Thursday, August 20, 2026
Homeअन्य राज्ययूपी-MP-बिहार में भारी बारिश का अलर्ट, कई इलाकों में ऑरेंज अलर्ट; दिल्ली-NCR...

यूपी-MP-बिहार में भारी बारिश का अलर्ट, कई इलाकों में ऑरेंज अलर्ट; दिल्ली-NCR में भी बरसेंगे बादल !

Anmol Sandesh News Desk, नई दिल्ली

देश के कई राज्यों में मानसून एक बार फिर जोर पकड़ रहा है। उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और बिहार में भारी बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। पूर्वी उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में ऑरेंज अलर्ट की स्थिति है। वहीं दिल्ली-NCR में भी बादल छाए रहने और बारिश के आसार हैं।मौसम विभाग के मुताबिक, उत्तरी झारखंड, दक्षिण-पश्चिम बिहार और दक्षिण-पूर्वी उत्तर प्रदेश के ऊपर बने डिप्रेशन के प्रभाव से पूर्वी यूपी और मध्य प्रदेश में बारिश तेज हो सकती है। पूर्वी मध्य प्रदेश में कुछ स्थानों पर बहुत भारी से अत्यधिक भारी बारिश की संभावना है।

MP में कई जगह बाढ़ जैसे हालात

मध्य प्रदेश के कई जिलों में लगातार बारिश से हालात बिगड़ रहे हैं। सतना के चित्रकूट में गुप्तगोदावरी का जलस्तर बढ़ गया, जबकि डिंडौरी में नदी-नाले उफान पर हैं। यहां 12 से ज्यादा गांवों का संपर्क प्रभावित हुआ है। पन्ना के कई गांवों में भी जलभराव की स्थिति सामने आई है। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में पूर्वी मध्य प्रदेश में भारी बारिश की चेतावनी दी है।

प्रयागराज में जलभराव से परेशानी

उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में पिछले चार दिनों से बारिश का दौर जारी है। तीन दिनों में करीब 205 मिमी बारिश दर्ज होने के बाद शहर के कई हिस्सों में जलभराव हो गया।कई इलाकों में पानी 5 फीट तक पहुंचने की बात सामने आई है। घरों और हॉस्टलों में पानी भरने के बाद करीब 2 हजार छात्रों को हॉस्टल छोड़ना पड़ा।

वाराणसी में गंगा का बढ़ा जलस्तर

वाराणसी में गंगा का जलस्तर बढ़ने से घाटों के आसपास स्थिति गंभीर बनी हुई है। रिपोर्ट के मुताबिक 100 से ज्यादा मंदिरों में पानी प्रवेश कर चुका है।हरिश्चंद्र घाट की गलियों और सीढ़ियों तक पानी पहुंच गया है, जबकि मणिकर्णिका घाट पर भी जलस्तर बढ़ने का असर दिखाई दे रहा है।

उत्तराखंड में बारिश बनी आफत

उत्तराखंड में बारिश से जुड़ी घटनाओं में बुधवार को 4 लोगों की मौत हुई। मृतकों में 2 साल का बच्चा और दिल्ली की 25 वर्षीय महिला भी शामिल बताई गई है।मौसम विभाग ने उत्तराखंड में 25 अगस्त तक भारी बारिश का दौर जारी रहने की संभावना जताई है।

हिमाचल में 88 सड़कें बंद

हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश और लैंडस्लाइड के कारण यातायात प्रभावित है। रिपोर्ट के अनुसार 88 सड़कें बंद हैं। जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में भी आने वाले दिनों में भारी बारिश की संभावना है।

दिल्ली-NCR में भी बारिश

दिल्ली-NCR में गुरुवार सुबह तेज बारिश हुई। द्वारका अंडरपास और एयरपोर्ट रोड समेत कई इलाकों में पानी भर गया।मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली में बादल छाए रह सकते हैं और कुछ इलाकों में बारिश या बूंदाबांदी होने की संभावना है।

25 अगस्त तक इन राज्यों में बारिश

  • पूर्वी यूपी: 22 से 25 अगस्त तक भारी बारिश की संभावना
  • पश्चिमी यूपी: 23 अगस्त तक भारी बारिश
  • पूर्वी MP: 23-25 अगस्त के बीच कहीं-कहीं बहुत भारी बारिश
  • पश्चिमी MP: 20-21 और 23-24 अगस्त को भारी बारिश
  • बिहार: 21-23 अगस्त के दौरान भारी बारिश
  • झारखंड: 22-25 अगस्त के दौरान भारी बारिश
  • ओडिशा: 21-25 अगस्त तक बारिश का अलर्ट
  • छत्तीसगढ़: 21-22 अगस्त को बारिश और गरज-चमक की संभावना
  • उत्तराखंड: 25 अगस्त तक भारी बारिश के आसार
  • हिमाचल-जम्मू-कश्मीर: 22 अगस्त तक भारी बारिश की संभावना

IMD की चेतावनी

लगातार बारिश के कारण नदी-नालों में उफान, जलभराव और पहाड़ी इलाकों में लैंडस्लाइड का खतरा बढ़ गया है। ऐसे में लोगों को मौसम विभाग और स्थानीय प्रशासन की चेतावनियों का पालन करने की सलाह दी गई है। एक तरफ पहाड़ों में लैंडस्लाइड, दूसरी तरफ मैदानी इलाकों में बाढ़ जैसे हालात हैं,देश के कई राज्यों में मानसून का डबल अटैक देखने को मिल रहा है।

 

 

Kanchan Sharma
Kanchan Sharma
कंचन शर्मा वर्तमान में दैनिक समाचार पत्र "अनमोल संदेश" में कार्यरत। इलेक्ट्रॉनिक मीडिया,प्रिंट, न्यूज एजेंसी और डिजिटल पत्रकारिता में उनका लंबा अनुभव है, जिसमें उन्होंने रिपोर्टर और डेस्क पर विभिन्न भूमिकाओं में काम किया है।
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular