Anmol Sandesh News Desk, रायपुर
छत्तीसगढ़ में मानसून की दस्तक से पहले मौसम ने करवट ले ली है। मौसम विभाग ने प्रदेश के कई हिस्सों में अगले पांच दिनों तक बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं की संभावना जताई है। इसके साथ ही कई जिलों में आकाशीय बिजली गिरने को लेकर भी चेतावनी जारी की गई है।मौसम विभाग के अनुसार 4 जून से प्रदेश में बारिश की गतिविधियां और तेज हो सकती हैं। आज प्रदेश के एक-दो जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार हैं। इस दौरान 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं और मेघगर्जन की स्थिति बन सकती है। 5 और 6 जून को भी मौसम का यही रुख बने रहने की संभावना है।
इन जिलों में बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, कोंडागांव, गरियाबंद, महासमुंद, रायपुर, बलौदाबाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, बेमेतरा, मुंगेली, सरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर जिलों के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश की संभावना जताई है।

पिछले 24 घंटे में ऐसा रहा मौसम
बीते 24 घंटों के दौरान प्रदेश के कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। उत्तर छत्तीसगढ़ के कई क्षेत्रों में मेघगर्जन, वज्रपात और तेज हवाओं का असर भी देखने को मिला। हालांकि अधिकतम तापमान में कोई विशेष बदलाव दर्ज नहीं किया गया।
राजनांदगांव सबसे गर्म, पेंड्रा रोड सबसे ठंडा
तापमान के आंकड़ों के अनुसार राजनांदगांव प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं पेंड्रा रोड सबसे ठंडा रहा, जहां न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।राजधानी रायपुर में दिन का तापमान 40 डिग्री सेल्सियस और रात का तापमान 28 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।
मौसम विभाग की सलाह
मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने, खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने तथा बिजली चमकने के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है। आने वाले दिनों में प्रदेश के कई हिस्सों में प्री-मानसून गतिविधियां और तेज हो सकती हैं।
