Anmol Sandesh News Desk, भोपाल
Bhopal Traffic Alert: केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह के 2 और 3 अक्टूबर 2026 के भोपाल दौरे को लेकर यातायात पुलिस ने शहर के लिए विस्तृत डायवर्जन प्लान जारी किया है। 2 अक्टूबर को शाह के स्टेट हैंगर से होटल ताज तक आवागमन के दौरान शाम 6 बजे से यात्री बसों और भारी वाहनों के मार्ग बदले जाएंगे। वहीं, वीआईपी मूवमेंट के दौरान यातायात दबाव बढ़ने की स्थिति में रात 8 बजे से सामान्य दोपहिया और चारपहिया वाहनों के लिए भी वैकल्पिक मार्ग लागू किए जाएंगे। भोपाल पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे यात्रा से पहले रूट की जानकारी लेकर निकलें।
शाम 6 बजे से बसों के रूट में बदलाव
भोपाल ट्रैफिक पुलिस के आधिकारिक प्लान के मुताबिक, सीहोर और उज्जैन की ओर से आने-जाने वाली यात्री बसों को हलालपुर बस स्टैंड से आगे लालघाटी की ओर जाने की अनुमति नहीं होगी। इन बसों का संचालन हलालपुर बस स्टैंड तक सीमित रहेगा। वहीं, राजगढ़-ब्यावरा की ओर से हलालपुर बस स्टैंड आने-जाने वाली बसें मुबारकपुर बायपास तिराहा, खजूरी बायपास तिराहा और बैरागढ़ मार्ग से हलालपुर पहुंच सकेंगी। राजगढ़-ब्यावरा से नादरा बस स्टैंड जाने वाली बसों के लिए मुबारकपुर बायपास, गांधीनगर तिराहा, करोंद, बेस्ट प्राइज तिराहा और जेपी नगर तिराहा वाला मार्ग तय किया गया है।
भारी और मालवाहक वाहनों के लिए भी बदलाव
शाम 6 बजे से भारी, मालवाहक, व्यावसायिक और अनुमति प्राप्त वाहनों के कई प्रमुख मार्गों पर आवागमन परिवर्तित रहेगा। इनमें भदभदा चौराहा से भारत माता चौराहा, स्मार्ट रोड, पॉलीटेक्निक चौराहा, कमला पार्क, रेतघाट, वीआईपी रोड, लालघाटी और गांधीनगर तिराहा तक के मार्ग शामिल हैं। इन वाहनों के लिए वैकल्पिक मार्ग के तौर पर मातामंदिर, मैनिट चौराहा, नेहरू नगर, भदभदा, साक्षी ढाबा तिराहा, नीलबड़, नाथू बरखेड़ा रोड, मुगालिया छाप, खजूरी सड़क, खजूरी बायपास और मुबारकपुर का उपयोग किया जा सकेगा।

रात 8 बजे से कार-बाइक पर भी असर
अमित शाह के स्टेट हैंगर से होटल ताज तक आवागमन के समय यातायात दबाव अधिक होने पर रात 8 बजे से सामान्य दोपहिया और चारपहिया वाहनों को भी वैकल्पिक मार्गों से भेजा जाएगा। रोशनपुरा चौराहा, कंट्रोल रूम, तलैया, हमीदिया रोड और करोंद के रास्ते से यातायात संचालित किया जा सकेगा। बैरागढ़, राजा भोज विमानतल और राजगढ़-ब्यावरा जाने वाले वाहनों के लिए मातामंदिर, मैनिट, नेहरू नगर, भदभदा, नीलबड़, नाथू बरखेड़ा रोड, मुगालिया छाप, खजूरी सड़क, खजूरी बायपास और मुबारकपुर का मार्ग निर्धारित किया गया है। वहीं सीहोर-इंदौर की ओर जाने वाले वाहन मातामंदिर, मैनिट, नेहरू नगर, भदभदा, नीलबड़, रातीबड़ और झागरिया होकर जा सकेंगे। भोपाल शहर से सीहोर-इंदौर, राजगढ़-ब्यावरा और एयरपोर्ट की ओर जाने वालों के लिए प्रभात चौराहा, जेके रोड, रत्नागिरी, अयोध्या बायपास, भानपुर, करोंद, नई जेल और गांधीनगर तिराहा वाला विकल्प रहेगा।
3 अक्टूबर को भेल इलाके में विशेष ट्रैफिक प्लान
अमित शाह 3 अक्टूबर को भेल दशहरा मैदान में राज्य स्तरीय गोपालक सम्मेलन में शामिल होंगे। इस कार्यक्रम को देखते हुए सुबह 9 बजे से कार्यक्रम समाप्त होने तक भेल क्षेत्र के कई प्रमुख रास्तों पर यातायात प्रभावित रहेगा। गोविंदपुरा टर्निंग, अन्नानगर तिराहा, करियर कॉलेज, सद्भावना चौराहा, भेल गेट नंबर-6, महात्मा गांधी चौराहा और सिक्योरिटी लाइन चौराहा के आसपास भारी यातायात दबाव रहने की संभावना है। कार्यक्रम स्थल के आसपास भारी, मालवाहक और व्यावसायिक वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।
भेल जाने वाली बसों के लिए अलग व्यवस्था
कार्यक्रम में आने वाली बसों के लिए ड्रॉप-एंड-गो और पार्किंग की विशेष व्यवस्था की गई है। सीहोर, फंदा और खजूरी की ओर से आने वाली बसें भौरी बायपास, भानपुर डिपो, मुबारकपुर, लांबाखेड़ा, चौपड़ा कलां, पटेल नगर, आनंद नगर, रत्नागिरि और पिपलानी होकर भेल गेट नंबर-6 पहुंचेंगी। यात्रियों को उतारने के बाद बसों को जंबूरी मैदान में पार्क कराया जाएगा। राजगढ़-ब्यावरा और परवलिया से आने वाली बसें भी निर्धारित मार्ग से भेल गेट नंबर-6 तक जाएंगी और इसके बाद जंबूरी मैदान में पार्क होंगी। विदिशा, सूखी सेवनिया, रायसेन, हरदा और नर्मदापुरम से आने वाली बसों के लिए भी अलग-अलग रूट तय किए गए हैं।
सामान्य यात्रियों के लिए वैकल्पिक रास्ते
महात्मा गांधी चौराहे से करियर कॉलेज की ओर जाने वाले यातायात को बरखेड़ी गुलाब उद्यान तिराहा, कस्तूरबा अस्पताल और ISBT-चेतक ब्रिज की ओर डायवर्ट किया जाएगा। चेतक ब्रिज/गोविंदपुरा टर्निंग से महात्मा गांधी चौराहे की ओर जाने वाले वाहन सांची डेयरी कट पॉइंट, कस्तूरबा अस्पताल, गुलाब उद्यान रोड और बरखेड़ा मार्केट होकर जा सकेंगे। अवधपुरी से एमपी नगर आने वाले वाहनों को सेंट जेवियर स्कूल के पीछे से बरखेड़ा मार्केट और एम्स अस्पताल की ओर भेजा जाएगा। वहीं आईटीआई तिराहा से चेतक ब्रिज/ISBT जाने वाले वाहनों के लिए सिक्योरिटी लाइन चौराहा और सांवटिका पेट्रोल पंप तिराहा वाला मार्ग निर्धारित किया गया है।
जरूरी बस रूट भी बदले जाएंगे
होशंगाबाद, जबलपुर, छिंदवाड़ा और बैतूल की ओर से आने वाली बसें 11 मील और हबीबगंज नाका होते हुए ISBT तक जा सकेंगी, लेकिन ISBT से आगे नादरा बस स्टैंड की ओर उनका प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। इंदौर और उज्जैन की ओर से आने वाली बसों को हलालपुर बस स्टैंड तक ही सीमित रखा जाएगा। गुना, राजगढ़ और ब्यावरा की ओर से आने वाली बसें मुबारकपुर बायपास, गांधीनगर और लालघाटी होते हुए हलालपुर पहुंचेंगी, लेकिन लालघाटी से शहर की ओर आगे नहीं जा सकेंगी।
डेयरी प्लांट समेत कई कार्यक्रमों में शामिल होंगे शाह
अमित शाह के भोपाल दौरे का मुख्य कार्यक्रम 3 अक्टूबर का राज्य स्तरीय गोपालक सम्मेलन है, जिसमें 35 हजार से ज्यादा गोपालकों और दुग्ध सहकारी समितियों के सदस्यों के शामिल होने की तैयारी है। उनके दौरे में डेयरी और सहकारिता क्षेत्र से जुड़े कार्यक्रम भी शामिल हैं। शाह भोपाल सहकारी दुग्ध संघ परिसर में ₹16.80 करोड़ की लागत से तैयार फर्मेंटेड प्रोडक्ट डेयरी प्लांट का उद्घाटन करेंगे। इसमें केंद्र सरकार का ₹6 करोड़ और भोपाल सहकारी दुग्ध संघ का ₹10.80 करोड़ योगदान बताया गया है। प्लांट की प्रतिदिन 40 हजार लीटर दूध प्रसंस्करण क्षमता है और यहां दूध, दही, छाछ, लस्सी, श्रीखंड और मावा जैसे वैल्यू-एडेड उत्पाद तैयार किए जाएंगे। इसके साथ ही उज्जैन में प्रस्तावित ₹255 करोड़ के डेयरी प्रोजेक्ट और डेयरी टेस्टिंग लैब जैसी परियोजनाओं को भी कार्यक्रम से जोड़ा गया है।
नए आपराधिक कानूनों की प्रदर्शनी भी
शाह भेल दशहरा मैदान में नए आपराधिक कानूनों और पुलिस व्यवस्था से जुड़ी राज्य स्तरीय प्रदर्शनी का उद्घाटन भी करेंगे। उनके कार्यक्रम में उच्च शिक्षा और IISER से जुड़े कार्यक्रम भी शामिल हैं।
एंबुलेंस और फायर ब्रिगेड को छूट
यातायात पुलिस के मुताबिक एंबुलेंस, फायर ब्रिगेड और अन्य आकस्मिक सेवा वाले वाहनों पर इन डायवर्जनों का प्रतिबंध लागू नहीं रहेगा। पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि वीआईपी मूवमेंट और कार्यक्रम के दौरान अनावश्यक रूप से प्रभावित मार्गों पर जाने से बचें और निर्धारित वैकल्पिक रास्तों का उपयोग करें।
