Anmol Sandesh News Desk,लखनऊ
उत्तर प्रदेश की राजनीति में एक बार फिर हलचल तेज हो गई है। यूपी सरकार में कैबिनेट मंत्री और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के अध्यक्ष Om Prakash Rajbhar ने समाजवादी पार्टी को लेकर बड़ा दावा किया है। राजभर ने कहा है कि आने वाले समय में समाजवादी पार्टी में बड़ी टूट देखने को मिल सकती है और पार्टी के कई नेता भारतीय जनता पार्टी में शामिल होने के लिए तैयार बैठे हैं।
ओपी राजभर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए लिखा कि समाजवादी पार्टी में जल्द बड़ी टूट होगी। उन्होंने दावा किया कि Ram Gopal Yadav ने केंद्रीय गृह मंत्री Amit Shah को पत्र सौंपा है। साथ ही उन्होंने खनन घोटाले और गोमती रिवर फ्रंट मामले का जिक्र करते हुए कहा कि इन मामलों में शिकंजा कसने से समाजवादी पार्टी परेशान है।राजभर ने अपने बयान में कहा कि महाराष्ट्र और पश्चिम बंगाल की राजनीति की चर्चा छोड़ दीजिए, पूरी समाजवादी पार्टी भाजपा में शामिल होने के लिए तैयार बैठी है। उनके इस बयान के बाद प्रदेश की राजनीति में नई बहस छिड़ गई है।

सपा ने किया पलटवार
राजभर के दावे पर समाजवादी पार्टी ने भी तीखी प्रतिक्रिया दी है। सपा प्रवक्ता Sunil Sajan ने कहा कि ओपी राजभर अपनी राजनीतिक जमीन बचाने और चर्चा में बने रहने के लिए इस तरह के बयान दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी की बढ़ती लोकप्रियता से भाजपा और उसके सहयोगी दल घबराए हुए हैं।सुनील साजन ने दावा किया कि 2024 के लोकसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी ने भाजपा को बड़ा नुकसान पहुंचाया था और 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा को सत्ता से बाहर करने का काम करेगी। उन्होंने यह भी कहा कि राजभर की पार्टी का एक भी विधायक जीतकर नहीं आएगा।गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 में होने हैं, लेकिन उससे पहले ही राजनीतिक बयानबाजी और आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज हो गया है। ओपी राजभर के इस दावे के बाद प्रदेश की सियासत में नई चर्चाएं शुरू हो गई हैं।
