Anmol Sandesh News Desk,लखनऊ
अहमदाबाद से लखनऊ होते हुए दिल्ली जा रही इंडिगो एयरलाइंस की फ्लाइट में शुक्रवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब विमान के टॉयलेट में एक टिशू पेपर पर बम से उड़ाने की धमकी लिखी मिली। सुरक्षा कारणों को देखते हुए पायलट ने तत्काल एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) को सूचना दी और इमरजेंसी लैंडिंग की अनुमति मांगी।एटीसी की मंजूरी मिलने के बाद इंडिगो की फ्लाइट 6E-2111 को सुबह करीब 11:15 बजे लखनऊ के चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सुरक्षित उतारा गया। विमान में सवार सभी 180 यात्रियों को तत्काल बाहर निकालकर सुरक्षा जांच शुरू की गई।
बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वायड ने की जांच
लैंडिंग के बाद एयरपोर्ट पर सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर आ गईं। बम निरोधक दस्ते, सीआईएसएफ और डॉग स्क्वायड की टीमों ने विमान और यात्रियों के सामान की गहन तलाशी ली।करीब एक घंटे तक चली जांच के दौरान किसी भी प्रकार की संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक सामग्री नहीं मिली। सुरक्षा एजेंसियों से क्लीन चिट मिलने के बाद यात्रियों को दोबारा विमान में बैठाया गया और फ्लाइट दोपहर 2:40 बजे दिल्ली के लिए रवाना हो गई।
इंडिगो ने जारी किया बयान
घटना पर इंडिगो एयरलाइंस के प्रवक्ता ने कहा कि विमान के भीतर संभावित सुरक्षा खतरे की सूचना मिलने के बाद निर्धारित सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन किया गया।एयरलाइन के अनुसार, यात्रियों और चालक दल की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और सभी आवश्यक जांच पूरी होने के बाद ही विमान को आगे की यात्रा की अनुमति दी गई।

एविएशन विभाग को भेजी जाएगी रिपोर्ट
सूत्रों के मुताबिक इस पूरे घटनाक्रम की रिपोर्ट सीआईएसएफ और एयर ट्रैफिक कंट्रोल की ओर से नागरिक उड्डयन विभाग को भेजी जाएगी। जांच एजेंसियां यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि टिशू पेपर पर धमकी भरा संदेश किसने लिखा था।यदि जिम्मेदार व्यक्ति की पहचान होती है तो उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पहले भी मिल चुकी हैं ऐसी धमकियां
लखनऊ एयरपोर्ट पर इससे पहले भी बम की धमकी से जुड़े मामले सामने आ चुके हैं।
- 19 अक्टूबर 2024 को लखनऊ से किशनगढ़ जा रही स्टार एयर की फ्लाइट को बम से उड़ाने की धमकी मिली थी।
- 30 अक्टूबर 2024 को इंडिगो की दिल्ली-लखनऊ और अबूधाबी-लखनऊ उड़ानों को भी धमकी मिली थी।
हालांकि इन सभी मामलों में जांच के दौरान कोई विस्फोटक सामग्री बरामद नहीं हुई थी।

खराब मौसम के कारण तीन उड़ानें डायवर्ट
उधर दिल्ली में खराब मौसम और प्रतिकूल परिस्थितियों के चलते तीन अन्य उड़ानों को भी लखनऊ एयरपोर्ट की ओर डायवर्ट किया गया।
- बैंकॉक-दिल्ली उड़ान (6E1054)
- गुवाहाटी-दिल्ली उड़ान (6E6317)
- नागपुर-दिल्ली उड़ान (6E6573)
एयरपोर्ट प्रशासन के अनुसार, लखनऊ में ठहराव के दौरान यात्रियों और चालक दल को सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं।फिलहाल बम की धमकी वाले संदेश को लेकर जांच जारी है और सुरक्षा एजेंसियां पूरे मामले की पड़ताल कर रही हैं।
