Anmol Sandesh News Desk,भोपाल
भोपाल मेट्रो में सफर करने वाले यात्रियों के लिए बड़ी राहत की खबर है। लंबे समय से मेट्रो की धीमी गति और कम फ्रीक्वेंसी को लेकर उठ रहे सवालों के बीच अब जुलाई से मेट्रो संचालन में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। सिग्नलिंग सिस्टम का काम पूरा होने के बाद ट्रेनों की गति बढ़ेगी, फेरे बढ़ाए जाएंगे और यात्रियों का इंतजार भी कम होगा।मेट्रो प्रबंधन ने कमिश्नर मेट्रो रेल सेफ्टी (CMRS) की टीम को अंतिम निरीक्षण के लिए आमंत्रित किया है। उम्मीद जताई जा रही है कि टीम अगले सप्ताह भोपाल पहुंचकर नई व्यवस्थाओं का निरीक्षण करेगी। इससे पहले असिस्टेंट कमिश्नर मेट्रो रेल सेफ्टी की टीम प्रारंभिक निरीक्षण पूरा कर चुकी है।
सुभाष नगर से एम्स तक सिग्नलिंग सिस्टम तैयार
भोपाल मेट्रो के सुभाष नगर से एम्स स्टेशन तक लगभग 7 किलोमीटर लंबे प्रायोरिटी कॉरिडोर पर सिग्नलिंग सिस्टम स्थापित करने का कार्य सफलतापूर्वक पूरा कर लिया गया है। यह सिस्टम मेट्रो संचालन को अधिक सुरक्षित, तेज और व्यवस्थित बनाने में अहम भूमिका निभाएगा।
फिलहाल एक ट्रैक पर चल रही है मेट्रो
वर्तमान में सिग्नलिंग सिस्टम नहीं होने के कारण मेट्रो का संचालन केवल एक ट्रैक पर किया जा रहा है। एक ही ट्रेन दोनों दिशाओं में उसी ट्रैक का उपयोग करती है, जिसके कारण यात्रियों को अगली ट्रेन के लिए अधिक समय तक इंतजार करना पड़ता है। दूसरे ट्रैक का उपयोग नियमित संचालन में नहीं हो पा रहा है।
जुलाई से बदलेगा परिचालन
सिग्नलिंग सिस्टम शुरू होने के बाद दोनों ट्रैक का प्रभावी उपयोग किया जा सकेगा। इससे ट्रेनों की संख्या बढ़ेगी, उनके बीच का अंतराल कम होगा और यात्रियों को अधिक सुविधाजनक एवं तेज सफर का अनुभव मिलेगा। इसके लिए नया परिचालन शेड्यूल भी तैयार किया जा रहा है।मेट्रो अधिकारियों के अनुसार, सुरक्षा मंजूरी मिलने के बाद जुलाई से नई व्यवस्था लागू की जा सकती है, जिससे भोपाल मेट्रो की रफ्तार और सेवा दोनों में बड़ा सुधार देखने को मिलेगा।
