Anmol Sandesh News Desk, भोपाल।
भोपाल से दिल्ली जा रही Air India की फ्लाइट AI1886 में रविवार सुबह तकनीकी खराबी आने के बाद विमान को जयपुर डायवर्ट करना पड़ा। विमान की जयपुर इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर सुरक्षित इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। राहत की बात यह रही कि विमान में सवार सभी यात्री और क्रू मेंबर्स सुरक्षित हैं।
भोपाल से 8:47 बजे भरी थी उड़ान
जानकारी के मुताबिक, एयर इंडिया की फ्लाइट AI1886 ने 13 सितंबर की सुबह राजा भोज एयरपोर्ट, भोपाल से 8:47 बजे उड़ान भरी। फ्लाइट को दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सुबह करीब 9:55 बजे पहुंचना था। हालांकि, उड़ान के दौरान विमान में तकनीकी समस्या सामने आई। स्थिति को देखते हुए पायलट ने विमान को दिल्ली ले जाने के बजाय जयपुर की ओर डायवर्ट करने का फैसला किया।
9:40 बजे जयपुर एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंडिंग
तकनीकी खराबी के बाद विमान को करीब सुबह 9:40 बजे जयपुर इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतार लिया गया। लैंडिंग के बाद विमान को सुरक्षा मानकों के तहत जांच के लिए भेज दिया गया। घटना के बाद एयरपोर्ट पर ग्राउंड स्टाफ और तकनीकी टीम सक्रिय हो गई। विमान में आई तकनीकी समस्या की जांच की जा रही है। कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में इंजन में खराबी की बात सामने आई है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही होगी।
यात्रियों को दिल्ली पहुंचाने की तैयारी
एयर इंडिया की ओर से कहा गया है कि यात्रियों को हुई असुविधा के लिए खेद है और उन्हें जल्द से जल्द उनके निर्धारित गंतव्य तक पहुंचाने की कोशिश की जा रही है। फिलहाल विमान की तकनीकी जांच जारी है और यह पता लगाया जा रहा है कि उड़ान के दौरान आखिर किस वजह से विमान में खराबी आई।
Air India ने जारी किया बयान
एयर इंडिया ने बताया कि 13 सितंबर को भोपाल से दिल्ली जाने वाली AI1886 फ्लाइट को तकनीकी खराबी के कारण निर्धारित सुरक्षा प्रक्रियाओं के तहत जयपुर डायवर्ट किया गया। विमान जयपुर में सुरक्षित उतर गया और अब सुरक्षा मानकों के अनुसार इसकी विस्तृत जांच की जा रही है।
