Sunday, August 30, 2026
Homeअन्य राज्यNepal Flood: ‘कुदरत के प्रकोप से कभी लड़ा नहीं जा सकता…’, तबाही...

Nepal Flood: ‘कुदरत के प्रकोप से कभी लड़ा नहीं जा सकता…’, तबाही का मंजर देख भावुक हुए अमिताभ बच्चन

Anmol Sandesh News Desk, मुंबई

Nepal Flood 2026: नेपाल में 26 अगस्त को आई भीषण फ्लैश फ्लड ने भारी तबाही मचा दी। भोटे कोशी नदी और आसपास के इलाकों में आए सैलाब ने घरों, सड़कों, पुलों और हाइड्रोपावर प्रोजेक्ट्स को बुरी तरह प्रभावित किया। तबाही के खौफनाक वीडियो और तस्वीरें देखकर बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन भी भावुक हो गए। रक्षाबंधन के मौके पर अपने ब्लॉग पर राखी बंधी कलाई की तस्वीर शेयर करते हुए अमिताभ बच्चन ने पहले भाई-बहन के रिश्ते की अहमियत बताई। इसके बाद उन्होंने नेपाल की भयावह स्थिति पर चिंता जताई और आपदा प्रभावित लोगों के लिए प्रार्थना की।

‘नेपाल के दृश्य देखना असहनीय है…’

अमिताभ बच्चन ने अपने ब्लॉग में नेपाल की तबाही पर गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए लिखा कि वहां से सामने आ रहे बाढ़ के दृश्य असहनीय’ हैं। उन्होंने प्रकृति के प्रकोप के सामने इंसान की बेबसी का जिक्र करते हुए कहा कि ऐसी स्थिति में प्रार्थना ही सबसे बड़ी ताकत है। बिग बी ने लिखा कि कुदरत के प्रकोप से कभी लड़ा नहीं जा सकता और उसके सामने इंसान को विनम्र होकर प्रार्थना करनी चाहिए। उन्होंने आपदा में प्रभावित लोगों के प्रति स्नेह और संवेदना भी जाहिर की।

नेपाल में मची भारी तबाही

26 अगस्त की सुबह भोटे कोशी नदी क्षेत्र में अचानक आई बाढ़ ने नेपाल के रासुवा, नुवाकोट और धादिंग समेत कई इलाकों में तबाही मचा दी। तेज बहाव अपने साथ घर, वाहन, पुल और सड़कें तक बहा ले गया। कई हाइड्रोपावर परियोजनाएं भी प्रभावित हुईं और बड़ी संख्या में लोग लापता बताए गए। नेपाल के विदेश मंत्रालय के शुरुआती आधिकारिक अपडेट में सैकड़ों शव बरामद होने और बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों व विदेशी नागरिकों के लापता होने की जानकारी दी गई थी। बाद की रिपोर्टों में मृतकों की संख्या लगातार बढ़ने की बात सामने आई है और राहत-बचाव अभियान अभी भी जारी है।

भारतीयों के लापता होने से बढ़ी चिंता

इस आपदा में कई भारतीय नागरिकों के भी लापता होने की खबर सामने आई है। शुरुआती रिपोर्टों में 100 से ज्यादा भारतीयों के लापता होने की जानकारी थी। इनमें कई लोग कैलाश मानसरोवर यात्रा के लिए नेपाल पहुंचे थे। हालांकि, बचाव अभियान आगे बढ़ने के साथ आंकड़ों में लगातार बदलाव हो रहा है। नेपाल में सेना, पुलिस और स्थानीय प्रशासन की टीमें लगातार राहत एवं बचाव अभियान चला रही हैं। दुर्गम पहाड़ी इलाकों और क्षतिग्रस्त सड़कों के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन में भी बड़ी चुनौतियां सामने आ रही हैं।

अमिताभ बच्चन की प्रार्थना

नेपाल की इस भीषण त्रासदी ने देश-दुनिया के लोगों को झकझोर दिया है। अमिताभ बच्चन का भावुक संदेश भी इसी मानवीय चिंता को दर्शाता है। उन्होंने आपदा प्रभावित लोगों के लिए प्रार्थना करते हुए प्रकृति के सामने इंसान की सीमाओं की याद दिलाई।

 

Kanchan Sharma
Kanchan Sharma
कंचन शर्मा वर्तमान में दैनिक समाचार पत्र "अनमोल संदेश" में कार्यरत। इलेक्ट्रॉनिक मीडिया,प्रिंट, न्यूज एजेंसी और डिजिटल पत्रकारिता में उनका लंबा अनुभव है, जिसमें उन्होंने रिपोर्टर और डेस्क पर विभिन्न भूमिकाओं में काम किया है।
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular