, June 24, 2026
HomeVideosदेशभर में मौसम का डबल अटैक,कहीं आंधी-बारिश तो कहीं लू का कहर,...

देशभर में मौसम का डबल अटैक,कहीं आंधी-बारिश तो कहीं लू का कहर, 48 घंटे में मुंबई पहुंचेगा मानसून

Anmol Sandesh News Desk,नई दिल्ली/भोपाल/लखनऊ/पटना/जयपुर

देशभर में मौसम के दो अलग-अलग रंग देखने को मिल रहे हैं। एक तरफ कई राज्यों में प्री-मानसून बारिश और तेज आंधी से जनजीवन प्रभावित है, तो दूसरी तरफ उत्तर और मध्य भारत के कई हिस्से भीषण गर्मी और लू की चपेट में हैं। इस बीच, पिछले 15 दिनों से छत्तीसगढ़ बॉर्डर पर रुका मानसून आखिरकार आगे बढ़ गया है और पश्चिमी तट पर मुंबई से करीब 20 किलोमीटर दूर अलीबाग तक पहुंच चुका है। मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 से 48 घंटे में मानसून मुंबई में दस्तक दे सकता है।

MP में बिजली गिरने से युवती की मौत

मध्य प्रदेश के 17 जिलों में सोमवार को बारिश दर्ज की गई। छतरपुर जिले में आकाशीय बिजली गिरने से दो युवतियां झुलस गईं, जिनमें से एक की इलाज के दौरान मौत हो गई। राज्य में मानसून की देरी के कारण अब तक सामान्य से 52% कम बारिश हुई है।

UP में आंधी-बारिश से उखड़े पेड़ और पोल

उत्तर प्रदेश के बस्ती, गोरखपुर, मऊ, गाजीपुर और बलिया सहित कई जिलों में तेज आंधी और बारिश हुई। बस्ती में पेड़ और बिजली के पोल उखड़ गए। एक बड़ा पेड़ कार पर गिर गया, जबकि सड़क पर पोल गिरने से लंबा ट्रैफिक जाम लग गया। प्रयागराज 43.3°C तापमान के साथ देश का सबसे गर्म शहर रहा।

पंजाब में पेड़ गिरने से बच्चे की मौत

अमृतसर में तेज आंधी के दौरान पेड़ गिरने से एक बच्चे की दर्दनाक मौत हो गई। पंजाब के 12 जिलों में आज भी आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।

 हैदराबाद में जलभराव, कई इलाकों की बिजली गुल

तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद में मूसलाधार बारिश से कई कॉलोनियों और सड़कों पर पानी भर गया। केथीरेड्डीपल्ली में 12.9 सेमी और चंदानगर में 12.7 सेमी बारिश दर्ज की गई। कई इलाकों में बिजली आपूर्ति भी प्रभावित रही।

8 राज्यों में 40°C से ऊपर तापमान

मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, गुजरात, महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, ओडिशा और तेलंगाना के कई शहरों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया। प्रयागराज (43.3°C) और महाराष्ट्र का वर्धा (43°C) सबसे गर्म क्षेत्रों में शामिल रहे।

अगले 48 घंटे का मौसम अलर्ट

  • असम, मेघालय और अरुणाचल प्रदेश में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट।
  • ओडिशा, केरल, कर्नाटक, तेलंगाना, कोंकण-गोवा और महाराष्ट्र में तेज बारिश की संभावना।
  • मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश और विदर्भ में हीटवेव जारी रहेगी।
  • राजस्थान, दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, हिमाचल और उत्तराखंड में आंधी-बारिश के आसार।

बारिश का आंकड़ा चिंता बढ़ाने वाला

देश में अब तक सामान्य 106 मिमी की तुलना में केवल 60.6 मिमी वर्षा हुई है, यानी 43% कम बारिश रिकॉर्ड की गई है। कई राज्यों में मानसून की देरी से किसान और मौसम वैज्ञानिक दोनों चिंतित हैं।देश फिलहाल मौसम के दोहरे संकट से जूझ रहा है। कहीं तेज बारिश और आंधी तबाही मचा रही है, तो कहीं लू लोगों का जीना मुश्किल कर रही है। सभी की निगाहें अब मानसून की रफ्तार पर टिकी हैं, जो अगले कुछ दिनों में उत्तर भारत की ओर बढ़ने की उम्मीद है।

 

Kanchan Sharma
Kanchan Sharma
कंचन शर्मा वर्तमान में दैनिक समाचार पत्र "अनमोल संदेश" में कार्यरत। इलेक्ट्रॉनिक मीडिया,प्रिंट, न्यूज एजेंसी और डिजिटल पत्रकारिता में उनका लंबा अनुभव है, जिसमें उन्होंने रिपोर्टर और डेस्क पर विभिन्न भूमिकाओं में काम किया है।
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular