Anmol Sandesh News Desk, भोपाल
नेपाल के रसुवा जिले में आई भीषण प्राकृतिक आपदा के बीच भोपाल के एक परिवार के चार सदस्य लापता बताए जा रहे हैं। देविका अधिकारी के मुताबिक उनके बड़े भाई, छोटे भाई और दोनों भाभियों से हादसे के बाद से कोई संपर्क नहीं हो पाया है।
आखिरी बातचीत के बाद बढ़ी चिंता
देविका अधिकारी ने बताया कि परिवार के सदस्यों से आखिरी बार हादसे के दिन सुबह करीब 9:30 बजे बातचीत हुई थी। इसके बाद 24 घंटे से ज्यादा समय बीत गया, लेकिन चारों से संपर्क नहीं हो सका है।देविका ने बातचीत के दौरान बताया कि आखिरी कॉल में उनके बड़े भाई ने कहा था कि जान का खतरा है और वे पहाड़ पर जाकर छिप रहे हैं। परिवार को बच्चों का ध्यान रखने की बात भी कही गई थी।इसके बाद से फोन संपर्क टूट गया। परिवार लगातार अपने अपनों की सलामती की खबर मिलने का इंतजार कर रहा है।
नेपाल में तबाही, हजारों लोग प्रभावित
नेपाल के रसुवा जिले में आई भीषण बाढ़ और मलबे के चलते कई इलाकों में भारी नुकसान हुआ है। सड़कें, पुल और इमारतें प्रभावित हुई हैं और बड़ी संख्या में लोगों के लापता होने की खबरों ने चिंता बढ़ा दी है।भोपाल के नेपाली समाज और लापता लोगों के परिजनों में भी बेचैनी का माहौल है। सभी को उम्मीद है कि राहत एवं बचाव दल जल्द से जल्द लापता लोगों तक पहुंचेंगे।

MP सरकार ने जारी किए हेल्पलाइन नंबर
नेपाल में फंसे मध्य प्रदेश के नागरिकों और उनके परिजनों की सहायता के लिए राज्य सरकार ने संपर्क नंबर जारी किए हैं।
हेल्पलाइन: 011-26772005
WhatsApp: 9818963273
जरूरतमंद नागरिक या उनके परिजन इन नंबरों पर संपर्क कर सहायता और जरूरी जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।
