Monday, August 3, 2026
Homeअन्य राज्यBihar Train Fire: सहरसा में पैसेंजर ट्रेन में भीषण आग, इंजन समेत...

Bihar Train Fire: सहरसा में पैसेंजर ट्रेन में भीषण आग, इंजन समेत 3 बोगियां जलीं, यात्रियों में मची अफरा-तफरी

Anmol Sandesh News Desk, बिहार

बिहार के सहरसा जिले के सिमरी बख्तियारपुर रेलवे स्टेशन पर सोमवार तड़के बड़ा रेल हादसा टल गया, जब समस्तीपुर–सहरसा पैसेंजर ट्रेन (संख्या 63344) में अचानक भीषण आग लग गई। आग सबसे पहले ट्रेन के इंजन में लगी और देखते ही देखते तीन बोगियों तक फैल गई, जिससे स्टेशन पर अफरा-तफरी मच गई।

सुबह 3 बजे हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार, यह घटना सुबह करीब 3 बजे हुई। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि पहले इंजन से धुआं निकलता दिखाई दिया, जिसके कुछ ही देर बाद आग ने विकराल रूप ले लिया। आग की लपटें तेजी से इंजन और उससे जुड़े कोचों तक पहुंच गईं।

यात्रियों ने कूदकर बचाई जान

हादसे के समय ट्रेन में कई यात्री मौजूद थे। धुआं और आग फैलते ही यात्रियों ने तुरंत ट्रेन से बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी यात्री के घायल या हताहत होने की सूचना नहीं है।

दमकल ने कड़ी मशक्कत के बाद पाया काबू

घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की कई टीमें मौके पर पहुंचीं और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग इतनी भीषण थी कि इंजन और तीन बोगियां बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं।

रेलवे ने शुरू की जांच

घटना की जानकारी मिलते ही रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी। फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा रहा है। शुरुआती जांच में तकनीकी खराबी सहित अन्य संभावित कारणों की भी पड़ताल की जा रही है।

कुछ देर प्रभावित रहा रेल संचालन

हादसे के कारण कुछ समय के लिए रेल यातायात प्रभावित हुआ, लेकिन रेलवे प्रशासन ने स्थिति को नियंत्रित कर ट्रेनों का संचालन दोबारा सामान्य कर दिया।रेलवे प्रशासन ने यात्रियों की सुरक्षित निकासी और समय पर राहत कार्य के लिए स्थानीय प्रशासन, फायर ब्रिगेड और रेलवे कर्मचारियों की तत्परता की सराहना की है।

 

Kanchan Sharma
Kanchan Sharma
कंचन शर्मा वर्तमान में दैनिक समाचार पत्र "अनमोल संदेश" में कार्यरत। इलेक्ट्रॉनिक मीडिया,प्रिंट, न्यूज एजेंसी और डिजिटल पत्रकारिता में उनका लंबा अनुभव है, जिसमें उन्होंने रिपोर्टर और डेस्क पर विभिन्न भूमिकाओं में काम किया है।
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular