Anmol Sandesh News Desk, भोपाल
केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह शुक्रवार देर रात करीब 12 बजे भोपाल पहुंचे। दिल्ली में व्यस्त कार्यक्रम के चलते उनके भोपाल पहुंचने में करीब ढाई घंटे की देरी हुई। स्टेट हैंगर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाना सहित वरिष्ठ अधिकारी और जनप्रतिनिधियों ने उनका स्वागत किया। अमित शाह शनिवार को भोपाल में कई महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में शामिल होंगे। उनका दौरा मुख्य रूप से गोपालक सम्मेलन, डेयरी क्षेत्र से जुड़ी परियोजनाओं, मध्य प्रदेश सरकार और गृह मंत्रालय के बीच लंबित मुद्दों पर बैठक तथा IISER के अत्रि कैंपस के उद्घाटन पर केंद्रित रहेगा।
35 हजार गोपालकों के सम्मेलन को करेंगे संबोधित
भोपाल के भेल दशहरा मैदान में राज्य स्तरीय गोपालक सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। इसमें प्रदेशभर से करीब 35 हजार गोपालक और दुग्ध सहकारी समितियों से जुड़े सदस्य शामिल होंगे। गृह मंत्री अमित शाह सम्मेलन को संबोधित करने के साथ ही पशुपालकों और दुग्ध सहकारी समितियों से जुड़ी विभिन्न योजनाओं का लाभ भी वितरित करेंगे। इस दौरान भोपाल और इंदौर दुग्ध संघों से जुड़े पशुपालकों को बोनस राशि वितरित की जाएगी। इसके अलावा गोशालाओं के लिए सहायता राशि प्रदान की जाएगी और बेहतर कार्य करने वाली गोपालक दीदियों को सम्मानित भी किया जाएगा। सम्मेलन के जरिए दुग्ध उत्पादन, पशुपालन और सहकारिता क्षेत्र से जुड़े लोगों के लिए सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों को भी सामने रखा जाएगा।
उज्जैन को 255 करोड़ की डेयरी परियोजनाओं की सौगात
अमित शाह के दौरे के दौरान उज्जैन से जुड़ी डेयरी परियोजनाओं पर भी विशेष फोकस रहेगा। प्रस्तावित करीब 255 करोड़ रुपये की डेयरी प्लांट परियोजनाओं की सौगात दी जाएगी। वहीं, भोपाल दुग्ध संघ मर्यादित में तैयार किए गए फर्मेंटेड प्रोडक्ट डेयरी प्लांट का शुभारंभ भी किया जाएगा। करीब 16 करोड़ रुपये की लागत से तैयार इस प्लांट के लिए केंद्र सरकार की ओर से लगभग 6 करोड़ रुपये का अनुदान दिया गया है। शेष राशि दुग्ध संघ के अंश से जुटाई गई है। इस प्लांट के शुरू होने से दुग्ध उत्पादों की प्रोसेसिंग और वैल्यू एडिशन को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
IISER में ‘अत्रि’ कैंपस का उद्घाटन
अमित शाह शाम को भोपाल के भौंरी स्थित इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ साइंस एजुकेशन एंड रिसर्च (IISER) परिसर पहुंचेंगे। यहां वे अत्रि (Advanced Technology for Renewable Energy Innovation) कैंपस का उद्घाटन करेंगे। करीब 52 एकड़ क्षेत्र में 500 करोड़ रुपये की लागत से तैयार इस कैंपस में नवीकरणीय ऊर्जा और आधुनिक तकनीक से जुड़े शोध एवं नवाचार पर काम किया जाएगा। यहां शोध, प्रोटोटाइप तैयार करने, टेस्टिंग और नए उत्पादों के विकास के लिए सुविधाएं उपलब्ध होंगी। यह परियोजना रिसर्च और इनोवेशन को बढ़ावा देने के साथ ऊर्जा क्षेत्र में नई तकनीकों के विकास के लिए महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
गृह मंत्रालय और MP सरकार के लंबित मुद्दों पर होगी चर्चा
अमित शाह के दौरे के दौरान मध्य प्रदेश सरकार और केंद्रीय गृह मंत्रालय के बीच लंबित विभिन्न मुद्दों पर भी विस्तृत चर्चा होगी।दोपहर 2.15 बजे से शाम 4.15 बजे तक होने वाली बैठक में राज्य से जुड़े महत्वपूर्ण प्रशासनिक और गृह विभाग के विषयों पर चर्चा प्रस्तावित है। इसके बाद शाम 4.15 से 5.15 बजे तक नारकोटिक्स से जुड़े मुद्दों पर प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की जाएगी।
अमित शाह का मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम
- सुबह 11:00 बजे: होटल ताज लेक फ्रंट से भेल दशहरा मैदान के लिए रवाना होंगे।
- सुबह 11:30 से दोपहर 12:00 बजे: राज्य स्तरीय प्रदर्शनी का उद्घाटन, निरीक्षण और अवलोकन।
- दोपहर 12:00 से 1:00 बजे: राज्य स्तरीय गोपालक सम्मेलन को संबोधित करेंगे।
- दोपहर 1:30 बजे: होटल ताज लेक फ्रंट पहुंचेंगे।
- दोपहर 2:15 से शाम 4:15 बजे: मध्य प्रदेश सरकार और गृह मंत्रालय के बीच लंबित मुद्दों पर चर्चा।
- शाम 4:15 से 5:15 बजे: नारकोटिक्स के मुद्दे पर प्रेस कॉन्फ्रेंस।
- शाम 5:15 बजे: भौंरी स्थित IISER के लिए रवाना होंगे।
- शाम 6:00 से 7:25 बजे: IISER के अत्रि कैंपस का उद्घाटन और कार्यक्रम में सहभागिता।
- शाम 7:25 बजे: स्टेट हैंगर के लिए रवाना होंगे।
सुरक्षा व्यवस्था भी रहेगी कड़ी
अमित शाह के दौरे को देखते हुए भोपाल में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन और पुलिस ने व्यापक इंतजाम किए हैं। उनके कार्यक्रम वाले प्रमुख मार्गों और आयोजन स्थलों पर सुरक्षा बलों की तैनाती रहेगी। कार्यक्रम के दौरान यातायात व्यवस्था को भी सुचारू बनाए रखने के लिए आवश्यक प्रबंध किए गए हैं।
