Anmol Sandesh News Desk, भोपाल
मध्य प्रदेश में मानसून ने एक बार फिर रफ्तार पकड़ ली है। मौसम विभाग ने प्रदेश के 17 जिलों में भारी से अति भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। राजधानी भोपाल में गुरुवार सुबह करीब 10 मिनट तक तेज बारिश हुई, जिससे कई इलाकों की सड़कें भीग गईं और कुछ जगहों पर पानी भरने की स्थिति बन गई।वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक अरुण शर्मा के अनुसार, ग्वालियर-चंबल, भोपाल और नर्मदापुरम संभाग में बादलों का डेरा बना रहेगा, जबकि कई जिलों में अगले चार दिनों तक तेज बारिश, गरज-चमक और 40 किमी/घंटा तक की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है।

इन जिलों में सबसे ज्यादा खतरा
मौसम विभाग ने हरदा, देवास, नर्मदापुरम, बुरहानपुर, धार, उज्जैन, शाजापुर, रायसेन, सीहोर, बैतूल, खंडवा, खरगोन, बड़वानी, छिंदवाड़ा, सिवनी, सागर और पांढुर्णा समेत कई जिलों के लिए भारी से अति भारी बारिश की चेतावनी जारी की है।इसके अलावा भोपाल, इंदौर, ग्वालियर, रीवा, जबलपुर, सिंगरौली, सतना, शहडोल, मंडला, बालाघाट, दमोह, छतरपुर, टीकमगढ़, रतलाम, मंदसौर, नीमच सहित प्रदेश के अधिकांश जिलों में गरज-चमक और तेज हवाओं का असर देखने को मिल सकता है।
अब भी सामान्य से कम बारिश
बारिश का नया दौर शुरू होने के बावजूद मध्य प्रदेश में इस मानसून सीजन अब तक औसत से 16% कम बारिश दर्ज की गई है।
- पूर्वी मध्य प्रदेश: 15% कम बारिश
- पश्चिमी मध्य प्रदेश: 17% कम बारिश
पिछले 24 घंटों में सागर जिले के रेहली में सबसे ज्यादा 162.2 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई।
अगले 4 दिन कैसा रहेगा मौसम?
30 जुलाई – 3 अगस्त तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में:
- भारी से अति भारी बारिश की संभावना
- गरज-चमक के साथ बिजली गिरने का खतरा
- 40 किमी/घंटा तक तेज हवाएं
- निचले इलाकों में जलभराव और नदी-नालों के उफान की आशंका
मौसम विभाग ने लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने, जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहने और मौसम संबंधी चेतावनियों का पालन करने की अपील की है।
