Friday, July 31, 2026
Homeअन्य राज्यछत्तीसगढ़ में बारिश बनी आफत,5 की मौत, कई जिले जलमग्न, हाईवे बंद,...

छत्तीसगढ़ में बारिश बनी आफत,5 की मौत, कई जिले जलमग्न, हाईवे बंद, बाढ़ जैसे हालात !

Anmol Sandesh News Desk, रायपुर

छत्तीसगढ़ में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने जनजीवन को पूरी तरह प्रभावित कर दिया है। राज्य के कई जिलों में नदियां और नाले उफान पर हैं, निचले इलाके जलमग्न हो चुके हैं और कई प्रमुख सड़कें बंद होने से लोगों की आवाजाही ठप पड़ गई है। अब तक बारिश से जुड़े अलग-अलग हादसों में 5 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है।

सबसे ज्यादा प्रभावित ये इलाके

प्रशासन के अनुसार रायपुर, बस्तर और दुर्ग संभाग सबसे अधिक प्रभावित हैं। लगातार बारिश के कारण कई गांवों का जिला मुख्यालय से संपर्क टूट गया है और कई इलाकों में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं।

कई प्रमुख सड़कें बंद, ओडिशा से संपर्क टूटा

भारी जलभराव के चलते रायपुर-ओडिशा को जोड़ने वाला राष्ट्रीय राजमार्ग-130 बंद कर दिया गया है।

इसके अलावा—

  • गरियाबंद–महासमुंद मार्ग
  • गरियाबंद–नगरी–धमतरी मार्ग
  • कोचबाय–मालगांव–कसानाला मार्ग
  • बीजापुर के कई संपर्क मार्ग

भी जलभराव और तेज बहाव के कारण बाधित हैं।

अलग-अलग हादसों में 5 लोगों की मौत

बारिश के बीच कई दर्दनाक हादसे भी सामने आए—

  • गरियाबंद: सरगी नाले में बहने से 55 वर्षीय व्यक्ति की मौत।
  • सारंगढ़-बिलाईगढ़: उफनते नाले में कार बहने से दंपति की जान गई।
  • सक्ती: दमऊधारा जलप्रपात में बहा युवक 24 घंटे बाद मृत मिला।
  • बीजापुर: पेड़ गिरने से एक किसान की मौत।

बांधों के गेट खोले, प्रशासन हाई अलर्ट पर

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने गरियाबंद के सिकासार बांध और धमतरी के सोंढूर बांध के गेट खोल दिए हैं।पंतोरा स्थित शासकीय बालिका आवासीय विद्यालय की 50 से अधिक छात्राओं को सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट किया गया है। गरियाबंद जिला अस्पताल परिसर में भी पानी भर गया है।

मौसम विभाग की बड़ी चेतावनी

मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के लिए सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर और कोंडागांव जिलों में गरज-चमक के साथ भारी बारिश और 60 किमी/घंटा तक तेज हवाएं चलने की चेतावनी जारी की है।राज्य के अन्य जिलों में भी हल्की से मध्यम बारिश जारी रहने की संभावना है।प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि उफनती नदियों, पुलों और नालों को पार करने की कोशिश न करें तथा मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करें।

 

Kanchan Sharma
Kanchan Sharma
कंचन शर्मा वर्तमान में दैनिक समाचार पत्र "अनमोल संदेश" में कार्यरत। इलेक्ट्रॉनिक मीडिया,प्रिंट, न्यूज एजेंसी और डिजिटल पत्रकारिता में उनका लंबा अनुभव है, जिसमें उन्होंने रिपोर्टर और डेस्क पर विभिन्न भूमिकाओं में काम किया है।
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular