Anmol Sandesh News Desk, भोपाल
मध्य प्रदेश में मानसून से पहले प्री-मानसून गतिविधियां तेज हो गई हैं। प्रदेश के कई जिलों में आंधी और बारिश का दौर जारी है, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली है। बुधवार को प्रदेश के 11 जिलों में बारिश दर्ज की गई, जबकि कई इलाकों में तेज हवाएं और धूलभरी आंधी भी चली।
11 जिलों में बारिश, उज्जैन में धूलभरी आंधी
मौसम विभाग के अनुसार श्योपुर, मुरैना, आगर मालवा, उज्जैन, इंदौर, खंडवा, छिंदवाड़ा, अशोकनगर, सीहोर, शहडोल और सिंगरौली जिलों में बारिश हुई। वहीं उज्जैन में धूलभरी आंधी ने लोगों को परेशान किया।
तापमान में आई गिरावट
लगातार हो रही बारिश के कारण प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में तापमान सामान्य से नीचे दर्ज किया गया। इंदौर, उज्जैन, चंबल, रीवा, जबलपुर, शहडोल और सागर संभागों के जिलों में बारिश के चलते अधिकतम तापमान में कमी आई। सभी संभागों में तापमान सामान्य से 1.6 से 2.6 डिग्री सेल्सियस तक कम दर्ज किया गया।

महिदपुर में सबसे ज्यादा बारिश
पिछले 24 घंटों में उज्जैन जिले के महिदपुर में सर्वाधिक 30 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा कुसुमी में 20 मिमी, नलखेड़ा में 19 मिमी, बरहाई में 16.8 मिमी और चितरंगी में 16.3 मिमी वर्षा दर्ज की गई।
इंदौर बना प्रदेश का सबसे ठंडा शहर
बारिश के असर से इंदौर प्रदेश का सबसे ठंडा शहर रहा, जहां न्यूनतम तापमान 18.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। पचमढ़ी में 19.8 डिग्री, शिवपुरी में 22 डिग्री, दमोह में 23 डिग्री और कटनी जिले के करौंदी में 23.1 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज हुआ।वहीं खंडवा प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 40.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। इसके अलावा खजुराहो में 40 डिग्री, विदिशा में 39.8 डिग्री और नौगांव में 39.5 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज हुआ।
अगले 4 दिन जारी रहेगा आंधी-बारिश का दौर
मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में अगले चार दिनों तक मौसम का मिजाज ऐसा ही बना रहेगा। अधिकतम और न्यूनतम तापमान में विशेष बदलाव की संभावना नहीं है।अगले 24 घंटों के दौरान भोपाल, इंदौर, उज्जैन, छतरपुर, टीकमगढ़, खंडवा, खरगोन, बड़वानी, शिवपुरी, गुना समेत करीब 40 जिलों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। इसके साथ ही गरज-चमक और बारिश की संभावना भी जताई गई है।मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और बिजली गिरने की आशंका वाले क्षेत्रों से दूर रहने की सलाह दी है।
