Anmol Sandesh News Desk, भोपाल
भोपाल में किसानों के प्रदर्शन के दौरान एक ऐसा वीडियो सामने आया है, जिसने सोशल मीडिया पर खूब चर्चा बटोरी है। वीडियो में ACP मोनिका शुक्ला ड्यूटी निभाते हुए चलती बस के सामने खड़ी नजर आ रही हैं और अपने हाथों से बस को रोकने की कोशिश कर रही हैं।दरअसल, नर्मदापुरम से बड़ी संख्या में किसान अपनी मांगों को लेकर भोपाल पहुंचे थे। किसान मुख्यमंत्री आवास की ओर मार्च करना चाहते थे, लेकिन पुलिस ने उन्हें रोकने के लिए बैरिकेडिंग और बसों की व्यवस्था की थी।
इसी दौरान कुछ किसानों ने बैरिकेड के रूप में खड़ी बस को धक्का देकर आगे बढ़ाने की कोशिश की। हालात को संभालने के लिए ACP मोनिका शुक्ला खुद बस के आगे आ गईं और उसे आगे बढ़ने से रोक दिया। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।सोशल मीडिया पर लोग ACP के साहस और ड्यूटी के प्रति समर्पण की तारीफ कर रहे हैं।
किसानों की क्या थीं मांगें?
किसान मुख्य रूप से:
* मूंग की 100% खरीदी
* खाद व्यवस्था में ई-टोकन सिस्टम खत्म करने
* किसानों से जुड़ी अन्य समस्याओं के समाधान
की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे थे।
प्रदर्शन के बाद सरकार की ओर से कुछ मांगों पर सहमति बनी, जिसमें मूंग खरीदी से जुड़ा फैसला भी शामिल है। इसके बाद कई किसान वापस लौट गए और भोपाल की यातायात व्यवस्था सामान्य हो गई।ACP मोनिका शुक्ला का यह वीडियो अब सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है।
